पति को प्रेमिका के साथ देख भड़की पत्नी, बीच सड़क पर डंडों से दोनों की जमकर की पिटाई
फतेहपुर में पति को प्रेमिका के साथ देख पत्नी ने परिजनों को बुला लिया। इसके बाद दोनों को बेरहमी से पीट दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिलाएं बेरहमी से लाठी और डंडे बरसातें दिख रही हैं।

UP News: यूपी के फतेहपुर में युवक और युवती के बीच लंबे समय से चल रहे प्रेम प्रसंग का शुक्रवार को भंडाफोड़ हो गया। पति को प्रेमिका के साथ देख पत्नी ने परिजनों को बुला लिया। इसके बाद दोनों को बेरहमी से पीटा गया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो बिंदकी के एक गांव का है। 36 सेकंड के इस वीडियो में प्रेमिका बीच मैदान में बेसुध पड़ी है। उस पर महिलाएं बेरहमी से लाठी और डंडे बरसा रही हैं, जबकि एक युवक उसे बचाने की कोशिश कर रहा है। इसी दौरान कुछ लोग प्रेमी को पीटने के बाद टांग कर लाते दिख रहे हैं। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में प्रेमी और प्रेमिका दोनों ही लगभग बेहोशी की हालत में दिख रहे हैं। आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण नजर आ रहे हैं। कुछ के हाथ में डंडे हैं और वह मौका देख महिला को मार रही हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब दो वर्षों से संबंध थे। इसकी जानकारी युवक की पत्नी और बच्चों को हो गई थी। इसके बाद परिवार के लोग दोनों के मिलने-जुलने का विरोध कर रहे थे। शुक्रवार शाम दोनों के एक साथ मिलने की सूचना पर परिजनों ने महिला और युवक की जमकर पिटाई कर दी। घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। कोतवाल राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रेमिका संग मिले पति को पत्नी ने परिजनों के साथ पीटा
उधर, उरई छेड़खानी के मुकदमे में जमानत पर छूटे युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसने यमुना में कूदने की बात कही है। वीडियो का पता चलते ही पुलिस में हड़कंप मचा है। लापता युवक की खोजबीन में पुलिस ने तीन टीमें गठित कर दी हैं। वायरल वीडियो में युवक कह रहा है कि एक महिला ने मुझे इशारे से बुलाया और फिर थप्पड़ मारे। छेड़छाड़ का मुकदमा भी लिखा दिया। मुकदमा खत्म करने के नाम पर दरोगा 8 लाख रुपये मांग रहा है... मैं यमुना में कूद जान देने जा रहा हूं। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि भी लाइव हिन्दुस्तान नहीं करता है।
वायरल वीडियो में युवक ने यह भी कहा कि न ही उस पर कोई कर्ज है और न ही कोई लड़की का चक्कर है। मेरी बहन की शादी होने वाली है और मुझे बदनाम कर दिया गया है। युवक वायरल वीडियो में बोल रहा है कि मैं अपने दोस्त के साथ बाइक से जा रहा । तभी महिला ने इशारे से बुलाया। मैंने कहा- हां, भाभी क्या बात है। इतना कहते ही महिला ने मुझे मारना शुरू कर दिया, ज़ब हम पुलिस को तहरीर देने गए तो दरोगा व महिला ने मिल कर मेरे साथ मारपीट कर दी और मेरा चालान कर दिया। दरोगा ने मामला खत्म करने के एवज में आठ लाख रुपये की मांग की।




साइन इन