परछावन के समय प्रेमी के घर पहुंचकर गर्लफ्रेंड ने काटा हंगामा, पुलिस को रुकवानी पड़ी बारात
गोरखपुर में परछावन के समय एक युवती ने पुलिस के साथ पहुंचकर अपने प्रेमी की बारात रुकवा दी। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर दो साल तक उसका शोषण किया और अब दूसरी जगह विवाह करने जा रहा है। उधर, इस घटना से क्षेत्र से हड़कंप मच गया।

UP News: यूपी के गोरखपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां खजनी थाना क्षेत्र के छपिया गांव में रविवार को परछावन के समय एक युवती ने पुलिस के साथ पहुंचकर अपने प्रेमी की बारात रुकवा दी। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर दो साल तक उसका शोषण किया और अब दूसरी जगह विवाह करने जा रहा है। उधर, इस घटना से क्षेत्र से हड़कंप मच गया।
छपिया के रहने वाले रामभागवत यादव का बेटा विपिन कुमार यादव पीएसी में कांस्टेबल है। करीब दो वर्ष पूर्व उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद आरोपी का लखनऊ में बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत एक युवती से संबंध हो गया। युवती आजमगढ़ की रहने वाली बताई जा रही है। आरोप है कि पीएसी जवान प्रेमिका को छोड़कर पीपीगंज थाना क्षेत्र के भप्सा (जसवल बाजार) की रहने वाली एक अन्य युवती से विवाह तय कर लिया था। रविवार को उसकी बारात निकलने की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान परछावन की रस्म के समय प्रेमिका पुलिस के साथ उसके घर पहुंच गई और हंगामा करते हुए बारात रुकवा दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह ने बताया कि युवती ने आरोपी के खिलाफ लखनऊ के गोमती नगर थाने में पहले ही मुकदमा दर्ज कराया है। उसी के आधार पर लखनऊ पुलिस टीम खजनी पहुंची थी। खजनी पुलिस के सहयोग से छपिया गांव में दबिश दी गई, लेकिन मौके पर आरोपी या परिवार का कोई जिम्मेदार सदस्य नहीं मिला।
शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध
उधर, अमरोहा के डिडौली क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग का मामला उस समय तूल पकड़ गया, जब युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगाया। एक गांव निवासी किसान की बेटी का उसी गांव के एक युवक से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए लेकिन जब उसने शादी की बात कही तो युवक अपने वादे से मुकर गया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को युवक ने युवती का फोन उठाना बंद कर दिया। इस पर युवती सीधे उसके घर पहुंच गई और शादी की जिद पर अड़ गई। युवती को घर पर देख युवक मौके से फरार हो गया। इसके बाद युवती थाने पहुंची और युवक के खिलाफ तहरीर दे दी।
मामले की जानकारी मिलने पर गांव में पंचायत बैठी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया। पंचायत के फैसले के बाद दोनों का गांव में ही निकाह करा दिया गया। निकाह के बाद युवती दुल्हन बनकर अपने ससुराल चली गई। वहीं दोनों पक्षों ने बाद में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बालियान ने मामला जानकारी में होने से इनकार किया है।




साइन इन