ठेकेदार के मैनेजर के सुसाइड केस में पत्नी गिरफ्तार, साले की तलाश; 3 टुकड़ों में मिली थी लाश
49 वर्षीय राजीव कुमार मिश्र लाला की सराय मोहल्ले में पत्नी सविता और 12 वर्षीय बेटी के साथ रहते थे। वह एमईएस के ठेकेदार नंदन मिश्र के यहां मैनेजर थे। 12 अप्रैल की शाम पत्नी सविता और साले दारागंज निवासी प्रभाकर दुबे से झगड़े के बाद वह घर से निकल गायब हो गए थे।

UP News : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एमईएस के ठेकेदार के मैनेजर राजीव कुमार मिश्र की आत्महत्या के मामले में उनकी पत्नी को जेल भेज दिया गया। मामले के दूसरे आरोपी मैनेजर के साले की तलाश की जा रही है। वह घटना के बाद से ही फरार है। दोनों आरोपियों के खिलाफ ठेकेदार के सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
मूल रूप से बहरिया थानाक्षेत्र में सिकंदरा के रहने वाले 49 वर्षीय राजीव कुमार मिश्र पुत्र राजेंद्र मिश्र शिवकुटी के लाला की सराय मोहल्ले में पत्नी सविता और 12 वर्षीय बेटी के साथ रहते थे। वह एमईएस के ठेकेदार नंदन मिश्र के यहां मैनेजर थे। 12 अप्रैल की शाम पत्नी सविता और साले दारागंज निवासी प्रभाकर दुबे से विवाद के बाद वह घर से निकल गायब हो गए थे। परिजन उनकी तलाश में जुटे थे। रात लगभग 11 बजे उनका तीन टुकड़ों में कटा शव फाफामऊ रेलवे पुल पर पाया गया। राजीव के घरवालों ने सम्पत्ति के लिए उनकी पत्नी और साले पर हत्या का आरोप लगाते हुए शिवकुटी थाने में तहरीर दी थी।
पुलिस जांच में जुटी थी तभी उसे राजीव कुमार के कपड़ों से सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने पत्नी और साले पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की बात लिखी थी। सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सविता मिश्र को गिरफ्तार कर लिया। उसका भाई प्रभाकर दुबे फरार है।
सविता मिश्रा राजीव कुमार की दूसरी पत्नी है। पहली पत्नी के निधन के बाद उन्होंने 2009 में सविता से शादी की थी। पहली पत्नी से दो बेटे आकाश और छोटू हैं। सविता से एक बेटी काव्या है। प्रभारी निरीक्षक शिवकुटी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सविता मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।




साइन इन