Why did you lie Posing as an MBBS-MS graduate young man got married only turn out be merely 10th grade pass तुमने झूठ क्यों बोला; खुद को MBBS-MS बताकर युवक ने की शादी, दसवीं पास निकला दूल्हा, 11 लोगों पर केस, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

तुमने झूठ क्यों बोला; खुद को MBBS-MS बताकर युवक ने की शादी, दसवीं पास निकला दूल्हा, 11 लोगों पर केस

यूपी के मुरादाबाद में मेट्रीमोनियल साइट से दूल्हा ढूंढकर शादी करना महंगा पड़ गया। युवक ने खुद को डॉक्टर बताकर युवती से महंगी शादी कर ली। शादी के बाद जब युवती दुल्हन बनकर ससुराल पहुंची तो दूल्हे की पोल खुल गई। वह दसवीं पास था।

Sat, 23 May 2026 09:10 PMDinesh Rathour मुरादाबाद, वरिष्ठ संवाददाता
share
तुमने झूठ क्यों बोला; खुद को MBBS-MS बताकर युवक ने की शादी, दसवीं पास निकला दूल्हा, 11 लोगों पर केस

Moradabad News: एक दसवीं पास युवक ने खुद को एम्स ऋषिकेश में एमबीबीएस-एमएस बताकर युवती व परिजनों की आंखों में धूल झोंककर शादी कर ली। शादी के चंद दिनों बाद ही नई नवेली दुल्हन को पता चला कि जिससे चिकित्सक समझकर शादी की है असल में वह दसवीं पास है। हक्के-बक्के परिजनों ने आरोपी और परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मेट्रीमोनियल साइट के माध्यम से बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के प्रभातनगर निवासी युवक से उसकी शादी के संबंध में बात हुई थी। उसने खुद को एम्स ऋषिकेश में एमबीबीएस/एमएस डॉक्टर बताया।

पीड़िता के अनुसार उसके पिता जब उस युवक से मिलने उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित एम्स में गए तो वह अपने ही नाम के एक डॉक्टर की नेम प्लेट लगी एप्रेन पहन कर मिलने आया। इससे पीड़िता के पिता झांसे में आ गए और उन्हें लगा कि युवक डॉक्टर ही है। इसके बाद पीड़िता के पिता और अन्य परिजन युवक के घर बरेली में रिश्ता तय करने गए। वहां युवक, उसके माता-पिता, भाई, मौसी, मामा, मामी, बहन, जीजा और मौसा ने एक राय होकर झूठ बोला कि युवक एमबीबीएस/एमएस की पढ़ाई करने के बाद एम्स में डॉक्टर है। बीते 21 अप्रैल को शादी करके युवती युवक के घर पहुंची तो पता चला कि युवक केवल दसवीं पास है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गे डेटिंग ऐप से युवकों को फंसाते, अश्लील वीडियो बनाते; ब्लैकमेल कर लाखों वसूलते
ये भी पढ़ें:आईना पहले खुद देखो, फिर दिखाया करो; एके शर्मा का बिजली कटौती पर अखिलेश को जवाब
ये भी पढ़ें:3200 करोड़ के अवैध लेनदेन का मास्टरमाइंड फिरोज गिरफ्तार, अफसरों से मिलीभगत कबूली

युवक के परिजनों ने भी किया था दावा, दिखाईं फर्जी डिग्रियां

आरोप है कि सभी ने युवक की फर्जी डिग्रियां भी दिखाईं। जिसके बाद पीड़िता के पिता और परिजनों को विश्वास हो गया कि युवक डॉक्टर ही है। शादी में करीब 13 लाख रुपये खर्च किये गए। पीड़िता के अनुसार बीते 9 मई को उसे पता चला कि उसके साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है। खुद को डॉक्टर बताने वाला उसका पति डॉक्टर नहीं है। वह केवल दसवीं पास है। पीड़िता के अनुसार उसने पति से कहा कि तुमने झूठ क्यों बोला तो वह गाली गलौज कर मारपीट करने लगा। आरोप है कि उसने पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया, जिसके बाद पीड़िता किसी तरह वहां से अपने मायके पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर बरेली निवासी आरोपी युवक, उसके माता-पिता, भाई-बहन समेत 11 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, धमकी देने और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।