क्यों भड़के योगी के मंत्री एके शर्मा? जेई, एसडीओ और एक्सईन पर लिया तगड़ा ऐक्शन
योगी सरकार में मंत्री एके शर्मा ने गाजीपुर में जेई, एसडीओ और एक्सईन पर तगड़ा ऐक्शन लिया। जेई को सस्पेंड कर दिया गया। अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार और एसडीओ मनोज वर्मा को चार्जशीट दी गई है।

UP News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा गाजीपुर में लटके तार देख कर भड़क गए। इसके बाद जेई, एसडीओ और एक्सईएन पर तगड़ा ऐक्शन लिया। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी शंभु कुमार के निर्देश पर गाजीपुर के जंगीगंज डिविजन के मेहरोर उपकेंद्र के जेई धर्मेंद्र पाल को बुधवार को सस्पेंड कर दिया गया। अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार और एसडीओ मनोज वर्मा को चार्जशीट दी गई है। यह कार्रवाई नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा आदेश पर की गई। वाराणसी जोन द्वितीय के मुख्य अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि जेई का सस्पेंशन कर दिया गया। उनकी जगह शीघ्र दूसरे जेई की तैनाती की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, ऊर्जा मंत्री बुधवार को बलिया जा रहे थे। इस बीच उन्होंने महड़ौर मार्ग पर अपना काफिला रुकवा लिया और एक गांव में पहुंचकर बिजली व्यवस्था का निरीक्षण करने लगे। उन्हें कई जगहों पर खतरनाक तरीके से बिजली के तार लटके मिले। इस पर उन्होंने बिजली अधिकारियों को फटकार लगाई। नाराज मंत्री ने मौके से ही पूर्वांचल डिस्कॉम के एमडी शंभु कुमार से बात कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। एमडी ने तत्काल वाराणसी जोन द्वितीय के मुख्य अभियंता अनिल वर्मा को लापरवाह अफसरों पर तत्काल ऐक्शन लिया। वहीं गाजीपुर के कासिमाबाद में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का बुधवार को कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उर्जा मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कासिमाबाद आकर अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जो भी बिजली की व्यवस्था है, उसमें तत्काल सुधार कराया जाएगा।
1912 पर आने वाली शिकायतों का उसी दिन हो समाधान - डॉ. आशीष गोयल
उधर, यूपी पॉवर कॉरपोरेशन अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने 1912 पर आने वाली शिकायतों के उसी दिन समाधान करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर के ऐसे उपभोक्ता जिनका कनेक्शन निगेटिव बैलेंस के कारण स्वतः कट गया और उन्होंने पैसा जमा कर दिया फिर भी उनका कनेक्शन नहीं जुड़ा या दूसरी कोई समस्या हो तो उसे फौरन हल करवाया जाए।
डॉ. गोयल ने निर्देश दिए हैं कि शिकायतों के निपटारे की निगरानी के लिए डिस्कॉम में एक सेल बनाएं। रीचार्ज के बाद तत्काल कनेक्शन जुड़ने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। 1912 की समीक्षा प्रत्येक 15 मिनट पर टास्क फोर्स द्वारा होनी चाहिए। उन्होंने ऐसे स्थानों पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने को प्राथमिकता देने की मांग की, जहां बिल समय से जमा नहीं हो रहे हैं। उन्होंने गर्मी के मद्देनजर मरम्मत का काम जल्द से जल्द करवाने के निर्देश दिए हैं। डॉ. गोयल ने अभियंताओं को ताकीद की है कि ट्रांसफॉर्मर फुंकेंगे तो कार्रवाई होगी।




साइन इन