खेतिहर मजदूर को जिले की कमान, कौन हैं रामशकल जिसे मोदी की काशी में भाजपा ने बनाया जिलाध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को पांच जिलों में जिलाध्यक्षों का ऐलान कर दिया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी भी शामिल है। यहां से भाजपा ने खेतिहर मजदूर रामशकल पटेल को जिले की कमान सौंपी है।

भाजपा हाईकमान ने जिलाध्यक्ष की कमान खेतिहर-मजदूर रामशकल पटेल को सौंपी है। गुरुवार को उनके नाम की घोषणा होते ही सारी अटकलों पर विराम लग गया। वह करीब तीन दशक से पार्टी में सक्रिय हैं। उन्हें जब जानकारी हुई तो वह अपने खेत में काम कर रहे थे। कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि अंतिम पायदान के कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया।
सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र में मेहंदीगंज गांव निवासी रामशकल पटेल ने वर्ष 1993 में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। 1996 में गंगापुर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी और वर्ष 2004 में जिला कार्यसमिति के सदस्य रहे। उन्होंने एमए (राजनीतिशास्त्र) की डिग्री हासिल की है। वह भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष भी रहे। वर्ष 2009 और वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव में उन्हें सेवापुरी चुनाव कार्यालय प्रभारी बनाया गया था।
रामशकल 2015 में किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य रहे। वर्ष 2021 में सेवापुरी मंडल प्रभारी बनाए गए। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने बताया कि करीब चार दिन पहले दिल्ली से उनके बारे में जानकारी मांगी गई थी। अंदाजा नहीं था कि पार्टी हाईकमान उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपेगा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा, शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी आदि ने बधाई दी।
भाजपा ने वाराणसी सहित पांच जिलाध्यक्ष घोषित किए
भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के पांच जिलों के जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने गुरुवार को इनके नामों का ऐलान कर दिया। इसी के साथ भाजपा के प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में अध्यक्ष घोषित किए जा चुके हैं। पार्टी ने जिलाध्यक्ष चयन में ओबीसी को प्राथमिकता दी है। दो जिलों में कुर्मी जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। एक क्षत्रिय, एक वैश्य और एक दलित को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी जिला और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र गोरखपुर महानगर के अध्यक्ष भी शामिल हैं।
वाराणसी के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा पहले एमएलसी और हाल ही में राज्यमंत्री बन गए थे। उनके स्थान पर रामशकल पटेल वाराणसी के नए जिलाध्यक्ष होंगे। गोरखपुर महानगर में रमेश प्रसाद गुप्ता को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
दूसरी तरफ देवरिया में जिलाध्यक्ष पद के लिए दलित वर्ग से आने वाले पूर्व विधायक काली प्रसाद को चुना है। इसके अलावा पार्टी ने अंबेडकर नगर में दिलीप देव पटेल को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है। वहीं चंदौली में काशीनाथ सिंह को जिलाध्यक्ष घोषित किया है। वह पहले भी अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्टी ने सपा के पीडीए के जवाब में इन नामों को प्राथमिकता दी है।




साइन इन