प्लेटफार्म पर कहां ट्रेन का इंतजार करना होगा सही? NER ने आपकी सुविधा के लिए बनाया ये सिस्टम
NER के महाप्रबंधक ने तीनों मण्डलों को निर्देश जारी किया है कि कोच गाइडेंस सिस्टम पर कोच की स्थिति समय से डिस्प्ले करें ताकि यात्री समय रहते अपने कोच के सामने पहुंच जाएं। अभी मैनुअल फीडिंग और महज 5 से 10 मिनट पहले डिस्पले से यात्रियों को असुविधा होती है।

UP News: बहुत से लोगों के लिए ट्रेन से यात्रा आज भी पहली पसंद है। ट्रेन में कंफर्म सीट मिल जाए तो यात्रा वाले दिन समय पर रेलवे स्टेशन पहुंचना और अपनी ट्रेन के निर्धारित प्लेटफार्म पर पहुंचना होगा है। अब यदि आपकी ट्रेन किसी और स्टेशन से आ रही है और इसके पहुंचने में कुछ समय बाकी है तो प्लेटफार्म पर कहां खड़े रहकर या बैठकर इंतजार किया जाए ये एक सवाल रहता है। अपना कोच कहां आएगा? यह पता न होने के चलते आए दिन प्लेटफार्म पर बोगियों को खोजने की मशक्कत और गलत जानकारी की वजह से दौड़ लगाने की परेशानी होती है।
इस परेशानी से अब मुक्ति मिलने वाली है। यात्रियों को अब ट्रेन आने के आधा घंटे पहले ही पता चल जाएगा कि प्लेटफार्म पर उनका कोच कहां लगेगा। यह जानकारी होने से आप प्लेटफार्म पर सही जगह मौजूद रहकर अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे। इस संबंध में महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने तीनों मण्डलों को निर्देश जारी किया है। कहा है कि कोच गाइडेंस सिस्टम पर कोच की स्थिति समय से डिस्प्ले करें ताकि यात्री समय रहते अपने कोच के सामने पहुंच जाएं। वर्तमान में मैनुअल फीडिंग और महज 5 से 10 मिनट पहले डिस्पले से यात्रियों को असुविधा होती है। कोच गाइडेंस सिस्टम पर कोच की स्थिति समय से डिस्प्ले किए जाने से यात्रियों को काफी सुविधा हो जाएगी। उन्हें प्लेटफार्म हड़बड़ी नहीं दिखानी होगी।
गोरखपुर जंक्शन के सभी प्लेटफार्म पर लगे कोच गाइडेंस सिस्टम (सीजीएस) को नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी गई है। प्रयोग के तौर पर प्लेटफार्म नम्बर एक पर लगे कोच गाइडेंस सिस्टम को एनटीईएस से जोड़ दिया गया है। बाकी प्लेटफार्म के लिए अपडेटेड डिस्प्ले सिस्टम मंगाया जा रहा है। इससे सभी बोगियों की सही लोकेशन तो मिलेगी ही साथ ही पर्याप्त समय पहले ही डिस्प्ले सुनिश्चित हो सकेगा।
दरअसल, कोच गाइडेंस सिस्टम में मैनुअल फीडिंग से आए दिन प्लेटफार्मों पर बोगियों को खोजने में यात्री परेशान होते हैं। पिछले सप्ताह यशवंतपुर जाने वाली ट्रेन प्लेटफार्म नम्बर 9 पर लगने वाली थी। कोच डिस्प्ले बोर्ड पर जैसे ही बोगियों की लोकेशन फ्लैश हुई, यात्री सामान लेकर अपने कोच के सामने जाने लगे।
ट्रेन आने पर स्लीपर की जगह थर्ड एसी व जनरल की जगह सेकंड एसी दिखाने लगा। इसके चलते यात्री काफी परेशान हुए। सिस्टम बदलने के बाद मैनुअल फीडिंग बंद होगी। ट्रेन के कोच का लोकेशन डिस्प्ले पर खुद आ जाएगा।




साइन इन