यूपी में एक और पानी की टंकी गिरकर धराशायी, आठ महीने पहले ही शुरू हुई थी पेयजल आपूर्ति
सिद्धार्थनगर के बाद अब बरेली में पानी की टंकी गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। तीन करोड़ की लागत से पानी की टंकी के गिरने से पांच लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। सोमवार शाम घटी इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

Bareilly News: यूपी में सिद्धार्थनगर के बाद अब बरेली में पानी की टंकी गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। तीन करोड़ की लागत से पानी की टंकी के गिरने से पांच लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। सोमवार शाम घटी इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2022 में 3.62 करोड़ की लागत से इस टंकी का निर्माण शुरू हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि आठ महीने पहले ही टंकी से पेयजल आपूर्ति शुरू हुई थी। ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री प्रयोग करने का आरोप जड़ा है। मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण में दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर कार्यदायी संस्था और कांट्रैक्टर के विरुद्ध एसडीएम ने कार्रवाई की संस्तुति की है।
जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने के लिए चार साल पहले सरदारनगर गांव में टंकी का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार लगभग आठ महीने पहले पानी की सप्लाई शुरू हुई थी। हालांकि कार्यदायी संस्था का दावा है कि पानी की सप्लाई लगभग एक साल पहले शुरू की गई थी। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे टंकी अचानक से भरभराकर कर गिर गई। टंकी के समीप ताश खेल रहे 45 वर्षीय वीरपाल, 48 वर्षीय रविंद्र, 35 वर्षीय डोरीलाल, 40 वर्षीय अर्जुन कश्यप और 50 वर्षीय वेदपाल मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। लखपति अंसारी के भी चोटिल होने की सूचना है।
हादसे के बाद ग्रामीणों की लगी भीड़
टंकी गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। लोगों ने मलबे से घायलों को निकालना शुरू किया। सूचना पर एडीएम ई पूर्णिमा सिंह, एसडीएम विदुषी सिंह, सीओ नितिन कुमार, जल जीवन मिशन एक्सईएन कुमकुम गंगवार, तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा, बीडीओ आलमपुर हर्षेंदर कुमार आदि मौके पर पहुंच गए। जेसीबी की मदद से मलबे को हटवाया गया। वेदपाल को हल्की चोटें थी। इस लिए उन्हें अस्पताल भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ी। शेष घायलों को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। मलबे की चपेट में आकर दो गाय भी घायल हो गईं। देर रात तक मलबे में घायलों की तलाश जारी रही कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति तो मलबे में नही दबा है। देर रात तक पुलिस प्रशासन के अधिकारी घायलों का हालचाल और इलाज की खातिर अस्पताल में जुटे रहे।
टंकी गिरने पर सीएम सख्त, कार्रवाई के निर्देश
टंकी गिरने की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख दिखाया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने तत्काल जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई का आदेश दिया है। बता दें कि बरेली में जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। दिशा की बैठक में लगभग हर बार जनप्रतिनिधि जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान उठाते रहे हैं। बीते दिनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बरेली में समीक्षा बैठक के दौरान जल जीवन मिशन के कार्यों के सत्यापन का निर्देश दिया था। इससे पहले फरीदपुर में ग्राम पंचायत के दौरान भी उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों पर कठोर टिप्पणी करते हुए जांच के निर्देश दिए थे।




साइन इन