जमीन पर गिरने के बाद सिर में मारी गोली, लखनऊ प्रापर्टी डीलर हत्याकांड का VIDEO आया सामने
राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े और सरेराह प्रापर्टी डीलर को गोलियों से भूनने की दुस्साहसिक वारदात का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि एक गोली पीछे से मारने के बाद दूसरी पेट में मारी गई। प्रापर्टी डीलर के गिरने के बाद भी तीसरी गोली सिर में मार दी गई।

लखनऊ में बुधवार को दिनदहाड़े प्रापर्टी डीलर संदीप सिंह (45) को गोलियों से भून दिया गया। पीजीआई इलाके में सरेराह बाइक सवार बदमाशों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। दुस्साहसिक वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। इसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि प्रापर्टी डीलर के कार से उतरकर अपने ऑफिस जाने के दौरान एक बदमाश ललकारते और गोली चलाते हुए हुए उनके पीछे आता है। एक के बाद एक दो गोलियां लगने से प्रापर्टी डीलर जमीन पर गिर जाता है। उसके गिरने के बाद भी हमलाकर तीसरी गोली उसके सिर में मारता है और अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो जाता है। सीसीटीवी फुटेज से साफ है कि वारदात में किसी तमंचे या कट्टा की जगह पिस्टल या रिवाल्वर का इस्तेमाल किया गया है।
रायबरेली रोड पर कल्ली पश्चिम पुलिस चौकी के पास बुधवार की दोपहर वारदात को अंजाम दिया गया। संदीप सिंह मूल रूप से जौनपुर के सिकरारा टिकारी गांव के रहने वाले थे। यहां पत्नी प्रीति, बेटी सीवी और बेटे सार्थक के साथ वृंदावन कालोनी में किराए पर रहते थे। कल्ली पश्चिम पुलिस चौकी के पास मार्केट में उनका आफिस है।
बुधवार दोपहर वह कार से अपने चालक के साथ ऑफिस पहुंचे थे। सफेद कुर्ता पायजामा पहने संदीप सिंह मार्केट के सामने कार से उतरते हैं और फोन पर किसी से बात करते हुए आफिस की तरफ जाने लगते हैं। इसी दौरान बाइक से दो नकाबपोश बदमाश पहुंचते हैं। पीछे बैठा बदमाश बाइक से उतरकर संदीप के पीछे दौड़ते हुए आता है और गोली चला देता है। गोली संदीप के गले के पास से छूते हुए निकलती है। संदीप पीछे मुड़कर देखते हैं। तब तक बदमाश दूसरी गोली उनके पेट में मार देता है। पेट में गोली लगते ही संदीप जमीन पर गिर जाते हैं।
संदीप के गिरने के बाद भी दुस्साहसिक बदमाश तीसरी गोली उनके सिर में मारता है। इसके बाद अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो जाता है। सरेराह हुई घटना से सनसनी फैल जाती है। सबसे पहले संदीप का ड्राइवर शोर मचाते हुए जमीन पर तड़प रहे संदीप को उठाने की कोशिश करता है। अन्य लोगों की मदद से तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर भागता है। अस्पताल में डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार संदीप को एक गोली गले के पास से छूते हुए निकल गई थी। एक पेट लगी और तीसरी सिर को छूते निकली थी। पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की तो पूरी दुस्साहसिक वारदात उसमें कैद दिखाई दी।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद के अनुसार पुलिस की पांच टीमें बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। हत्याकांड के खुलासे के लिए रुपयों, प्रापर्टी के विवाद और कई अन्य बिंदुओं पर तफ्तीश की जा रही है। संदीप की पत्नी ने उनके एक साथी पर दबी जुबान आरोप लगाया है। उस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।
पूर्वांचल और लखनऊ से जुड़े कई शूटर निशाने पर
बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड में पुलिस के निशाने पर पूर्वांचल और लखनऊ से जुड़े कई शूटर, प्रॉपर्टी डीलर और दलाल पुलिस के निशाने पर हैं। संदीप सिंह की काल डिटेल्स के आधार पर पुलिस उनका ब्योरा जुटा रही है। बदमाशों ने 10 सेकेंड के अंदर बिल्डर संदीप को तीन गोलियां मारी और फरार हो गए। संदीप जिंदा न बचे इसकी बदमाशों ने पूरी कोशिश की और सटीक जगह गोली मारी। वायरल वीडियो से पुलिस को आशंका है कि शूटर पेशेवर थे। पुलिस अधिकारियों ने फुटेज के आधार पर जौनपुर पुलिस से भी संपर्क साधा है।
पुलिस ने वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर प्रापर्टी डीलर, दलालों समेत कई संदिग्धों को उठाया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। हत्याकांड में लखनऊ और पूर्वांचल से जुड़े कई प्रापर्टी डीलर, बिल्डर और दलाल पुलिस के निशाने पर हैं। इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्वांचल और लखनऊ कनेक्शन के अलावा दोनों जगहों से जुड़े करीबी प्रापर्टी डीलर व दलालों का ब्योरा खंगाला जा रहा है। जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी की जाएगी।
बिना नंबर की बाइक से थे बदमाश, तैयार किया रूट चार्ट
बिल्डर संदीप की हत्या करने वाले बदमाश बिना नंबर की बाइक से थे। पुलिस बदमाशों का रूट चार्ट तैयार कर रही है। हत्या के बाद बदमाश रायबरेली रोड की ओर भागे थे। बदमाश कई अन्य जगह भी जाते दिखे हैं पर उन्होंने अपना गमछा और हेलमेट कहीं नहीं उतारा। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद की क्राइम टीम और समेत सर्विलांस की टीमें अन्य रूटों पर लगे कैमरे खंगाल रही है।
काकोरी के प्रापर्टी डीलर पर आरोप
बिल्डर संदीप की मोहनलालगंज में प्लाटिंग की साइट चल रही है। इसके अलावा कई अन्य क्षेत्रों में भी उनका कुछ लोगों के साथ पार्टनरशिप में प्रापर्टी का काम है। वहीं, संदीप के परिवारीजनों ने काकोरी के एक प्रापर्टी डीलर आरोप लगाया है। कुछ दिन पूर्व उस प्रापर्टी डीलर से संदीप का रुपयों और जमीन को लेकर विवाद भी हुआ था। घरवालों के आरोप के आधार पर पुलिस उस बिंदु पर भी जांच कर रही है।




साइन इन