VIDEO: अब लखनऊ में बिजली टीम पर हमला, जेई को गिराकर पीटा, बेलचा से मारा, कुत्ते से कटवाया
राजधानी लखनऊ में बिजली चोरी रोकने पहुंची टीम पर बेहद खौफनाक तरीके से हमला किया गया है। जेई को गिराकर पीटा गया और बेलचा से मारा गया। उस पर कुत्ता भी छोड़ दिया गया।

UP News: यूपी में बिजली चोरी रोकने के लिए अधिकारियों ने घर-घर अभियान चलाने का आदेश दिया है। भीषण गर्मी में कटौती से जूझ रहे लोगों के घर पहुंचना बिजली विभाग के इंजीनियरों और कर्मचारियों को भारी पड़ रहा है। बलरामपुर में बवाल के बाद अब लखनऊ में दो स्थानों पर बिजली विभाग की टीम पर हमला हुआ है। सबसे भयावह घटना जानकीपुरम जोन के अंतर्गत नहर रोड इलाके में हुई। यहां बिजली चोरी की पुख्ता सूचना मिलने पर पहुंचे जूनियर इंजीनियर (रेड) अशोक कुमार को गिराकर पीटा गया। उन्हें बेलचा से मारा गया। उन्हें पालतू कुत्ते से कटवाया गया। इससे जूनियर इंजीनियर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। पूरे घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वहीं चौपटिया के तंबाकू मंडी में भी बिजली चोरी पकड़ने पर चेकिंग टीम को घेर लिया। उग्र भीड़ ने संविदाकर्मियों को लात-घुसों से मारा पीटा। बवाल बढ़ने पर कई कर्मचारी भाग गये। जानकीपुरम जोन के अंतर्गत जूनियर इंजीनियर (रेड) अशोक कुमार, जूनियर इंजीनियर राधेश्याम यादव, संविदाकर्मी आयुष गौर, शिवम यादव, मनीष कुमार शर्मा के साथ बिजली चोरी की सूचना पर जानकीपुरम नहर रोड निवासी अजय दीक्षित के परिसर पर छापा मारा। जैसे ही टीम ने मीटर की जांच शुरू की, आरोपियों ने उन्हें घेर लिया।
क्रूरता की हदें पार
आरोप है कि अजय दीक्षित और उसके साथियों ने टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच, एक आरोपी ने जूनियर इंजीनियर के सिर पर बेलचा (फावड़ा नुमा औजार) से जानलेवा वार कर दिया। क्रूरता की हदें तब पार हो गईं जब आरोपियों ने अपने पालतू कुत्तों को टीम पर छोड़ दिया। कुत्तों के काटने और बेलचे के हमले से जूनियर इंजीनियर लहूलुहान होकर गिर पड़े। आरोपियों ने उनका मोबाइल भी छीन लिया। किसी तरह जान बचाकर भागे कर्मियों ने जानकीपुरम थाने में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
चौपटिया में लात-घूसों से पीटा
दूसरी घटना सआदतगंज थाना क्षेत्र के चौपटिया इलाके की है। यहां तंबाकू मंडी की तंग गलियों में एसडीओ जितेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में जूनियर इंजीनियर खुर्शीद अनवर, शिवम श्रीवास्तव, अंकित सिंह, संविदाकर्मी संतोष यादव, पवन कुमार, सलमान, अबरार संग विभाग की टीम बिजली चोरी पकड़ने पहुंची थी। टीम को देखते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया और लोग छतों से कटिया हटाने लगे। जब कर्मचारियों ने खंभों से अवैध कनेक्शन काटना शुरू किया, तो जलील अहमद और अब्दुल खालिक नामक व्यक्तियों ने 30-40 लोगों की भीड़ के साथ टीम को घेर लिया।
धारदार हथियार से भी हमला
उग्र भीड़ ने सरकारी दस्तावेजों को फाड़ दिया और संविदाकर्मी संतोष यादव को घसीटकर पीटना शुरू कर दिया। भीड़ ने उन पर धारदार हथियारों से भी हमला किया, जिससे उनके चेहरे और शरीर पर गहरे जख्म आए हैं। बवाल बढ़ता देख कई कर्मचारी मौके से भाग निकले। बाद में अधिकारियों ने सआदतगंज थाने पहुंचकर नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।




साइन इन