Pratik Yadav thirteenth day Aparna shared an emotional video havan puja entire Yadav family gathered to shayya daan प्रतीक के लिए हवन-पूजन के बाद शय्या दान में जुटा पूरा यादव परिवार, अपर्णा ने शेयर किया भावुक वीडियो, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

प्रतीक के लिए हवन-पूजन के बाद शय्या दान में जुटा पूरा यादव परिवार, अपर्णा ने शेयर किया भावुक वीडियो

मुलायम सिंह यादव के छोटे प्रतीक यादव की तेरहवीं का एक वीडियो अब सामने आया है। किसी को भी भावुक कर देने वाला यह वीडियो खुद प्रतीक की पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।इसमें पूरा परिवार हर संस्कार को निभाता साथ-साथ दिखाई दे रहा है।

Thu, 28 May 2026 09:54 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
प्रतीक के लिए हवन-पूजन के बाद शय्या दान में जुटा पूरा यादव परिवार, अपर्णा ने शेयर किया भावुक वीडियो

Aparna shared Pratik video: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की तेरहवीं पर सुबह से शाम तक कई परंपरागत संस्कारों को निभाया गया। पूरे कार्यक्रम का भावुक करने वाला वीडियो अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। श्रद्धांजलि, हवन-पूजन, शांति यज्ञ, ब्राह्मण भोज के बाद शय्या दान को इस वीडियो में कैद किया गया है। शय्या दान से लेकर हर कार्यक्रम में पूरा यादव परिवार जुटा रहा और परंपराओं को निभाता दिखाई दिया। न सिर्फ अखिलेश और डिंपल बल्कि शिवपाल यादव, उनके बेटे आदित्य यादव, धर्मेंद्र यादव के साथ यादव परिवार के सदस्य पूरे समय मौजूद रहे।

प्रतीक यादव का 38 वर्ष की छोटी उम्र में 13 मई को अचानक निधन हो गया था। हार्ट अटैक और नसों में ब्लाकिंग को मौत का कारण बताया गया था। उस दिन अपर्णा के असम में होने के कारण अखिलेश यादव ही सबसे पहले सुबह-सुबह अस्पताल पहुंचे थे। प्रतीक का पार्थिक शरीर घर पहुंचा तब भी अखिलेश पूरे परिवार के साथ वहां आए और बड़े भाई का कर्तव्य निभाते दिखाई दिए थे। अगले दिन 14 मई को गोमती के किनारे प्रतीक को अंतिम विदाई दी गई तो अपर्णा की छोटी बेटी पद्मजा को बगल में बैठाकर अखिलेश दुलारते दिखे थे। अखिलेश के साथ शिवपाल, उनके बेटे आदित्य और अन्य परिवार के सदस्य भी व्यवस्था बनाने में दिखे। अस्थि विसर्जन के दौरान भी शिवपाल के बेटे आदित्य और प्रतीक की बेटी पद्मजा का भावुक करने वाला पल दिखाई दिया था। अब तेरहवीं के खास क्षणों का समेटता हुआ वीडियो सामने आया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रतीक की तेरहवीं आज, कार्ड में अपर्णा के साथ अखिलेश का नाम, क्यों सैफई की चर्चा

जब बिलख पड़ीं अपर्णा यादव

अपर्णा के आवास पर 25 मई को प्रतीक की तेरहवीं का आयोजन किया गया था। इस दौरान घर के अंदर श्रद्धांजलि, हवन-पूजन, ब्राह्मण भोज और घर के बाहर ही जर्मन हैंगर में स्टाल लगाकर भोज रखा गया था। आम लोगों के लिए भी किसी तरह की कोई रोक-टोक नहीं रही। दोपहर से शाम तक हजारों लोगों ने यहां प्रसाद ग्रहण किया। खुद अपर्णा ने लोगों को अपने हाथों से प्रसाद दिया और प्रतीक अमर रहे का नारा सुनकर बिलख पड़ी थीं। अपर्णा के नए वीडियो में तेरहवीं के खास पलों को समाहित किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रतीक यादव राजनीति से दूर फिटनेस और बिजनेस में रमे रहे, अपर्णा से की लव मैरिज

फूलों को संवारती दिखी लाडली पद्मजा

वीडियो की शुरुआत प्रतीक की उस तस्वीर के साथ होती है जिसे लोगों को श्रद्धाजलि के लिए फूलों से सजाया गया था। प्रतीक की लाडली बेटी पद्मजा पिता की तस्वीर के आगे गुलाब की पंखुड़ियों को अपने नन्हें हाथों से संवारती दिखाई दे रही है। इस दौरान अपर्णा और उनकी मां के साथ परिवार के अन्य सदस्य बेहद गमगीन मुद्रा में एकटक तस्वीर को निहारते नजर आते हैं। बड़ी बेटी प्रथमा और डिंपल का वीडियो तो किसी को भी रोने के लिए मजबूर करने वाला है।

सीएम योगी, सुधांशु त्रिवेदी, पंकज सिंह की श्रद्धांजलि

इस दौरान अखिलेश यादव, शिवपाल, आदित्य यादव, धर्मेंद्र यादव, अखिलेश की दोनों बेटियां समेत पूरा परिवार हवन-पूजन के साथ अन्य परंपराओं को निभाता रहा। यादव परिवार के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी, लखनऊ से सांसद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह, अभिनेता राजपाल यादव और अन्य मशहूर हस्तियां भी प्रतीक को श्रद्धा सुमन अर्पित करते दिखाई दे रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लखनऊ का सबसे बड़ा जिम और रियल एस्टेट बड़ा बिजनेस; पीछे क्या-क्या छोड़ गए प्रतीक?

शिवपाल ने निभाई परिवार का सबसे बड़ा होने की भूमिका

परिवार में सबसे बड़ा होने के नाते शिवपाल यादव ने घर पर बने प्रसाद को थाली और कटोरियों में सजाकर प्रतीक को अपर्ण किया और उसके बाद आम लोगों के लिए वितरण की शुरुआत हुई। हवन-पूजन में सभी साथ-साथ आहूतियां डालते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद शय्या दान की परंपरा निभाई गई। मंत्रोच्चार के बीच परिवार के सदस्यों ने परिक्रमा और शय्या पर पुष्प चढ़ाते हुए परंपरा को निभाया। अपर्णा के माता-पिता और यादव परिवार के सदस्य साथ-साथ रस्मों को निभाते दिखाई दिए।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।