बेंगलुरु से भुवनेश्वर जा रही फ्लाइट की ‘फुल इमरजेंसी’ अलर्ट से हड़कंप, लखनऊ में सुरक्षित लैंडिंग
बेंगलुरु से भुवनेश्वर जा रही फ्लाइट का फ्यूल रिजर्व से भी नीचे आने के बाद बेहद इमरजेंसी स्थिति में लखनऊ में उतारा गया है। विमान में 194 यात्री सवार थे। लखनऊ में तीन साल में दूसरी बार फुल इमरजेंसी का अलर्ट जारी किया गया था।

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) पर बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बेंगलुरु से भुवनेश्वर जा रहे अकासा एयर के एक विमान को ईंधन (फ्यूल) की कमी के कारण बेहद आपातकालीन परिस्थितियों में उतारा गया। विमान में कम ईंधन की सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी थी। हालांकि, रात 09:21 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। विमान में सवार सभी 194 यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। इसके पहले दक्षिण भारत से खाड़ी देश जा रही एक एयर इंडिया की फ्लाइट की इमजरजेंसी लैंडिंग कोच्चि में हुई थी जिसके लैंडिंग गीयर में खराबी आई थी।
भुवनेश्वर में खराब मौसम बना वजह
जानकारी के अनुसार अकासा एयर की फ्लाइट संख्या क्यूपी 1503 (विमान संख्या वीटी-वाईएजे बी 738एम) ने बुधवार शाम बेंगलुरु से भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरी थी। जब विमान भुवनेश्वर के आसमान पर पहुंचा, तो वहां मौसम बेहद खराब हो चुका था। काफी देर हवा में चक्कर काटने (होल्डिंग) के बाद भी जब लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली, तो पायलट ने विमान को लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला किया। लखनऊ के रास्ते में आते समय विमान का फ्यूल रिजर्व स्तर से नीचे चला गया।
उठे सवाल
फ्लाइट रडार के अनुसार विमान बेंगलुरु से उड़ान भरने के बाद विजयवाड़ा, राजा महेन्द्रवरम, विशाखापट्टनम सीमा क्षेत्र के ऊपर से होता हुआ भुवनेश्वर पहुंचा था। डायवर्ट होने के बाद विमान झारखंड के चाईबासा, चक्रधरपुर, खूंटी जिला, रांची के नजदीक, यूपी में रॉबट्सगंज और विंध्य पर्वत शृंखला के ऊपर से होते हुए लखनऊ पहुंचा। विमान का ईंधन इतनी लम्बी दूरी में खत्म होने के कगार पर पहुंच गया। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि रास्ते में कई एयरपोर्ट थे जहां लैंडिंग करा कर जोखिम को कम किया जा सकता था।
घटनाक्रम: रात 9 बजे से 9:30 बजे तक थमी रहीं सांसें
रात 21:02 बजे: पायलट ने एटीसी को विमान में ईंधन बेहद कम होने की जानकारी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एटीसी ने तुरंत अमौसी एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी लागू कर दी।
रात 21:04 बजे: अलर्ट जारी होते ही एयरपोर्ट का पूरा सुरक्षा अमला एक्टिव हो गया। सीएफटी (क्रैश फायर टेंडर) यानी दमकल की भारी-भरकम गाड़ियों को तुरंत रनवे के पास तय पोजिशन पर तैनात कर दिया गया ताकि किसी भी अनहोनी से निपटा जा सके। साथ ही एम्बुलेंस भी तैनात की गईं।
रात 21:21 बजे: पूरे वीआईपी प्रोटोकॉल और सुरक्षा घेरे के बीच अकासा एयर के इस विमान ने अमौसी के रनवे संख्या 09 पर सुरक्षित लैंडिंग की।
रात 21:22 बजे: लैंडिंग के ठीक एक मिनट बाद विमान के मुख्य पायलट ने एटीसी को रेडियो पर संदेश दिया कि ‘ऑपरेशन नॉर्मल’ है और उन्हें किसी अतिरिक्त आपातकालीन सहायता की आवश्यकता नहीं है।
रात 21:29 बजे: विमान को सुरक्षित तरीके से बे-नंबर 10 पर ले जाकर खड़ा किया गया और यात्रियों को उतारा गया। इसके ठीक एक मिनट बाद रात 21:30 बजे एटीसी ने फुल इमरजेंसी का आदेश वापस ले लिया।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, समय रहते सूझबूझ दिखाने से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी 194 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। बाद में विमान की री-फ्यूलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई।




साइन इन