Yogi Adityanath Celebrates 12 Years of Modi s Leadership in Varanasi मोदी के नेतृत्व में हकीकत में बदल रहे सपने : योगी, Varanasi Hindi News - Hindustan
More

मोदी के नेतृत्व में हकीकत में बदल रहे सपने : योगी

Varanasi News - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी में प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत की स्थिति खराब थी, लेकिन अब विकास हो रहा है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि मोदी का नेतृत्व देश को नई दिशा दे रहा है।

Sat, 13 June 2026 01:55 AMNewswrap हिन्दुस्तान, वाराणसी
share
मोदी के नेतृत्व में हकीकत में बदल रहे सपने : योगी

वाराणसी, विशेष संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके संसदीय क्षेत्र काशी में शुभकामनाएं दीं। उन्हें देश का महान व्यक्तित्व बताया। सीएम ने कहा कि 2014 के पहले अव्यवस्था और भ्रष्टाचार ने वैश्विक मंच पर भारत की छवि को धूमिल कर दिया था। चारों ओर अविश्वास, आंतरिक-वाह्य सुरक्षा पर खतरा महसूस होता था। हर तबके में निराशा और हताशा थी। लेकिन 2014 के बाद सपने हकीकत में बदल रहे हैं। संवेदनशील व्यक्तित्व के नेतृत्व में संवेदना दिखती है। सीएम योगी शुक्रवार देर शाम चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में आयोजित सरकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम में काशीवासियों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की गलत नीतियों ने उद्यमियों को श्रमिक बना दिया। श्रमिक पलायन और किसान आत्महत्या करने को मजबूर था। नौजवान के लिए नौकरी, रोजगार और दिशा भी नहीं थी। महिलाएं असुरक्षित थीं। हर योजना लागू होने से पहले ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थीं। 120 जनपद नक्सलवाद के शिकार थे। उन्होंने कहा, जब हम सीमा पर घुसपैठ का मुद्दा उठाते थे तो संसद में तत्कालीन सरकार कहती थी कि इस पर अधिक वक्तव्य नहीं देना चाहिए क्योंकि रिश्ते खराब हो जाएंगे। हमारे सैनिकों के साथ क्रूरता पर तत्कालीन सरकार मौन रहती थी。

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पीएम के विजन का यूपी को मिला सर्वाधिक लाभ: योगी

पिछले 12 वर्षों में बदलाव

सीएम ने कहा कि 12 वर्ष पहले नए भारत को नेतृत्व देने के लिए प्रधानमंत्री को सांसद चुनने पर हर काशीवासी अपने को गौरवान्वित महसूस करते हैं। काशी का नाम अब न केवल देश-प्रदेश बल्कि दुनिया में गूंजता है। पूरी दुनिया में जहां कहीं भी मोदी की सराहना होती है तो वह काशीवासियों की भी तारीफ करता है। पीएम मोदी ने गरीबी देखी है, इसलिए बाबा विश्वनाथ और मां गंगा ने उन्हें गरीबों की पीड़ा समाप्त करने की सामर्थ्य दी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मोदी सरकार के 12 वर्ष, सुशासन और विकास का स्वर्णिम अध्याय :रूडी

हर योजना का उद्देश्य

सीएम ने कहा कि 2014 के बाद हर योजना गरीब, महिलाओं, नौजवानों और किसानों को समर्पित है। किसान, कारीगर, हस्तशिल्पी, स्ट्रीट वेंडर्स, नवजात शिशु, अध्ययनरत युवा स्नातक, महिला-पुरुष, बुजुर्ग-नौजवान समेत हर तबके के लिए योजना बनाने और उनके उत्थान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए मोदी सरकार की स्पष्ट प्रतिबद्धता दिखती है।

सपा-कांग्रेस के मुंह पर तमाचा

सीएम ने कहा कि जनधन योजना के तहत हर गरीब का बैंक में खाता खुला। उस समय कांग्रेस, सपा हंसकर कहती थीं कि बेवकूफ बना दिया, लेकिन जब मोदीजी ने सरकारी सहायता में कट रोकने के लिए डीबीटी का इस्तेमाल शुरू किया तो वह सपा और कांग्रेस के मुंह पर तमाचा था। एक लाचार पीएम कहते थे कि 100 रुपये भेजता हूं जिसमें केवल 15 रुपये नीचे पहुंचते हैं। एक प्रधानमंत्री मोदी जी हैं जो कहते हैं कि 100 रुपये भेजता हूं तो सीधे गरीब के खाते में जाते हैं।

स्वच्छ भारत मिशन और स्वास्थ्य योजनाएं

बच्चों की असमय मौत विचलित नहीं करती थी। स्वच्छ भारत मिशन से आए परिवर्तन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की असमय मौत तत्कालीन सरकारों को विचलित नहीं करती थी। मिशन ने बच्चों की मौत पर विराम लगाया और नारी गरिमा की रक्षा की। 12 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनाए गए। 4 करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला। 60 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना से पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया। जब कोरोना से दुनिया पस्त थी, तब भी पीएम ने फ्री टेस्ट की व्यवस्था की। 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दिया गया।

इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की उपलब्धियां

सीएम ने गिनाए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट। सीएम ने कहा कि फोरलेन की कनेक्टिविटी से जाम की समस्या का समाधान हुआ। फ्लाईओवर, ओवरब्रिज आदि कार्य फटाफट हुए। जो काम 70 वर्ष में नहीं हुए, उन्हें 12 वर्ष में काशी, प्रदेश और देश में करके दिखा दिया। आज देश में एक्सप्रेसवे, हाइवे, एयर कनेक्टिविटी की बेहतरीन सुविधा हुई है। भारत में जब वायुसेवा आई होगी, तब से 2014 तक जितने एयरपोर्ट बने, 12 वर्ष में उससे दोगुने बन गए। देश में पहले केवल 5 शहरों में मेट्रो थी। आज देश के 20 शहरों और यूपी के 7 शहरों में यह सुविधा है। देश का पहला इनलैंड वाटर-वे वाराणसी से हल्दिया के बीच संचालित है।

नए मॉडल की शुरुआत

रोपवे से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नया मॉडल दे रही काशी। उन्होंने कहा कि काशी रोपवे के माध्यम से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नया मॉडल दे रही है। जिसे किसी ने नहीं पूछा, उसे आज सब पूज रहे हैं। पहले स्ट्रीट वेंडरों की दुर्गति किसी से छिपी नहीं थी। उन पर चौतरफा मार थी, लेकिन आज पीएम स्वनिधि योजना में अकेले बनारस में 60 हजार वेंडरों को प्रथम, 26,800 को द्वितीय और 5 हजार वेंडरों को तृतीय किस्त भी मिल गई। नगर निगम, औद्योगिक और सामाजिक संगठन नए वेंडिंग जोन बनाकर उनका व्यवसाय बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।

काशी की छवि में बदलाव

आज लोग गले लगाते हैं। सीएम ने कहा कि मोदी का विजन दूरदर्शी है। टीम उसे लागू कर रही है। काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट भव्य बन गए। संकरी गलियों के लिए प्रसिद्ध काशी की कनेक्टिविटी फोरलेन की हो गई। काशी और प्रदेश को नई पहचान मिल रही है। पहले लोगों के मन में धारणा थी कि यहां अराजकता, गुंडागर्दी होती थी, परंतु आज काशी और यूपी का नाम लेने पर लोग गले लगाते हैं। अयोध्या में भगवान राम विराजमान हो गए। मां विंध्यवासिनी का कॉरिडोर बन गया। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान एक-डेढ़ महीने तक रोज 15-20 लाख श्रद्धालु काशी आते थे। सीएम ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री मोदी का यशस्वी नेतृत्व लंबे समय तक देश को मिलता रहे।

रेलवे स्टेशनों की नई पहचान

अब एयरपोर्ट की तरह दिखते हैं रेलवे स्टेशन। योगी ने कहा कि वंदेभारत, अमृत भारत, नमो भारत के नाम पर ट्रेन की अत्याधुनिक सुविधा मिल रही है। रेलवे स्टेशन एयरपोर्ट की तरह दिखते हैं। आस्था, अर्थव्यवस्था, युवा, महिला, बेटी के जन्म से लेकर विवाह, पढ़ाई से लेकर आत्मनिर्भर बनाने तक की योजनाएं चल रही हैं। अब विधानसभा व लोकसभा में कम से कम 33 फीसदी महिलाएं चुनकर जाएंगी। हर तबके को काम मिला और उनका उत्थान हुआ।

वैश्विक आर्थिक संकट

अमेरिका में महंगाई चार गुना बढ़ी। सीएम ने कहा कि ऊर्जा का वैश्विक संकट छाया है। अमेरिका में महंगाई लगभग चार गुना बढ़ी है। अन्य देशों की हालत भी खराब है, लेकिन प्रधानमंत्री के कारण इस संकट में भी भारत नागरिकों के उत्थान की ओर अग्रसर है। यह तभी संभव होता है, जब नीयत होती है। काशी की गलियों में आमजन, उद्यमियों, स्ट्रीट वेंडर्स, व्यापारियों, खिलाड़ियों, युवाओं से मोदी जी की बातचीत योजना बनाने में सहायक होती है, जिसका लाभ पूरा देश लेता है।

लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण

एक दर्जन लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र, उपकरण। मुख्यमंत्री ने जनकल्याण शिविर, स्ट्रीट वेंडर तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किया। उन्होंने स्ट्रीट वेंडर प्रमिला देवी को हैंडीक्राफ्ट, स्ट्रीट वेंडर राजू को आइस्क्रीम, स्ट्रीट वेंडर दीपक कुमार बरनवाल के चाय के स्टॉल को पथ विक्रय प्रमाण पत्र दिया। पीएम स्वनिधि योजनान्तर्गत रेडीमेड कपड़े का स्टाल लगाने वाली बेबी मौर्य को 50 हजार का चेक, कॉस्मेटिक सामग्री का स्टाल लगाने वाले कन्हैया को 30 हजार रुपये का क्रेडिट कार्ड, सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत बुटिक सेंटर चलाने वाली रोशनी कुमारी को 4.5 लाख का चेक, फास्ट फूड की स्टाल चलाने वाली यशिका सिंह को 2.5 लाख का चेक तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनांतर्गत दर्जी का काम करने वाली ललिता एवं खुशबू जायसवाल को सिलाई मशीन के साथ प्रमाण पत्र दिए। इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने परिसर में लगे विभिन्न 17 स्टालों का निरीक्षण किया। सभागार में स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्रम् ओढ़ा कर स्वागत किया।

उपस्थित व्यक्तित्व

इनकी भी रही मौजूदगी। आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, मेयर अशोक तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक टी. राम, विधायक सुनील पटेल, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, पार्षद संतोष सोलापुरकर, वरिष्ठ भाजपा नेता पवन सिंह, संजय सोनकर आदि रहे।

----

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पीएम के नेतृत्व में आत्मनिर्भर व सशक्त राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने खड़ा भारत : भानू

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।