पीएम के नेतृत्व में आत्मनिर्भर व सशक्त राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने खड़ा भारत : भानू
-दुमका परिसदन में प्रेस वार्ता कर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानुप्रताप शाही ने कहा, पीएम के नेतृत्व में आत्मनिर्भर व सशक्त राष्ट्र

दुमका, प्रतिनिधि। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप शाही ने शुक्रवार को दुमका परिसदन में प्रेस वार्ता कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल देश के लिए बेमिसाल रहा हैं। इन 12 वर्षों में गरीब कल्याण, विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर ऐतिहासिक काम हुए हैं। भानुप्रताप शाही ने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी पहचान 81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज वितरण की योजना चलाई जा रही है। कोरोना काल से शुरू हुई यह योजना आज भी जारी है और इससे देश के गरीब, कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने खड़ा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की मजबूत उपस्थिति इसका प्रमाण है।
स्वास्थ्य योजनाएँ
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना क्रांतिकारी साबित हुई है। इस योजना के तहत 50 करोड़ से अधिक लोगों ने आयुष्मान कार्ड का लाभ लिया है। 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलने से गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है। झारखंड में भी लाखों लोगों ने इस योजना से उपचार कराया है। राष्ट्रीय सुरक्षा पर बोलते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि 2014 के बाद आतंकवाद पर पूरी तरह लगाम लगी है। मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों से यह संदेश गया है कि भारत अब आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा और उसका मुंहतोड़ जवाब देगा। कहा कि इन वर्षों में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा मजबूत हुई है।
सरकारी योजनाएँ
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र को धरातल पर उतारा है। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरकार ने अनेक ऐतिहासिक योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया है। प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों देशवासियों के जीवन को आसान बनाया है। सरकार की पारदर्शी व्यवस्था के कारण योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।
किसान और महिला सशक्तिकरण
कहा कि किसानों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता दी गई है। सिंचाई, कृषि तकनीक और किसान हितैषी नीतियों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी अभियान और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है। पिछले 12 वर्षों में सड़क, रेल, हवाई सेवा, डिजिटल इंडिया और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाएं और डिजिटल कनेक्टिविटी नए भारत की तस्वीर प्रस्तुत कर रही हैं। कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान और विकास के लिए भी केंद्र सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
फोटो संख्या-04-प्रेस कॉफ्रेंस करते भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप शाही
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन