पारा फिर 44 के पार, सीजन का सबसे गर्म दिन
Varanasi News - वाराणसी में प्रचंड गर्मी और लू से हालात खराब हैं। पिछले पांच दिनों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि बाहर निकलने से पहले पानी पिएं और भोजन का सेवन सही समय पर करें। अगले दो दिनों में राहत की उम्मीद है।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। प्रचंड गर्मी और लू ने बेहाल कर रखा है। पिछले पांच दिनों में दूसरी बार दिन का तापमान 44 डिग्री के पार पहुंचा है। शुक्रवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं प्रयागराज (45.2 डिग्री) के बाद बनारस सूबे का सबसे गर्म जिला रहा। अगले दो दिनों तक यही हाल रहने का अनुमान है। हालांकि उसके बाद लू से राहत की संभावना जताई जा रही है। नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 29 और 30 अप्रैल को बादलों की आहट के साथ बूंदाबादी के आसार भी हैं। शुक्रवार को सुबह से ही धूप का तीखापन परेशान किया। दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़ता गया।
स्थिति यह थी कि सुबह 11 बजे ही पारा 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। दोपहर में चल रही लू लपटों को लोगों तक पहुंचा रही थी। वाहनचालकों ने इसका बखूबी अहसास किया। दिन में 2 बजे तो ऐसा लगने लगा कि आसमान से अंगारे बरस रहे हैं। धूप से बचने के लिए लोग गमछा से मुंह ढककर चल रहे थे। शाम होने के बाद भी तपिश बरकरार रही। शाम 6 बजे तक तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक 44.3 और न्यूनतम सामान्य से 0.3 डिग्र्री अधिक 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले पांच दिनों में तापमान तीन बार 44 या उससे अधिक पहुंचा है। इसमें 19 अप्रैल को 44.2, 20 अप्रैल को 44 और शुक्रवार को दूसरी बार 44.3 पहुंचा है। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव की मानें तो दो दिन बाद ही कुछ राहत के आसार हैं।-------------------------------------------घर से निकलें तो पानी जरूर पीएंसीएमओ ने जारी की लोगों के लिए एडवाइजरीभोजन बनने के तीन घंटे बाद सेवन नहीं करेंवाराणसी, कार्यालय संवाददाता।प्रचंड गर्मी के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद ने लोगों से अपील की है कि इस समय घर से निकलने से पहले पानी जरूर पीएं। भोजन बनने के तीन घंटे बाद उसका सेवन न करें।सीएमओ के अनुसार अत्यधिक गर्मी में शरीर वातावरण के मुताबिक खुद को संतुलित नहीं कर पाता है और हीट स्ट्रोक की समस्या हो जाती है। इससे दिमाग और किडनी पर असर पड़ सकता है। रक्त संचार प्रभावित हो सकता है। आंखों में जलन और हृदय से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि किसी को चक्कर, सिर में तेज दर्द, उबकाई, अचेत होने जैसी स्थिति में तत्काल अस्पताल में भर्ती कराएं। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित सिंह ने कहा हल्के ढीले सूती वस्त्र पहने। बाजार में खुले रखे खाद्य पदार्थ का सेवन न करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन