वाराणसी में पीएसी जवान ने सब्जी विक्रेता दंपति को रॉड से पीटा, गुस्साई भीड़ ने सिखाया सबक
वाराणसी पीएसी के एक जवान ने मामूली विवाद के बाद सब्जी विक्रेता दंपति पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी जवान को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी।

Varanasi News: उत्तर प्रदेश से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित भुल्लनपुर हरिहरपुर इलाके में शनिवार शाम एक चौंकाने वाली घटना में प्रोविंशियल आर्म्ड कांस्टेबुलरी (पीएसी) के एक जवान ने सब्जी विक्रेता दंपति पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपी जवान की भी जमकर पिटाई कर दी। तीनों घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहीं, सिर में चोट लगने से महिला की हालत नाजुक है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, महाराजगंज जिले के औराई थाना क्षेत्र के रहने वाले राधेश्याम और उनकी पत्नी गीता देवी उद्देश्यनगर में किराए पर रहकर भुल्लनपुर हरिहरपुर में सब्जी बेचते हैं। शनिवार शाम पीएसी जवान आशुतोष कुमार सिंह सब्जी खरीदने उनकी दुकान पर पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।कुछ देर बाद आशुतोष कुमार सिंह रॉड लेकर वापस लौटा और दंपति पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दंपति को लहूलुहान देख आसपास के लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने जवान को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।
आरोपी जवान 34वीं वाहिनी पीएसी, भुल्लनपुर में वर्ष 2021 बैच का आरक्षी बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। लोगों ने बताया कि आरोपी पीएसी जवान को कैंपस से गिरफ्तार किया गया। वहीं, रोहनियां के एसीपी संजीव शर्मा और मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं, घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
नमो घाट पर नाविकों ने मैनेजर को बेरहमी से पीटा
उधर, नमो घाट फेस-3 पर नाविकों ने शनिवार शाम घाट के मैनेजर को पीट दिया। गंगा आरती स्थल पर जबरन नाव लगाकर सवारी उतारने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई। आदमपुर पुलिस ने दो नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। नमो घाट फेस-3 पर प्रशासन द्वारा नियमित गंगा आरती कराई जाती है। इसके लिए आरती स्थल के सामने जेटी लगाई गई है। शनिवार शाम आरती से पहले दो बजड़ों पर सवार यात्रियों को उतारने के लिए नाव किनारे लगाई जा रही थी।
इस दौरान घाट के सुरक्षा कर्मियों और छोटी गौबी सिगरा निवासी घाट मैनेजर मनीष कुमार सिंह ने व्यवस्था का हवाला देते हुए नाव लगाने से मना किया। इस बात पर नाविक आक्रोशित हो गए और फोन कर अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। मनीष ने पुलिस को बताया कि फोन के बाद मौके पर बजड़ा मालिक अभिषेक साहनी, दीपक साहनी समेत 20 लोग वहां पहुंचे और पिटाई कर दी। मारपीट में मनीष के चेहरे, कमर और हाथ में चोटें आई हैं।




साइन इन