88 साल के पति मारपीट करते हैं...डीएम के पास शिकायत लेकर पहुंची 85 साल की वृद्धा
कानपुर कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को जनसुनवाई के दौरान आई एक शिकायत ने सभी को हैरत में डाल दिया। 85 साल की वृद्धा ने अपने 88 साल के पति पर मारपीट करने और ख्याल न रखने का आरोप लगाया। कहा 40 हजार पेंशन मिलने के बाद भी उनकी दवाओं और इलाज पर ध्यान नहीं देते हैं।

यूपी के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को जनसुनवाई के दौरान आई एक शिकायत ने सभी को हैरत में डाल दिया। बर्रा-दो में रहने वालीं 85 साल की वृद्धा ने अपने 88 साल के पति पर मारपीट करने और ख्याल न रखने का आरोप लगाया। कहा 40 हजार रुपये पेंशन मिलने के बाद भी उनकी दवाओं और इलाज पर ध्यान नहीं देते हैं। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) को घर भेजकर दोनों में समझौता कराया।
कलेक्ट्रेट में डीएम की जनसुनवाई चल रही थी, तभी वहां पहुंचीं बर्रा दो छेदी सिंह का पुरवा निवासी वृद्धा ने सभी का ध्यान खींचा। इसके बाद उन्होंने डीएम को बताया कि उनकी 60 साल पहले शिवराम से शादी हुई थी। उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। सभी का विवाह हो चुका है। शिवराम रक्षा मंत्रालय से रिटायर हैं और उनकी पेंशन करीब 40 हजार रुपये आती है। राजरानी ने बताया कि उम्र के इस पड़ाव में शिवराम उनका ख्याल नहीं रखते और न ही दवा-इलाज की व्यवस्था करते हैं। आए दिन उनके साथ अभद्रता की जाती है। कुछ कहने पर मारपीट करने लगते हैं।
मेडिकल स्टोर मालिक के बहकावे में करते हैं मारपीट
राजरानी ने डीएम को बताया कि घर के पास ही एक मेडिकल स्टोर के मालिक के बहकावे में आकर यह सब करते हैं। पूरे प्रकरण को सुनने के बाद डीएम ने शिकायत डीपीओ विकास सिंह को निस्तारित करने को भेजी। विकास सिंह ने बताया कि शिकायत पर बर्रा दो स्थित निवास जाकर शिवराम से बात की गई। शिवराम वृद्धास्था के चलते कुछ बदमिजाज हो गए हैं। इसके चलते घर में विवाद करते रहते हैं। शिवराम से बात कर उनको सहजता से बताया कि ऐसा न करें। राजरानी को चेकबुक और पास बुक दिलाए गए। दोनों ने साथ रहने में सहमति जताई है।




साइन इन