यूपी: बंद कमरे में बेड पर युवती, फंदे से लटकती मिली युवक की लाश; 3 दिन पहले दर्ज हुई थी ये FIR
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि 24 वर्षीय सुभाष ठाकुर पुत्र महिपाल सिंह और राधिका एक-दूसरे को करीब दो साल से जानते थे। युवक का युवती के कमरे पर आना-जाना लगा रहता था। शुक्रवार की रात को पड़ोसियों ने खिड़की से देखा कि युवक पंखे से फंदा लगा लटका है।

UP News: उत्तर प्रदेश के मथुरा वृंदावन के कोतवाली क्षेत्र की पानीघाट कॉलोनी में शुक्रवार की देर रात बंद कमरे में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। लड़का फंदे पर लटका था और लड़की की लाश तख़्त पर पड़ी मिली। घटना स्थल से फॉरेन्सिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किये हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। पता चला है कि युवती ने 28 अप्रैल को युवक के खिलाफ जबरन दोस्ती और शादी के लिए दबाव बनाकर परेशान करने की एफआईआर दर्ज कराई थी। आशंका जताई जा रही है कि युवती के मकान पर पहुंचे युवक ने पहले युवती की हत्या की फिर खुद फंदे से झूल गया।
मथुरा के थाना जमुनापार की श्यामापुरम कॉलोनी, लक्ष्मीनगर निवासी 28 वर्षीय राधिका चौधरी पुत्री भरत सिंह करीब पांच वर्षों से रंगजी मंदिर पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित पानीघाट कॉलोनी में हरिओम पाण्डेय के मकान में किराये पर रह रही थी। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि थाना छाता के गांव तरौली निवासी 24 वर्षीय सुभाष ठाकुर पुत्र महिपाल सिंह और राधिका एक-दूसरे को करीब दो साल से जानते थे। युवक का युवती के कमरे पर आना-जाना लगा रहता था। शुक्रवार की रात को पड़ोसियों ने खिड़की से देखा कि युवक पंखे से फंदा लगा लटका है तो उन्होंने पुलिस को खबर की। सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेन्द्र कुमार, चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो देखा कि लड़का गले में फंदा डाले लटका था, वहीं पास में तख्त पर युवती का शव पड़ा था। जिसके बाद फॉरेन्सिक टीम को भी बुला लिया गया।
सीओ प्रीतमपाल सिंह भी घटना स्थल पर पहुंच गये और मामले की पड़ताल की। सीओ ने बताया कि दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिये भेजे गये हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सकेगा। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
युवक के खिलाफ युवती ने दर्ज कराया था मुकदमा
राधिका चौधरी ने 28 अप्रैल को थाना जैंत में सुभाष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें आरोप लगाया था कि अतरौली निवासी विकास का उसके घर आना-जाना था। विकास के साथ सुभाष भी एक बार घर आया, जिसके बाद वह उसके पीछे पड़ गया। जबरन दोस्ती और शादी करने का दबाव बना रहा था। मना करने उसका पीछा करता था और फोन पर परेशान करता था। सोमवार को भी आरोपी ने उसकी पिटाई कर धमकी दी कि यदि वह उसके साथ घर नहीं चली तो उसे और उसके पिता को जान से मार देगा।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने युवक को पकड़ लिया, लेकिन ज़मानत पर छोड़ दिया। आशंका जताई जा रही है कि हवालात से बाहर आने के बाद युवक शुक्रवार की रात को युवती के कमरे पर पहुंचा। जहां दोनों के बीच कहासुनी और तकरार हुई। जिसके बाद यह कदम उठाया गया। आशंका है कि युवक ने युवती का गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी और फिर पंखा को उतारकर उसके कुंदा में फंदा डालकर ख़ुदकुशी कर ली। युवती के गले पर निशान पाये गये हैं।




साइन इन