UP Weather: आज रात से बदलेगा मौसम, आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले का अलर्ट
यूपी में एक बार फिर मौसम बदलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने तीन से पांच अप्रैल तक आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने का अलर्ट दिया है। बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। इसके बाद देर रात से बदलाव की शुरुआत हो सकती है।

यूपी में एक बार फिर मौसम बदलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने तीन से पांच अप्रैल तक आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने का अलर्ट दिया है। बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। इसके बाद देर रात से बदलाव की शुरुआत हो सकती है। बादलों की आवाजाही के साथ शुक्रवार, शनिवार और रविवार को मौसम बिगड़ने की आहट है। पहले दिन एक या दो बार तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है। इसके बाद दो दिनों तक तेज आंधी, तूफान के साथ बारिश के संकेत दिए गए हैं। इसके साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रहेगी। तापमान में भारी गिरावट आ सकती है।
37.4 डिग्री रहा दिन का तापमान
बुधवार को अधिक गर्मी रही। इस दौरान अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम होकर 19.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रात का पारा गिरने से शाम और रात की नमी बढ़ी है।
50 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक बारिश होगी। पूर्वी ईरान के आसपास संकेन्द्रित आगामी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यूपी में पांच अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश के आसार दिख रहे हैं। बुधवार भोर करीब 3.30 बजे 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह टिन शेड उड़ गए। सुबह करीब छह बजे 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली। आने वाले दो दिन बारिश से मौसम हल्का सर्द होगा। आंधी और बारिश के कारण लोगों को दिक्कत हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में कमी महसूस होगी।
मोमबत्ती, टार्च, पर्याप्त राशन का इंतजाम करें
लगातार तीन दिन मौसम खराब रहने के लिए पहले से तैयारी करें। घरों में मोमबत्ती, टार्च, माचिस आदि रखें। इन्वर्टर का निरीक्षण कर लें। खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें और खानपान की पर्याप्त सामग्री का भंडारण कर रखें। मौसम खराब होने पर बिजली के उपकरण और इंटरनेट बंद करना ठीक रहेगा।
खुले में निकलना हो सकता है खतरनाक
आंधी-बारिश के दौरान खुले में निकलना खतरनाक हो सकता है। गाड़ी चलाना, जर्जर पेड़, बिजली के खंभों, पुराने मकान, जर्जर दीवार आदि के पास ठहरना खतरे भरा रहेगा। दोपहिया चालकों पर हवा में उड़कर भारी सामान गिर सकता है। ऐसे में सुरक्षित बंद और पक्के स्थलों पर शरण उचित होगा।




साइन इन