UP Weather: आसमान से बरसती आग में बांदा 47.4 डिग्री पर तपा, प्रयागराज-वाराणसी 45 डिग्री के पार
मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ। गर्म हवा और झुलसा देने वाली धूप से शनिवार को यूपी के 31 शहरों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर रहा। छह शहरों में 44 डिग्री से ज्यादा रहा। बांदा में दिन का तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ। गर्म हवा और झुलसा देने वाली धूप से शनिवार को यूपी के 31 शहरों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर रहा। छह शहरों में 44 डिग्री से ज्यादा रहा। बांदा में दिन का तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। प्रयागराज में 45.5, वाराणसी में 45 डिग्री और लखनऊ में सीजन का सर्वाधिक पारा 43 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 27 के बाद ही विक्षोभ तपिश का सिलसिला तोड़ेगा।
आईएमडी लखनऊ के अनुसार बांदा में वर्ष 2022 की 30 अप्रैल को शनिवार जितना ही तापमान रहा था। इसके पूर्व कभी बांदा में पारा इतना ऊपर तक नहीं गया। अप्रैल के दौरान 1979 की 29 तारीख को 46.7 और 1993 की 28 अप्रैल को 46.4 तापमान बांदा में दर्ज किया गया था। इस तपिश की वजह हवा के निचले क्षोभ मंडल में आ रही गर्म पछुआ हवा है। इसको आंतरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव का साथ मिल रहा है। तापमान में हो रही बढ़ोतरी के परिणामस्वरूप प्रदेश में चल रही लू की तीव्रता और दायरा बढ़ गया। पश्चिमी यूपी के मेरठ, आगरा, शाहजहांपुर, जालौन, बरेली मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ के अलावा पूर्वांचल के बलिया, वाराणसी, बांदा और प्रयागराज में लू दर्ज की गई।
आगरा से लखनऊ तक बढ़ी तपिश
शनिवार को झांसी में 44.8 डिग्री अधिकतम पारा दर्ज किया गया। आगरा में 44.5, हमीरपुर में 44.2, फुर्सतगंज में 44, सुलतानपुर में 44.1, चुर्क में 43.4, कानपुर शहर में 43, बाराबंकी में 43.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। लखनऊ में 42.9 डिग्री तापमान के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।
दो दिन तक भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के अनुसार हवा के निचले क्षोभमंडल में गर्म हवा आ रही है। महाराष्ट्र के ऊपर प्रति चक्रवात की स्थिति इसे और बढ़ावा दे रही है। नतीजतन गर्मी प्रचंड रूप दिखा रही है। अमौसी स्थित आईएमडी लखनऊ के अनुसार अभी दो दिन तक इस भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों की आवाजाही शुरू होगी।
झुलसा यूपी, सीजन का सबसे गर्म दिन
जाता हुआ अप्रैल आने वाले मई-जून का एहसास करा रहा है। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यूपी में शनिवार को भीषण गर्मी पड़ सकती है। इसका अंदाजा सुबह ही हो गया जब 8 बजे ही बाहर निकलने वालों को धूप चुभती महसूस हुई। पार्क इस समय तक सुबह की सैर करने के लिए निकलने वालों से खाली हो चुके थे। राजधानी लखनऊ में दिन के 10 बजे तक तापमान 37 डिग्री तक पहुंच गया। दोपहर तक 40 और 12:30 बजे शहर का तापमान 41 डिग्री को पार कर चुका था। नतीजतन जिनको जरूरी कार्य से निकलना पड़ा उनको गर्मी ने बेहाल कर दिया। सड़कों से लेकर इमारतें तक तप रही थीं। दोपहिया या पैदल चलने वालों को शाम 4 बजे तक भीषण गर्मी ने परेशान रखा।




साइन इन