होमगार्ड भर्ती में गड़बड़ी की साजिश का पर्दाफाश, 3 शिक्षकों समेत 4 गिरफ्तार; सेंटर में मिली डिवाइस
कानपुर में एक परीक्षा केंद्र के भीतर नकल कराने के इरादे से इलेक्ट्रानिक डिवाइस छिपाकर रखी गई थी। एटा में अभ्यर्थी फर्जी प्रवेश पत्र लेकर पहुंचा था, जो बायोमैट्रिक जांच में डाटा मैच न होने पर पकड़ा गया। होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा में पहले दिन गड़बड़ी के प्रयास में 4 लोग गिरफ्तार हुए।

UP Home Guard Recruitment 2026 : पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड ने शनिवार को होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा में पहले दिन गड़बड़ी करने के प्रयास में एटा में एक अभ्यर्थी और कानपुर में तीन सहायक अध्यापक पकड़े। एटा में अभ्यर्थी फर्जी प्रवेश पत्र लेकर पहुंचा था, जो बायोमैट्रिक जांच में डाटा मैच न होने पर पकड़ा गया। वहीं तीनों शिक्षकों की गिरफ्तारी तब हुई जब कानपुर नगर के बीएनएसडी इंटर कालेज स्थित परीक्षा केंद्र के एनसीसी कक्ष में छिपा कर रखा गया प्रतिबंधित इलेक्ट्रानिक डिवाइस मिला। आरोप है कि ये लोग प्रश्नपत्र को एआई के माध्यम से हल करके परीक्षार्थी को लाभ पहुंचाने की तैयारी में थे।
श्रावस्ती को छोड़कर अन्य 74 जिलों में 1053 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में करीब 25% अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। भर्ती बोर्ड के अनुसार दोनों पालियों की लिखित परीक्षा में कुल 8,44,066 अभ्यर्थियों के स्थान पर 6,35,856 (75.33%) अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कानपुर नगर में एक परीक्षा केंद्र के भीतर नकल कराने के इरादे से इलेक्ट्रानिक डिवाइस छिपाकर रखी गई थी। मामले में तीन सहायक अध्यापकों को गिरफतार किया गया है। एटा में डीएवी इंटर कालेज स्थित परीक्षा केंद्र में एक अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र पर अनुक्रमांक, परीक्षा समय, उपस्थिति का समय व अन्य विवरण में गड़बड़ी थी। जांच में पता चला कि प्रवेश पत्र जाली है। मामले में एटा के थाना सकीट में उप्र सर्वाजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर आरोपी अभ्यर्थी हाथरस निवासी तेजवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया।
कूटरचित प्रवेश पत्र तैयार करने वाले लोकवाणी जनसेवा केंद्र के संचालक के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में दूसरे अभ्यर्थी के प्रवेशपत्र के बारकोड को स्कैन कर गड़बड़ी की गई थी। बायोमैट्रिक के दौरान डाटा मैच न होने पर आरोपी तेजवीर पकड़ा गया। बोर्ड के अनुसार कानपुर नगर में बीएनएसडी इंटर कालेज स्थित परीक्षा केंद्र में एनसीसी कक्ष में प्रतिबंधित इलेक्ट्रानिक डिवाइस को अनुचित प्रयोग के लिए छिपाकर रखा गया था। थाना कर्नलगंज में मुकदमा दर्ज कराकर तीन आरोपी सहायक अध्यापक अखिलेश यादव, संदीप चंद्र विश्वकर्मा, निर्मल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। रविवार, सोमवार को भी 74 जिलों में दो-दो पालियों में होमगार्ड एनरोलमेंट की परीक्षा होगी। होमगार्ड स्वयंसेवकों के 41,424 रिक्त पदों पर भर्ती होनी है।
एआई से सवाल हल परीक्षाथिर्यों को बताने वाले थे
बीएनएसडी कॉलेज के प्रवक्ता और दो ट्यूशन टीचरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ये लोग प्रश्नपत्र को एआई के माध्यम से हल करके परीक्षार्थी को लाभ पहुंचाने की तैयारी में थे। हालांकि इससे पहले ही तीनों पकड़े गए। कर्नलगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि प्रवक्ता ने गलत तरीके से दोनों ट्यूशन टीचर को बुलाया था और उन्हें फर्जी तरीके से कक्ष निरीक्षक का कार्ड जारी कर दिया। बीएनएसडी कॉलेज के सहकेंद्र व्यवस्थापक ललित विश्नोई ने कर्नलगंज थाने में तहरीर दी। तहरीर के मुताबिक दूसरी पाली में सभी अभ्यर्थी बायोमीट्रिक कराकर अपने-अपने कक्ष में चले गए थे।
प्रश्नपत्र वितरित किए जा रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति परिसर के अंदर तेजी से एनसीसी रूम की ओर जा रहा था। वहां तैनात सिपाही रवींद्र सिंह और शशांक कुमार को पीछे कुछ लगाकर युवक के घूमने का शक हुआ तो उन्होंने पूछताछ शुरू की। जिससे युवक घबरा गया। बताया कि वह कक्ष संख्या 21 का कक्ष निरीक्षक संदीप कुमार विश्वकर्मा है। सिपाही ने तलाशी ली तो उसके पास से सील्ड प्रश्न पुस्तिका मिली। इस पर पुलिस ने प्रधानाचार्य और सह केंद्र व्यवस्थापक को बुलाया। दोनों ने पूछताछ की तो संदीप ने बताया कि दूसरे कक्ष निरीक्षक निर्मल कुमार ने यह प्रश्न पुस्तिका दी है। प्रश्न पुस्तिका को लेकर वह एनसीसी रूम में जा रहा है। वहां प्रिंटर और स्मार्ट मोबाइल रखा है। मोबाइल से एआई के माध्यम से सभी प्रश्नों के उत्तर लेकर मिनी पॉकेट प्रिंटर से निकालने के लिए निर्मल कुमार ने कहा है। कॉलेज प्रबंधन ने दोनों कक्ष निरीक्षकों के पहचान पत्रों की जांच की तो वह फर्जी निकले। उनके पहचान पत्र बनाकर ड्यूटी कॉलेज के प्रवक्ता अखिलेश यादव ने लगाई थी। जिसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। एडीसीपी महेश कुमार का कहना है कि एक कॉलेज का प्रवक्ता है तो अन्य दोनों प्राइवेट ट्यूशन टीचर हैं। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है।
दो दिन पहले ही एनसीसी कक्ष में रखवाया था प्रिंटर और स्मार्ट फोन
बीएनएसडी कॉलेज में अभ्यर्थियों को नकल कराने की व्यवस्था दो दिन पहले से की गई थी। इसके लिए एनसीसी रूम में पहले से ही प्रिंटर और स्मार्ट फोन रखवाया गया था। इसके साथ ही दोनों ट्यूशन टीचर की ड्यूटी में भी फर्जीवाड़ा किया गया। जिलाधिकारी कार्यालय से भेजी गई सूची में दोनों ट्यूशन टीचर का नाम नहीं था। अब सवाल यह है कि एक अभ्यर्थी को लाभ पहुंचाने के लिए इतनी जद्दोजहद की गई या फिर इसके पीछे सामूहिक नकल कराने की प्लानिंग थी। पुलिस इस विषय पर जांच कर रही है।




साइन इन