UP Weather: यूपी में आज पांचवां विक्षोभ देगा दस्तक, 18 के बाद तेजी से चढ़ेगा तापमान
UP Weather Forecast : उत्तर प्रदेश में अब तेज गर्मी की शुरुआत होने वाली है। बुधवार की शाम तक पांचवां विक्षोभ दस्तक देगा जिसका असर 18 अप्रैल तक रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इसके बाद यूपी भी हीट वेव की चपेट में आ जाएगा। तापमान तेजी से चढ़ेगा और तेज गर्मी की शुरुआत होगी।

UP Weather: उत्तर प्रदेश छोड़ ज्यादातर राज्यों में अभी से हीट वेव शुरू हो गई है। प्रदेश में बुधवार शाम तक पांचवां विक्षोभ दस्तक देगा। पश्चिमी यूपी तक इसका असर संभावित है। 17 और 18 अप्रैल को इसका अधिक प्रभाव दिखेगा। मौसम विभाग के अनुसार पांचवें विक्षोभ का असर 18 तक रहेगा। इसके बाद यूपी भी हीट वेव की चपेट में आ जाएगा। इसके बाद तेजी से तापमान चढ़ेगा और तेज गर्मी की शुरुआत होगी। मंगलवार को यूपी के प्रयागराज और वाराणसी में पारा 40 डिग्री और कानपुर में 37 डिग्री पार कर गया। इससे पहले दो अप्रैल को ऐसा हुआ था। रात के तापमान में कमी दर्ज की गई है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
पांचवे विक्षोभ से कश्मीर समेत आसपास के कई राज्य प्रभावित होंगे। इसमें उत्तर प्रदेश भी शामिल है। कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। पर तेज हवाएं चल सकती हैं। तापमान में अभी भी उतार-चढ़ाव हो सकता है।
सुबह से ही तेज धूप
अब कई शहरों में सुबह से ही तेज धूप हो जा रही है। ताजनगरी आगरा में मंगलवार को गर्मी ने जोर पकड़ा। सुबह से तेज धूप ने दोपहर में पसीने छुड़ा दिए। एयर कंडीशनर चलने लगे हैं। इधर तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। दिन का तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने 12 अप्रैल के बाद तापमान में बढ़ोत्तरी के आसार जताए थे। करीब पांच दिनों तक सतही हवाएं चलने के कारण तापमान सधा रहा। लेकिन 13 अप्रैल को हवाएं बंद होने के बाद मंगलवार को तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। सुबह से आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली। दोपहर को तीखी गर्मी का एहसास हुआ। खुले में निकले लोगों के पसीने छूट गए। दोपहिया वाहन चालकों के सिर हेलमेट के नीचे भीग गए। तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई। अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम होकर 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यही कारण है कि अभी सुबह और रात को नमी का एहसास हो रहा है। कुछ दिनों बाद रात का तापमान बढ़ेगी और नमी खत्म हो जाएगी।
43 डिग्री को पार करेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक अब आसमान साफ रहेगा। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी होगी। आगरा में 20 अप्रैल तक दिन का पारा 43 डिग्री सेल्सियस पार कर सकता है। ऐसे में सुबह से शाम तक भीषण गर्मी सहन करनी पड़ेगी। जबकि मई-जून में पारा 45 डिग्री सेल्सियस या इससे भी अधिक पहुंच सकता है। इस बार गर्मी का सीजन लंबा हो सकता है।
प्रयागराज में दिन का पारा 40 के पार, रात का लुढ़का
वहीं प्रयागराज में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के बाद तापमान में वृद्धि लगातार जारी है। मंगलवार को दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो अप्रैल माह का सबसे अधिक दिन का तापमान रहा। इससे पहले 30 मार्च को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। सोमवार को अधिकतम तापमान में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। दिन के तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गयी। वहीं, सोमवार की रात का न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रविवार की रात का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस था। यानी 24 घंटे में 4.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गयी। मौसम विभाग के अनुसार, 20 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहेगा।




साइन इन