up weather imd alert heat wave yellow alert cm yogi adityanath forecast UP Weather : मौसम के तीखे तेवर, हीट वेव का यलो अलर्ट; सीएम योगी ने प्रशासन-पब्लिक को किया सतर्क, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather : मौसम के तीखे तेवर, हीट वेव का यलो अलर्ट; सीएम योगी ने प्रशासन-पब्लिक को किया सतर्क

उत्तर प्रदेश में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। कई जिलों में तापमान 41, 42  डिग्री तक पहुंच गया है। इस बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन और पब्लिक दोनों को सतर्क किया है। मौसम विज्ञानियों ने आशंका जताई है कि अप्रैल अंत तक तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। 23 अप्रैल तक हीट वेव का यलो अलर्ट है।

Mon, 20 April 2026 08:26 AMAjay Singh संवाददाता, लखनऊ/ कानपुर
share
UP Weather : मौसम के तीखे तेवर, हीट वेव का यलो अलर्ट; सीएम योगी ने प्रशासन-पब्लिक को किया सतर्क

UP Weather : उत्तर प्रदेश में मौसम के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। एंटी साइक्लोनिक सिस्टम मध्य भारत की ओर धीरे-धीरे आ रहा है जो उत्तर प्रदेश में गर्म हवाएं फेंक रहा है। इससे प्रदेश के विशेषकर दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके फिलहाल प्रभावी रहने की संभावना है जिससे 23 अप्रैल तक प्रदेश में हीट वेव का यलो अलर्ट घोषित कर दिया है। कम से कम दो से चार डिग्री पारा अभी और चढ़ रहा है। इस बीच सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता के नाम लिखी ‘योगी की पाती’ में प्रशासन और पब्लिक दोनों का सतर्क किया है। सीएम योगी ने प्रदेश के हर इंसान की जिंदगी को अनमोल बताते हुए आश्वस्त किया है कि सरकार ने कड़कड़ाती ठंड की तरह प्रचंड गर्मी की मार से बचाने की तैयारी भी कर ली है। शासन के हर स्तर पर समन्वित और समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की गई है।

बिजली की पीक डिमांड को देखते हुए लगभग 34 हजार मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके साथ ही सड़कों पर पानी का छिड़काव, छायादार क्षेत्रों की व्यवस्था, श्रमिकों को थकावट, निर्जलीकरण और लू से बचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस कड़ी में औद्योगिक और निर्माण स्थलों पर स्वास्थ्य जांच शिविर स्थापित किए जाएंगे। हीट स्ट्रोक से प्रभावितों को तत्काल उपचार मिले, इसके लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था की गई है। इस बीच शासन ने प्रदेश के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को अधिकृत कर दिया है कि वे गर्मी अधिक बढ़ने पर जिलों में प्राथमिक स्कूलों के समय में बदलाव कर सकेंगे। जालौन, हमीरपुर, औरैया, चंदौली व जौनपुर के बीएसए ने इसका अनुपालन करते हुए अपने जिले में स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया है। चंदौली, प्रतापगढ़, संतकबीर नगर व जौनपुर जिले में कक्षा एक से आठ तक के परिषदीय स्कूलों का समय 7.30 से दोपहर 12.30 बजे तक कर दिया गया है। बुंदेलखंड के जालौन व हमीरपुर में सुबह 7.30 से दोपहर 12 बजे तक का निर्धारित किया है। औरैया में सुबह सात से 12 बजे तक किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कब होंगे पंचायत चुनाव? डेट से पहले शुरू होने जा रही डुप्लीकेट वोटरों की छंटनी

अचानक बढ़ने लगा प्रदेश का तापमान

उत्तर प्रदेश में अप्रैल में अचानक दिन का तापमान तेजी से बढ़ने लगा। पांचवें पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बावजूद तापमान में तेजी से वृद्धि मौसम विज्ञानियों के लिए अचरज का विषय बना हुआ था। उत्तर प्रदेश के विशेषकर दक्षिणी हिस्से के जिलों में तो तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच चला गया। कई जिले हीट आइलैंड में बदल गए। ऐसे में शुक्रवार से लगातार रविवार तक दिन का तापमान बढ़ा है।

अप्रैल के अंत तक 44 डिग्री तक जा सकता तापमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि 22 अप्रैल तक पश्चिमी यूपी और 23 अप्रैल तक पूर्वी यूपी में राहत की उम्मीद नहीं है। 23 तक हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के अनुसार 21 अप्रैल या इससे पहले तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अप्रैल के अंत तक 44 डिग्री तक जा सकता है। न्यूनतम पारा 25 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। सीएसए के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि फिलहाल आसमान साफ है जिसके चलते दिन का पारा अधिक बना हुआ है। तापमान में लगातार वृद्धि की संभावना है। इस वर्ष अनेक कारणों से अप्रैल अपेक्षाकृत अधिक गर्म है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पुराने बिजली मीटरों को स्मार्ट प्रीपेड से बदलने पर तत्काल रोक, पहले होगी ये जांच

लखनऊ में लू जैसी स्थिति

रविवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री पहुंच गया। रात के तापमान में भी बढ़त दर्ज की गई। दिन का तापमान अधिक होने तथा पछुआ हवाओं के चलने के कारण लू जैसी स्थिति बन गई। झुलसा देने वाली गर्मी के चलते दोपहर के वक्त सड़कों पर ट्रैफिक लोड कम दिखा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक निचले क्षोभ मंडल से आ रही शुष्क पछुआ हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। इसके चलते दोपहर के वक्त लू जैसी स्थिति बनी रही। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन और रात का तापमान बढ़ने से लोग बेचैन रहे। दोपहर के वक्त गर्म हवा लू का अहसास करा रहीं थी। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक आगामी सप्ताह में मौसम शुष्क बना रहेगा तथा तापमान में कोी विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। अगले 4-5 दिनों दौरान लू चलने की संभावना है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:CM योगी ऐक्शन में, देर रात 40 IAS इधर से उधर, 15 DM - 5 CDO बदले ; देखें लिस्ट

रात के वक्त भी बनी रहेगी गर्मी

हवा में नमी अधिकतम 57 फीसदी तथा न्यूनतम 13 फीसदी दर्ज की गई। नमी कम होने से गर्म हवाएं चल रहीं है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जो इस पाप के भागीदार...महिला आरक्षण बिल न पास होने देने पर विपक्ष पर गरजे योगी

यूपी में पांच दिन तक झुलसाएगी गर्म हवा

प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, सुल्तानपुर, बाराबंकी, बहराइच, शाहजहांपुर और हरदोई में 4-5 दिनों के दौरान लू की संभावना है। रविवार को प्रयागराज 44.6, झांसी 43.6, आगरा 43.6 डिग्री पारे के साथ तपा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।