UP Shahjahanpur Horrific road accident; husband, wife and their two innocent children death यूपी में भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी और उनके 2 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी और उनके 2 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत

यूपी में भीषण सड़क हादसा हो गया है। शाहजहांपुर में बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार  पति-पत्नी और उनके 2 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना पर घर में कोहराम मच गया।

Thu, 30 April 2026 01:08 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी में भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी और उनके 2 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत

UP News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पुवायां क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई। हादसे में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई है। हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया है। हादसा पुवायां-शाहजहांपुर स्टेट हाईवे पर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल फ्लाईओवर के पास करीब 11 बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार निगोही थाना क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी अरुण धोबी (35) अपनी पत्नी सीमा (32), बेटी दीक्षा (10) और तीन वर्षीय बेटे नैतिक के साथ बाइक से पुवायां में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। गुरुवार सुबह समारोह समाप्त होने के बाद अरुण अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक (UP 27 BV 3343) से वापस अपने घर निगोही लौट रहा था। इसी दौरान पुवायां बाईपास पर बाइक गलत दिशा में चली गई, तभी सामने से आ रही बोलेरो (UP 82 Q 8382) ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अरुण, दीक्षा और नैतिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सीमा को तत्काल सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना पुवायां पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। क्षेत्राधिकारी प्रवीण मालिक ने बताया कि शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और फील्ड यूनिट को भी जांच के लिए बुलाया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने निगोही स्थित परिवार को सूचना दे दी है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से निगोही में शोक की लहर है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:माता जी इस उम्र में सच्चाई स्वीकारें, योगी बोले- सपाइयों को देख गिरगिट भी शरमाए
ये भी पढ़ें:UP में राज्य कर्मचारियों के तबादले 31 मई तक पूरे जाएंगे, कैबिनेट से जल्द मंजूरी
ये भी पढ़ें:BJP MLA को 5 करोड़, सपा MLA को 1 करोड़; फंड में भेदभाव पर माता की योगी से शिकायत

रायबरेली में भी वाहन की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल

वहीं रायबरेली चौकी क्षेत्र परशदेपुर के जायस–सलोन मार्ग पर हौदहा तालाब के पास बुधवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हाजीपुर ग्राम प्रधान रामसजीवन का पुत्र अमित (लगभग 28 वर्ष) अपने साले अभिषेक के साथ बारात से वापस लौट रहा था। बुधवार देर रात नसीराबाद की ओर से आते समय हौदहा तालाब के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। वहीं अभिषेक का इलाज जारी है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।