यूपी: कोल्ड ड्रिंक को लेकर बेटे से हुआ झगड़ा, घर में घुसकर फरसे से पिता का हाथ काटा
ओमवती ने बताया कि उनके बेटे अमित का एक युवक से कोल्ड ड्रिंक के पैसों को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है 26 मई को आरोपियों ने अमित को घेरकर मारपीट की। इसकी शिकायत थाना पुलिस से की, लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ। इस पर पीड़ित पक्ष ने शुक्रवार को SSP से शिकायत की थी।

UP News : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के नरसेना में कोल्ड ड्रिंक को लेकर हुए विवाद ने शुक्रवार को खूनी रूप ले लिया। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से शिकायत की तो इससे बौखलाए आरोपियों ने घर में घुसकर फरसे, फावड़े और लाठी डंडे से परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने फरसे से वार कर युवक के पिता का हाथ काट दिया। गंभीर रूप से घायल पीड़ित का हाथ जोड़ने के लिए डॉक्टर ऑपरेशन कर रहे हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
नरसेना निवासी ओमवती ने बताया कि उनके बेटे अमित का एक युवक से कोल्ड ड्रिंक के पैसों को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है 26 मई को आरोपियों ने अमित को घेरकर मारपीट की। इसकी शिकायत थाना पुलिस से की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इस पर पीड़ित पक्ष ने शुक्रवार को एसएसपी से शिकायत की थी। देर शाम पीड़ित पक्ष शिकायत के बाद घर लौटा तो आरोपी पक्ष के लोगों ने फरसा, फावड़े और लाठी डंडा लेकर उनके घर पर धावा बोल दिया।
हमलावरों ने ओमवती के पति धर्मा के सिर और हाथ पर फरसा से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। धर्मा मौके पर ही बेहोश होकर गिर गया और उसका हाथ लगभग कट गया। परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। धर्मा का हाथ कटकर बस त्वचा के सहारे जुड़ा रहा। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ऑपरेशन कर हाथ जोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। हमलावरों के फरार होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित परिजनों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी रामकिशोर गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी सुखबीर, उसके पुत्र करन और विशांत, पत्नी राजवती के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या बोली पुलिस
नरसेना के थाना प्रभारी रामकिशोर गौतम ने बताया कि शराब पीकर गालीगलौज करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे अस्पताल भेजा गया है। जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।




साइन इन