डैम में नहाते समय रील बनाने के चक्कर में गई जान, गहरे पानी में जाकर डूबा युवक
यूपी के प्रतापगढ़ में बकुलाही नदी में औवार गांव के पास बने डैम में नहाने के दौरान रील बनाते समय चिलबिला के व्यापारी का बेटा और उसका एक दोस्त डूबने लगा। दोस्त को तो अन्य साथियों ने बचा लिया लेकिन व्यापारी का बेटा डूब गया।

यूपी के प्रतापगढ़ में बकुलाही नदी में औवार गांव के पास बने डैम में नहाने के दौरान रील बनाते समय चिलबिला के व्यापारी का बेटा और उसका एक दोस्त डूबने लगा। दोस्त को तो अन्य साथियों ने बचा लिया लेकिन व्यापारी का बेटा डूब गया। स्थानीय गोताखोर नदी में उतरे लेकिन शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका। देर शाम तक प्रयागराज से एसडीआरएफ की टीम के आने का इंतजार होता रहा।
नगर कोतवाली क्षेत्र के चिलबिला निवासी शीतला प्रसाद वैश्य की समोसे की दुकान है। उनके 24 वर्षीय इकलौता बेटा अनिकेत घर के पास ही किराने की दुकान चलाता था। वह शनिवार शाम चार अन्य दोस्तों के साथ देहात कोतवाली के औवार गांव में बकुलाही नदी के पास बने डैम पर पहुंच गया। सभी दोस्त डैम की दीवार से गिरते पानी में नहाते हुए रील बनाने लगे। अचानक अनिकेत और उसका दोस्त अभिषेक गहरे पानी में जाकर डूबने लगे।
अन्य साथियों ने अभिषेक को तो बचा लिया लेकिन अनिकेत गहरे पानी में डूब गया। साथियों की सूचना पर पृथ्वीगंज चौकी इंचार्ज के साथ ही अनिकेत के परिजन, रोशनलाल उमरवैश्य, सदर विधायक के बेटे आशीष मौर्य सहित अन्य व्यापारी पहुंच गए। स्थानीय गोताखोर डैम के पास नदी में उतरे लेकिन देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका। देहात कोतवाली के एसओ पुष्पराज सिंह ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों से खोजने का प्रयास किया गया। अब प्रयागराज से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। टीम के आने पर तलाश तेज होगी।
चेकडैम में हर साल जा रही जान
पृथ्वीगंज इलाके के औवार गांव के पास बकुलाही नदी पर बना चेकडैम आसपास के युवाओं के लिए सेल्फी प्वाइंट बन गया है। हर रोज यहां युवा रील बनाते रहते हैं। उनके बीच यह बेल्हा के वाटर पार्क के रूप में जाना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह डैम हर साल एक युवक की जान ले रहा है। डैम का पानी दीवार के दूसरी ओर जहां गिरता है वहां आए दिन मवेशी भी मर जाते हैं।
अनिकेत के डूबने के बाद दिखा आक्रोश
देहात कोतवाली के औवार गांव स्थित बकुलाही नदी के डैम में चिलबिला के व्यापारी अनिकेत के डूबने के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों में भी रोष दिखा। लोगों ने बताया कि डैम युवाओं के रील बनाने और सेल्फी लेने का स्थान बन गया है लेकिन यहां हर साल एक युवक की मौत भी हो रही है। जिला प्रशासन इस खतरे को टालने के लिए कोई उपाय नहीं कर रहा है।




साइन इन