UP News Live: नोएडा-आगरा रूट पर डबल डेकर बस पलटी, 24 साल बाद यूपी विधानसभा पहुंचे राजनाथ सिंह UP News Live CM Yogi Adityanath UP Cabinet Expansion BJP Vinod Tawde Uttar Pradesh Latest Updates Today 12 April - uttar-pradesh news
More
Hindi Newsउत्तर प्रदेशUP News Live: नोएडा-आगरा रूट पर डबल डेकर बस पलटी, 24 साल बाद यूपी विधानसभा पहुंचे राजनाथ सिंह

UP News Live: नोएडा-आगरा रूट पर डबल डेकर बस पलटी, 24 साल बाद यूपी विधानसभा पहुंचे राजनाथ सिंह

UP News Live: मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब नोएडा-आगरा मार्ग पर किलोमीटर संख्या 76 के पास एक डबल डेकर बस पलट गई। उधर, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे।

UP News Live: नोएडा-आगरा रूट पर डबल डेकर बस पलटी, 24 साल बाद यूपी विधानसभा पहुंचे राजनाथ सिंह

UP News Live

Srishti Kunj| लाइव हिन्दुस्तान,लखनऊ | Sun, 12 Apr 2026 11:08 PM
हमें फॉलो करें

UP News Live: मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब नोएडा-आगरा मार्ग पर किलोमीटर संख्या 76 के पास एक डबल डेकर बस पलट गई। घटना की सूचना शाम 7:36 बजे पीआरवी 1877 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना नौहझील पुलिस, चौकी प्रभारी बाजना कट और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मौके पर बस संख्या BR02PC2291 सड़क के बीचों-बीच पलटी हुई मिली। बस में सवार सभी यात्रियों को शीशे तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस और सरकारी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहझील भेजा गया। बताया जा रहा है कि बस में करीब 100 यात्री सवार थे, जो नोएडा से दरभंगा (बिहार) जा रहे थे।

उधर, लखनऊ के दौरे पर आए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे। उनके आगमन पर विधानसभा के माननीय अध्यक्ष सतीश महाना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। लगभग 24 वर्षों के बाद विधानसभा का भ्रमण करने पहुंचे रक्षा मंत्री ने यहां किए गए व्यापक नवाचारों, सुदृढ़ व्यवस्थाओं और आधुनिकीकरण कार्यों की सराहना की।

12 Apr 2026, 10:55:04 PM IST

प्रियंका का मोबाइल खोलेगा वारदात का राज

प्रियंका की मौत का राज उसके मोबाइल की जांच के बाद खुल सकता है। प्रियंका का मोबाइल उसके पिता उदय भानु के पास बताया गया है और इसे बरामद करने के लिए मेरठ पुलिस की टीम हरिद्वार पहुंची है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो जिस धर्मशाला में उदय भानु रुके थे, वहीं सामान में प्रिंयका का मोबाइल रखा हुआ है। इस मोबाइल फोन की जांच के बाद कुछ बातों से पर्दा उठ सकता है।

12 Apr 2026, 10:19:12 PM IST

झांसी में गैंगरेप के बाद छात्रा की हत्या, दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

झांसी एक दिल दहला देने वाले मामला सामने आया है। जहां उल्दन थाना क्षेत्र में 12वीं की छात्रा से गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का आरोप है।

झांसी में गैंगरेप के बाद छात्रा की हत्या, दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

12 Apr 2026, 09:02:18 PM IST

झांसी में उमा भारती की ट्रेन छूटी, रोककर बैठाया गया

भाजपा की नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती की रविवार को ट्रेन छूट गई। रेलवे अफसरों को जैसे ही यह पता लगा, आनन-फानन में ट्रेन रोकी गई। उमा के ट्रेन में सवार होने के बाद रेलवे अफसरों ने राहत की सांस ली। इस दौरान करीब पांच मिनट देरी से ट्रेन रवाना हो सकी। उमा को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन से पंजाब मेल में सवार होना था। उन्होंने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिकायत की है।

झांसी में उमा भारती की ट्रेन छूटी, रोककर बैठाया गया

12 Apr 2026, 07:53:41 PM IST

बारिश से फसलें बर्बाद पर किसानों को नहीं मिला मुआवजा: अखिलेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को जारी बयान में कहा है कि भाजपा सरकार में किसान उपेक्षा का शिकार है। असमय बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से प्रदेश भर में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। कई जिलों में गेहूं की फसल चौपट हो गई। पूरब से पश्चिम तक किसानों की गेहूं, सरसों और अन्य फसलें खराब हो गईं, लेकिन सरकार ने अभी तक किसानों को कोई मुआवजा और मदद नहीं दी।

अखिलेश ने कहा है कि मैनपुरी, कन्नौज, बाराबंकी, सीतापुर, हाथरस, अयोध्या, मेरठ, पीलीभीत, मथुरा, हरदोई, सोनभद्र, श्रावस्ती समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में किसानों का गेहूं भीग गया। फसल गिर कर बर्बाद हो गई। मंत्री और अफसर ने थोथी घोषणाएं और हवाई सर्वेक्षण कर कर्तव्य की इतिश्री कर ली। सरकारी मदद के नाम पर अभी तक किसानों के हाथ कुछ नहीं आया। फसलें खराब होने से किसान दाने-दाने के लिए परेशान हैं। किसान बेबस और निराश हैं। एक तरफ बढ़ती लागत और दूसरी ओर मौसम की मार ने किसानों के सामने संकट पैदा कर दिया है।

12 Apr 2026, 06:55:42 PM IST

मुठभेड़ में लुटेरा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

आगरा के रामगढ़ थाना पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ में एक मोबाइल लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया। वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। सूचना मिलने मिलने पर एसपी सिटी और सीओ सिटी भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल लुटेरे को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस लुटेरे के फरार साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।

12 Apr 2026, 05:24:10 PM IST

यूपी के 49 बस स्टेशनों को लेकर योगी सरकार का बड़ा कदम

यूपी में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। योगी सरकार ने फेज-2 परियोजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत प्रदेश के 49 बस स्टेशनों का कायाकल्प कराया जाएगा। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर लागू की जाएगी।

यूपी के 49 बस अड्डों को लेकर क्या करने जा रही योगी सरकार?

12 Apr 2026, 05:00:43 PM IST

ममता बनर्जी के बंगाल में योगी ने TMC का बताया फुल फॉर्म

सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को पश्चिम बंगाल में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पार्टी का फुल फॉर्म भी बताया। साथ ही ममता बनर्जी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। योगी ने कहा कि कुछ दिन पूर्व बांग्लादेश में एक दलित हिंदू की निर्मम हत्या की गई, बंगाल की CM ममता दीदी मौन रहीं।

ममता बनर्जी के बंगाल में योगी ने TMC का बताया फुल फॉर्म

12 Apr 2026, 04:58:56 PM IST

गायिका आशा भोसले के निधन पर सीएम योगी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मशहूर गायिका आशा भोसले के निधन को अत्यंत दुखद और कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'भारतीय संगीत जगत की स्वर साम्राज्ञी, महान संगीत कलाकार और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले जी का निधन बहुत दुखद घटना है और कला की दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति है। गायन में उनकी बेमिसाल कला ने भारतीय संगीत को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनकी सुरीली आवाज इस देश के लोगों के दिलों में हमेशा गूंजती रहेगी।' आदित्यनाथ ने कहा, 'मैं भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को यह बहुत बड़ा दुख सहने की ताकत दें। ओम शांति!' भोसले का रविवार को निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। वह मशहूर गायिका दिवंगत लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। भोसले को शनिवार शाम सीने में संक्रमण और कमजोरी महसूस होने के कारण यहां ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने अलग-अलग भारतीय भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए तथा मीना कुमारी, मधुबाला, जीनत अमान से लेकर काजोल और उर्मिला मातोंडकर जैसी अभिनेत्रियों के लिए आवाज दी।

12 Apr 2026, 02:04:56 PM IST

वाहन की टक्कर से बुजुर्ग घायल, हालत गंभीर

श्रावस्ती में तेज रफ्तार वाहन ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीररूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी इकौना में भर्ती कराया गया जहां उन्हें जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया।

इकौना थाना क्षेत्र के इकौना नगर स्थित बेचूबाबा मोहल्ला निवासी मोहम्मद युनुस (70) पुत्र मोहम्मद बक्स शनिवार देर शाम को किसी काम से साइकिल से जा रहे थे। जैसे ही वह मोहनीपुर-कैलाशपुर मार्ग पर पहुंचे तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी।

हादसे में बुजुर्ग गंभीररूप से घायल हो गए। लोगों की ओर से डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इकौना में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया।

12 Apr 2026, 01:59:42 PM IST

छुट्टा मवेशी से टकराकर बाइक सवार गंभीर

श्रावस्ती में एक बाइक सवार व्यक्ति हाइवे पर खड़े छुट्टा मवेशी से टकराकर गंभीररूप से घायल हो गया। लोगों की ओर से घायल को सीएचसी इकौना में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए घायल को मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया गया।

नवीन माडर्न थाना श्रावस्ती क्षेत्र के डकाही गांव निवासी राम बनारस (55) पुत्र बाला प्रसाद बाइक से कहीं जा रहे थे। पटखौली गांव के पास पहुंचते ही अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े मवेशी से टकरा गई। हादसे में राम बनारस गंभीररूप से घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों की ओर से एम्बुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी इकौना में भर्ती कराया गया।

12 Apr 2026, 01:58:56 PM IST

सवारी लेकर जा रहा ई-रिक्शा पलटा, महिला की मौत, 10 घायल

श्रावस्ती में सवारी लेकर जा रहा ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में दम्पति समेत 11 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया।

भिनगा कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मनपुर बाजार से रविवार को ई-रिक्शा पर सवार होकर लोग बहराइच जिले के दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र स्थित गगनचक गांव जा रहे थे। भिनगा बहराइच हाइवे पर सोनवा थाना क्षेत्र के भारीगांव के सामने अचानक एक महिला ई-रिक्शा के सामने आ गई। जिससे टकराकर ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराकर पलट गया।

12 Apr 2026, 01:45:32 PM IST

स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन

अम्बेडकरनगर के जहांगीरगंज में नव्या ग्रीन फाउंडेशन के अध्यक्ष समाजसेवी नीरज मौर्य की पुत्री नव्या मौर्या के जन्मदिन पर मेडसिटी क्लीनिक रामनगर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 40 लोगों ने रक्तदान किया।

नव्या ग्रीन फाउंडेशन द्वारा आयोजित किए गए रक्तदान शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रुप में सेवा हि धर्म टीम के संस्थापक वरिष्ठ समाजसेवी धर्मवीर सिंह बग्गा ने फीता काटकर किया । इस दौरान धर्मवीर सिंह बग्गा ने कहा कि रक्तदान एक सर्वश्रेष्ठ दान है,ये महादान है,आपके द्वारा किया गया रक्तदान एक नही अनेकों जीवन बचा सकता है,इसलिए नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।

12 Apr 2026, 01:44:46 PM IST

नैनो उर्वरकों से घटेगी पारंपरिक खाद पर निर्भरता

अमेठी में इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) ने किसानों को नैनो उर्वरकों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष महाअभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत अप्रैल माह में कृषक गोष्ठियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और फील्ड प्रदर्शन के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

फील्ड ऑफिसर अरविंद प्रताप ने बताया कि किसानों को नैनो डीएपी से बीज उपचार, जड़ उपचार तथा फसलों में पत्तियों पर नैनो यूरिया प्लस और नैनो जिंक के छिड़काव की विधि विस्तार से समझाई जाएगी। विशेषज्ञों का कहना है कि इन उर्वरकों के उपयोग से उत्पादन लागत घटेगी और मिट्टी की गुणवत्ता भी बेहतर होगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि संभव है।

12 Apr 2026, 01:32:31 PM IST

तालाब में विषैला पदार्थ से सैकड़ों मछलियों की मौत

अमेठी में स्थानीय कोतवाली के अंतर्गत जंगलरामनगर में स्थित एक तालाब में विषैला पदार्थ से सैकड़ों मछलियां मर गई मत्स्य पालकने कोतवाली में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग किया है।

मिस्त्री का पुरवा मजरे जंगलरामनगर निवासी वीरेन्द्र कुमार वर्मा को ग्राम पंचायत स्थित तालाब‌ का मत्स्य पालन हेतु पट्टा मिला है। वह लंबे समय से तालाब में मछली पालन का कार्य कर रहे थे।

पीड़ित के अनुसार, उनके तालाब में 500 ग्राम से लेकर दो किलोग्राम तक की मछलियां थीं और वह जल्द ही उन्हें बेचने की योजना बना रहे थे। लेकिन 9 अप्रैल को जब वह तालाब पर पहुंचे, तो देखा कि अज्ञात लोगों द्वारा तालाब में विषैला पदार्थ डाल दिया गया है, जिससे सैकड़ों करीब मछलियां मर चुकी थीं।

12 Apr 2026, 01:10:20 PM IST

नेपाल से भारत लाया जा रहा तस्करी का माल बरामद

नेपाल से तस्करी कर भारी मात्रा में भारत लाया जा रहा माल शनिवार की देर रात बार्डर पर नेपाली पुलिस ने बरामद किया है। दबिश पड़ने पर तस्कर माल छोड़कर फरार हो गए हैं। माल की कीमत दो लाख रुपए से अधिक बताया जा रहा है। बरामद माल को कस्टम के हवाले कर दिया गया है।

भारतीय सरहद के पार नेपाल राष्ट्र के बांके जिला मुख्यालय नेपालगंज के विभिन्न इलाकों में नेपाल पुलिस ने दबिश दी। बार्डर पर तस्करी कर भारत लाया जा रहा माल नेपाल पुलिस की दबिश पड़ते ही तस्कर मटर का दाल, फल, फूल आदि छोड़ कर फरार हो गए।

12 Apr 2026, 12:59:07 PM IST

पांच घरों में चोरों ने 12 लाख रूपये से अधिक का जेवरात पार किया

अम्बेडकरनगर के जहांगीरगंज में राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के असनारा गांव में चोरों ने एक ही रात में पांच घरों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। छत के सहारे घरों में घुसे चोरों ने लगभग 12 लाख रुपए के जेवर और आठ हजार रुपए नगद पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में दहशत पैदा हो गई है।

राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के असमारा गांव की दलित बस्ती में रविवार की भोर में चार घरों में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। गांव निवासी रामप्रसाद की पत्नी सुदामा देवी अपनी छोटी बहु प्रियंका और बच्चों के साथ बाहर बरामदे में सोए थे। उनकी बड़ी बहू क्रांति अंदर अपने कमरे में सो रही थी।

12 Apr 2026, 12:58:33 PM IST

युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले 32 वर्षीय युवक का घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकता शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना क्षेत्र के चोबदार मजरे अलीपुर चकराई गांव के रहने वाले 32 वर्षीय संजीत लोध पुत्र देवता दिन ने बीते शनिवार देर रात घर के अंदर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गदागंज थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना को लेकर जांच की जा रही है।

12 Apr 2026, 12:40:06 PM IST

जमीनी विवाद में भाई ने भाई को पीटा हालत गंभीर

सुल्तानपुर में शनिवार की रात जमीनी विवाद को लेकर एक भाई के परिजनों ने दूसरे भाई को बुरी तरह मारपीट दिया । जिसकी हालत गंभीर हो गई पर उन्हें रात को ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा भर्ती कराया । जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया ।

पूरा मामला चांदा कोतवाली क्षेत्र के परिगड़ा गांव का है । जहां पर शनिवार की रात जमीनी विवाद को लेकर रामनरेश पुत्र बजरंगी निवासी परिगडा थाना चांदा जनपद सुलतानपुर को उनके भाई राम उदित व उनके पारीजनों द्वारा धारदार हथियार से हमला करके उनको बुरी तरह मारा पीटा गया । जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई ।

12 Apr 2026, 12:22:39 PM IST

सरहद पार नेपाल में तस्कर माल छोड़ फरार

बहराइच में भारतीय सरहद के पार नेपाल राष्ट्र के बांके जिला मुख्यालय नेपाल गंज के विभिन्न इलाको में नेपाल पुलिस दबिश दी। नेपाल पुलिस की दबिश पड़ते ही तस्कर मटर का दाल, फल, फूल आदि छोड़ कर फरार हो गए। बरामद माल की अनुमानित कीमत लगभग 2, 33, 830 रूपये आंकी गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए बांके जिले के डीएसपी व पुलिस प्रवक्ता दीपक पातली ने बताया कि सारा सामान एकत्र कर आवश्यक कार्यवाई को नेपालगंज कस्टम कार्यालय को सौप दिया है। तस्कर माल छोड़कर भारतीय सीमा में फरार हो गए है।

12 Apr 2026, 12:07:44 PM IST

तेज रफ्तार जेसीबी ने बाइक सवार को रौंदा, मौत

निन्दूरा के कुर्सी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की देर रात तेज रफ्तार जेसीबी ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से घर में कोहराम मच गया।

देवा थाना क्षेत्र के भेहड़पुर मजरे मदीनपुर गांव निवासी शोभित (25) पुत्र सोहन लाल शनिवार की रात ड्यूटी करके घर जा रहा था, तभी कुर्सी कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र लखनऊ महमूदाबाद मार्ग पावर ग्रिड मोड़ के पास तेज रफ्तार से जा रहे जेसीबी चालक में बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार शोभित गंभीर रूप से घायल हो गया।

12 Apr 2026, 11:51:20 AM IST

कन्नौज में कोयला लदा ट्रक पलटा, छात्रा समेत दो की मौत

कन्नौज के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह तालग्राम रोड पर भावलपुर के पास कोयला लदा एक बेकाबू ट्रक दो बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे स्थित लकड़ी के खोखे पर पलट गया। हादसे में 17 वर्षीय छात्रा और एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे तेज रफ्तार ट्रक तालग्राम की ओर जा रहा था। भावलपुर गांव के पास चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। ट्रक ने पहले दो बाइक सवारों को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खोखे पर पलट गया। उस समय वहां मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए।

12 Apr 2026, 11:30:54 AM IST

भारतीय योग संस्थान का 60 वां स्थापना दिवस, लोगों ने किया योगाभ्यास

अम्बेडकरनगर में भारतीय योग संस्थान के 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजकीय उद्यान केंद्र में रविवार को प्रातः 5:00 बजे से 6:45 बजे तक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन शसंतोष सिंह द्वारा किया गया। प्रारंभ में अंकिता श्रीवास्तव ने मधुर भजन प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।

योग साधक रामकेदार वर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मातृ शक्तियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न योग प्रशिक्षकों द्वारा क्रमवार अभ्यास कराए गए।

12 Apr 2026, 11:14:27 AM IST

बाइकों की टक्कर में एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

अम्बेडकरनगर में जहांगीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बारीडीह सिकंदरपुर गांव के लिंक रोड पर दो बाइकों की टक्कर से हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ,जब तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने दूसरी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली बाइक पर सवार युवक नशे में था । टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार सड़क पर गिर पड़े।

12 Apr 2026, 11:04:06 AM IST

चंडीगढ़ से किशोरी का अपहरण, गोरखपुर में हुई बरामद

बहराइच में एक महिला के पति की मौत हो चुकी है। वह अपनी बेटी के साथ चंडीगढ़ में रहकर मेहनत मजदूरी कर आजीविका चला रही है। वह काम पर चली गई थी। घर पर मौजूद उसकी बेटी का अपहरण कर लिया गया। बेटी की तलाश निकली महिला ने बेटी को गोरखपुर में बरामद कर शहर स्थित कोतवाली बेटी को लेकर आई। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेकर तत्काल एफआईआर दर्ज कर किशोरी को मेडिकोलीगल को भेजा गया है।

देहात कोतवाली के एक गांव निवासनी महिला के पति की अर्सा पूर्व मौत हो गई थी। महिला हरियाणा के चंडीगढ़ में अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ रह कर वहां मेहनत मजदूरी कर परिवार की आजीविका चला रही थी। वह मजदूरी को गई, उधर उसकी बेटी बाजार से सामान खरीदने निकली थी।

12 Apr 2026, 10:49:18 AM IST

प्यार में पागल सिरफिरे युवक ने धारदार हथियार से अपना गला रेता

अंबेडकरनगर के शहजादपुर पंडा टोला में शनिवार देर रात एक सिरफिरे युवक ने शराब के नशे में धारदार हथियार से अपना गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार शहजादपुर पंडा टोला निवासी रवि नामक युवक शनिवार देर रात नशे की हालत में था। उसने अचानक एक धारदार हथियार से अपने गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया,और खून से लथपथ हो गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

12 Apr 2026, 10:40:54 AM IST

पीड़ित में सात लोगों पर लगाया घर में घुसकर चोरी का आरोप

रायबरेली में महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घर के अंदर हुई लाखों रुपए की चोरी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने सात लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी। आरोपी की सभी लोग एक साथ बैठकर शराब पिया और इसके बाद उसके घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।

महाराजगंज हिसहा गांव के रहने वाले अवध किशोर सिंह ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर घर में चोरी किए जाने का सात लोगों पर आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि कुछ लोग एक साथ बैठकर शराब पीने के बाद उसके घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।

12 Apr 2026, 10:32:03 AM IST

एक दरोगा व दीवान समेत चार पुलिसकर्मियों पर मुकदमा

सुलतानपुर नगर कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक से कथित वसूली, मारपीट और धमकी के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर एक दरोगा व दीवान समेत कई पुलिसकर्मी पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

मुकदमे में घंटाघर पुलिस चौकी प्रभारी शिवानंद यादव, हेड कांस्टेबल संजय सोनकर, एक महिला सिपाही तथा एक अन्य अज्ञात पुलिसकर्मी आरोपी हैं। पीड़ित आकाश का कहना है कि कुड़वार नाका पर थाना कोतवाली नगर की पुलिस ने 13 मार्च 2025 को उसे रोककर गाड़ी खड़ी करवा लिया।

2,500 रूपये और मोबाइल फोन छीन लिया। अगले दिन रूपये और मोबाइल वापस मांगने गया, तो पुलिसकर्मियों ने उसे मारा-पीटा और धमकी दी। आकाश ने पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

12 Apr 2026, 10:17:32 AM IST

वृंदावन नाव हादसे में ठेकेदार और चालक गिरफ्तार

मथुरा के वृंदावन में हुए नाव हादसे में पुलिस ने पीडब्ल्यूडी ठेकेदार और मोटरबोट चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।

पूरी खबर यहां पढ़ें: वृंदावन नाव हादसा: ठेकेदार-चालक गिरफ्तार, लापता को खोजने के लिए रोका यमुना का पानी

12 Apr 2026, 10:14:33 AM IST

घर मे घुसकर सोते समय पिता-पुत्र को गोली मारी, हालत गंभीर

सीतापुर में सदरपुर के तुरनी गांव में रविवार तड़के बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे पिता और उसके तीन वर्षीय बेटे को गोली मार दी। पिता के हाथ और बच्चे के पैर में गोली लगी है। पिता के चेहरे पर भी चोट आई है। पिता पुत्र का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं बदमाशों ने घर में घुसने से पहले बिजली कनेक्शन भी काट दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। वारदात का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

12 Apr 2026, 10:14:04 AM IST

यूपी कैबिनेट के विस्तार संग पंकज चौधरी भी बनाएंगे नई टीम

संगठन से भी दो चेहरों को योगी मंत्रिमंडल में भेजा जा सकता है। इसके अलावा एक पूर्व मंत्री भी मजबूती से दावेदारी कर रहे हैं। चर्चा है कि दिल्ली से उनके जो तार गड़बड़ाए थे, उन्हें भी काफी हद तक ठीक कर लिया गया है। हालांकि बहुत ज्यादा फेरबदल की संभावना नहीं है। कुछ मंत्रियों के विभाग बदल सकते हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें: योगी मंत्रिमंडल विस्तार के साथ नई बनेगी पंकज चौधरी की भी टीम, नामों पर चर्चाएं तेज

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।