यूपी : बिजली का कनेक्शन कटवाना मुश्किल, 12 साल में नहीं हुआ PD; पहले पिता अब बेटा लगा रहा चक्कर
साल-2024 में उपभोक्ता की मृत्यु हो गई। इसके बाद उपभोक्ता का बेटा स्थायी डिस्कनेक्शन के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि इतने पुराने दस्तावेज कार्यालय में मिल नहीं रहे हैं। 12 साल पहले शुरू हुई पीडी की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है।

UP News : सुनने में अजीब लगता है लेकिन गोरखपुर में एक शख्स के लिए बिजली का कनेक्शन स्थाई रूप से कटवाना इतना मुश्किल हो गया कि 12 साल से यह काम नहीं हो पाया। कनेक्शन के स्थायी विच्छेदन (permanent disconnection) के लिए आवेदन पिता ने किया था। वह कार्यालयों के चक्कर लगाते रहे। 2024 में उनकी मौत हो गई लेकिन बिजली कनेक्शन पीडी नहीं हो सका। अब इसी काम के लिए बेटा चक्कर लगा रहा है। उसका कहना है कि 2014 में ही उसके पिता ने इस संबंध में कागजी कार्यवाही पूरी कर दी थी लेकिन प्रक्रिया अब तक चल ही रही है।
गोरखपुर के सरदार नगर उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ता नंदलाल ने वर्ष 2014 में अपने बिजली के कनेक्शन को स्थायी रूप से डिस्कनेक्ट करने के लिए आवेदन किया था। इसके साथ ही डिस्कनेक्शन शुल्क और पूरा भुगतान भी कर दिया था लेकिन विभागीय अधिकारियों ने डिस्कनेक्शन नहीं किया। इसी बीच वर्ष 2024 में उपभोक्ता की मृत्यु हो गई। इसके बाद उपभोक्ता का बेटा ओम प्रकाश स्थायी डिस्कनेक्शन के लिए चक्कर लगा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि इतने पुराने दस्तावेज कार्यालय में मिल नहीं रहे हैं। दरअसल, वर्ष 2014 में सरदार नगर उपकेंद्र, विद्युत वितरण खंड गुलरिहा के अंतर्गत था। वहीं 2017-18 में खंड का बंटवारा करके चौरी चौरा खंड बनाया गया। ऐसे में उपभोक्ता दोनों खंडीय कार्यालयों का चक्कर लगा रहा है।
पांच साल से चक्कर लगा रहे हैं शाहब सिंह
सरदार नगर उपकेंद्र के ही उपभोक्ता शाहब सिंह का हाल भी कुछ ऐसा ही है। शाहब सिंह पिछले पांच वर्ष से स्थाई डिस्कनेक्शन के लिए बिजली कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2021 में स्थाई डिस्कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। लेकिन आज तक स्थाई डिस्कनेक्शन नहीं हो पाया। बिजली निगम में ऐसे मामले और भी हैं। कुछ और उपभोक्ताओं के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ है। हाल ही में गोरखपुर के शाहबगंज के एक व्यापारी को स्थायी डिस्कनेक्शन के दस साल बाद नोटिस भेज दिया गया था।
क्या बोले अधिकारी
उपभोक्ता नंदलाल के बिजली कनेक्शन का स्थायी डिस्कनेक्शन क्यों नहीं हो पाया? इस सवाल पर चौरी चौरा खंड के सहायक अभियंता नियाज अंसारी ने कहा कि उपभोक्ता के पास पर्याप्त दस्तावेज नहीं थे। उनसे रसीद और अन्य दस्तावेज मांगे गए हैं। दस्तावेज मिलते ही इस संबंध में प्रक्रिया पूरी की जाएगी।




साइन इन