यह मेरी गलती है...लाइव वीडियो पर युवक ने खुद को गोली मारी, 8 दिन बाद है बहन की शादी
यूपी के मुरादाबाद में कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव चकफाजपुर में शनिवार रात एक युवक ने पिता की लाइसेंसी बंदूक से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कुछ ही दिन पहले घर आए लड़के ने बहन की शादी से 8 दिन पहले खुद को गोली मार ली।

यूपी के मुरादाबाद में कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव चकफाजपुर में शनिवार रात एक युवक ने पिता की लाइसेंसी बंदूक से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कुछ ही दिन पहले घर आए लड़के ने बहन की शादी से 8 दिन पहले खुद को गोली मार ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से एक लाइव वीडियो भी बनाया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार चकफाजपुर निवासी 20 वर्षीय फरअत अली पुत्र सरताज पंजाब में लिफ्टिंग बैरियर गेट लगाने का काम करता था। वह ईद मनाने के लिए चार दिन पहले ही घर लौटा था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 9:30 बजे उसने घर में रखी पिता की लाइसेंसी बंदूक निकाली और खुद के सिर से सटाकर ट्रिगर दबा दिया। गोली की आवाज सुनकर जब परिजन कमरे की ओर दौड़े, तो वहां का मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। फरअत लहूलुहान हालत में मृत पड़ा था।
घटना से ठीक पहले युवक के लाइव वीडियो बनाने की बात सामने आ रही है, जिसमें उसने अपनी मौत का संकेत दिया था। वीडियो में दिख रहा है कि फरअत पहले बंदूक उतारता है फिर खुद को गोली मार लेता है। उसने वीडियो में कहा कि यह मेरी गलती है। मेरे घरवालों को परेशान न किया जाये। जिसने दिल दुखाया है मेरा उससे इरम में मुलाकात होगी। आत्महत्या के समय कमरे में एक बच्चा भी मौजूद था। वीडियो में बच्चे की भी आवाज सुनी जा रही है।
वहीं, सूचना मिलते ही कुंदरकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पिता की लाइसेंसी बंदूक और युवक का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड से पहले वायरल हुए वीडियो की पुष्टि की जा रही है और यह भी जांचा जा रहा है कि युवक किसी मानसिक तनाव में था या कोई और विवाद था। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आठ दिन बाद घर से उठनी थी बहन की डोली
फरअत अपने छह भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। घर में आठ दिन बाद उसकी बहन की शादी होनी थी, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां सबसे छोटे बेटे की मौत से कोहराम मच गया।




साइन इन