यूपी में प्रीपेड मीटर का बैलेंस खत्म होने पर रात में और छुट्टी के दिन नहीं कटेगी बिजली,ऊर्जा मंत्री के निर्देश
यूपी में प्रीपेड मीटर का बैलेंस खत्म होने पर रात में और छुट्टी के दिन बिजली नहीं कटेगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में किसी प्रकार की भ्रांति या असमंजस की स्थिति नहीं रहनी चाहिए।

UP News: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि इनके समाधान के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति अपनाई जाए। यूपी में प्रीपेड मीटर का बैलेंस खत्म होने पर रात में और छुट्टी के दिन बिजली नहीं कटेगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में किसी प्रकार की भ्रांति या असमंजस की स्थिति नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे उपभोक्ता स्मार्ट मीटर के लाभों, उपयोगिता एवं संचालन प्रणाली को भली-भांति समझ सकें।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने राजधानी के संगम सभागार में आगामी गर्मी के मौसम में निर्बाध विद्युत आपूर्ति संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर में पर्याप्त बैलेंस बनाए रखने के लिए नियमित रूप से जागरूक किया जाए। बैलेंस समाप्त होने से पूर्व उन्हें समय से सूचना दी जाए। यदि किसी उपभोक्ता का बैलेंस रात्रि के समय समाप्त होता है तो उसका विद्युत कनेक्शन रात में नहीं काटा जाएगा। इसी प्रकार अवकाश के दिनों में भी किसी उपभोक्ता का कनेक्शन विच्छेदित नहीं किया जाएगा। स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए उन्होंने अलग काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं उत्तरदायी बनाया जाए।
फील्ड स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग, जवाबदेही तय हो
बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए क्षमता वृद्धि के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री एके शर्मा ने कहा कि ट्रांसफार्मर, फीडर एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को समय रहते सुदृढ़ किया जाए, ताकि गर्मी के दौरान बढ़ती मांग के बावजूद निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने फील्ड स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग, जवाबदेही तय करने और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में यूपीपीसीएल के चेयरमैन आशीष गोयल, प्रबंध निदेशक पंकज कुमार सहित सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




साइन इन