प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले कड़ी सुरक्षा के साये में मेरठ, एसपीजी ने संभाला मोर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 फरवरी के प्रस्तावित दौरे को लेकर मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था चरम पर है। बुधवार को सुरक्षा के लिहाज से भूड़बराल, मेरठ साउथ स्टेशन और मोहिद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप जनसभा स्थल को पूरी तरह से स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप(एसपीजी) के हवाले कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 फरवरी के प्रस्तावित दौरे को लेकर मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था चरम पर है। बुधवार को सुरक्षा के लिहाज से भूड़बराल, मेरठ साउथ स्टेशन और मोहिद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप जनसभा स्थल को पूरी तरह से स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप(एसपीजी) के हवाले कर दिया गया है। अब सुरक्षा को लेकर कार्रवाई तेज हो गई है।
दिल्ली से आए विशेष सुरक्षा अधिकारियों ने मेरठ साउथ स्टेशन और शताब्दीनगर मेट्रो स्टेशन का बारीकी से निरीक्षण किया। बुधवार से लेकर 22 फरवरी को जनसभा समाप्त होने तक सभास्थल अब एसपीजी के नियंत्रण में रहेगा। बिना अनुमति किसी भी अधिकारी का प्रवेश वर्जित होगा।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर मैराथन बैठक
बुधवार का दिन प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठकों का रहा सीएम योगी आदित्यनाथ से लेकर मुख्य सचिव जीपी और एसपीजी के एडीजी के स्तर पर अलग-अलग समीक्षा बैठकें होती रही। मुख्यमंत्री की ओर से अधिकारियों को तैयारी को लेकर निर्देश दिए गए। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री की ओर से प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सामान्य निर्देश दिए गए। उधर,एसपीजी के एडीजी एस सुरेश ने मेरठ पहुंचकर पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर प्रधानमंत्री के दौरे की सुरक्षा की समीक्षा की।
खराब मौसम ने रोकी डीजीपी की राह
प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सुबह से प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण के आने की सूचना उड़ती रही। सूचना उड़ रही थी कि डीजीपी बुधवार को मेरठ पहुंच रहे हैं। हालांकि बाद में बताया गया कि लखनऊ में मौसम खराब होने के चलते उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। उनके स्वागत और सुरक्षा के लिए हवाई पट्टी से लेकर गगोल रोड और सभास्थल तक भारी पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन अंततः उनका दौरा रद्द होने की बात की गई।
मोदी की सभा समाप्त होते ही आम लोग कर सकेंगे मेट्रो का सफर
22 फरवरी को दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर के मेरठ खंड का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री जैसे ही नमो भारत और मेरठ मेट्रो का शताब्दीनगर में उद्घाटन करेंगे। उसके बाद मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच के सभी 12 स्टेशन ऑपरेशनल मोड में आ जाएंगे। जब प्रधानमंत्री की सभा संपन्न हो जाएगी तो एनसीआरटीसी मुख्यालय ने ओके सिग्नल मिलेगा और मेरठ शहर में नमो भारत और मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा।
सुरक्षा प्रोटोकॉल का है मामला
अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल और औपचारिकताओं के चलते कार्यक्रम खत्म होने के एक घंटे के बाद सभी स्टेशनों के गेट जनता के लिए खोल दिए जाएंगे। मेरठ साउथ से मोदीपुरम रूट के सभी स्टेशन एक साथ सक्रिय होंगे, जिससे यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा नहीं करनी होगी।
12 स्टेशनों से मिलेगी सेवा
मेरठ साउथ स्टेशन पहले से संचालित है। ऐसे में 22 फरवरी को परतापुर, रिठानी, शताब्दीनगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगमपुल, एमईएस कालोनी, डोरली, मेरठ नार्थ, मोदीपुरम और मोदीपुरम डिपो खुल जाएगा।




साइन इन