यूपी में लाइव गिरफ्तारी, तुम मेरा हाफ मर्डर करोगे, मैं फुल कर लूंगा, तमंचा लहराकर पुलिस से बोला आरोपी
बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज में बीच बाजार सुनील उर्फ सुरेंद्र का एलानिया कत्ल करने वाले प्रदीप को नाटकीय ढंग से पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी को खेतों के बीच पुलिस फोर्स ने घेर लिया था।

यूपी के मेरठ में बुधवार की दोपहर बीच बाजार में सुनील उर्फ सुरेंद्र का एलानिया कत्ल करने वाले आरोपी प्रदीप को पुलिस ने नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी थी। आरोपी के खेत में मिलने की सूचना पर पुलिस फोर्स ने उसे चारों तरफ से घेर लिया था। पुलिस द्वारा घिरने के बाद आरोपी प्रदीप ने दोनों हाथ में तमंचे लेकर पुलिस की तरफ तान दिए।
आरोपी ने कहा कि तुम मेरा हाफ मर्डर करोगे, मैं खुद फुल कर लूंगा। पुलिस ने किसी तरह से प्रदीप को समझा बुझाकर सरेंडर कराया। प्रदीप ने अपने हथियार और कारतूस जमीन पर रखे और इसके बाद बीड़ी सुलगाकर दम करने लगा। इसके बाद खुद ही पुलिस की जीप में जाकर बैठ गया। गिरफ्तारी के घटनाक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में आरोपी गिरफ्तारी पूरी तरह से लाइव है।
यह था पूरा मामला
फलावदा के सनौता निवासी प्रदीप की पत्नी पूनम से सुनील उर्फ सुरेंद्र का प्रेम प्रसंग था। एक साल पहले सुनील और पूनम घर से भाग गए थे और दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली थी। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे थे। इसी के चलते प्रदीप और सुनील के बीच रंजिश चल रही थी। प्रदीप ने कुछ ही समय पूर्व सुनील को कत्ल करने का ऐलान भी किया था। 25 फरवरी की दोपहर सुनील उर्फ सुरेंद्र उर्फ गांबा बाइक से बाजार गया था। इस दौरान फलावदा क्षेत्र के सनौता निवासी प्रदीप धीमान ने साथी के साथ मिलकर सुनील पर हमला कर दिया।
कमर और सीने पर की थी गोलियों की बारिश
पहली गोली सुनील को कमर में मारी, जिसके बाद सुनील की बाइक फिसल गई और लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद प्रदीप ने सुनील को कमर और सिर में गोली उतार दी। सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए थे। इसके बाद प्रदीप फरार हो गया। घटना के कुछ समय बाद ही प्रदीप की एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आई थी, जिसमें उसने हत्या का जुर्म भी कबूला था। एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। फिलहाल आरोपी प्रदीप से पुलिस पूछताछ कर रही है। प्रदीप के पास से तीन तमंचे, सात कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
बीच बाजार में हत्या की सूचना पर दौड़ी थी पुलिस
बुधवार दोपहर हुई बीच बाजार में हत्या की सूचना पर बहसूमा पुलिस मौके पर दौड़ पड़ी थी। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ मवाना पंकज लवानिया मौके पर पहुंचे। फिलहाल हत्या का खुलासा और हत्यारोपियों की धरपकड़ के लिए स्वाट टीम को लगाया गया है।




साइन इन