लखनऊ में बिजली संकट! लोगों ने किया सड़कों पर चक्का जाम, उपकेंद्रों पर पथराव
यूपी में लखनऊ में भीषण बिजली संकट को लेकर हाहाकार मच गया है। अघोषित कटौती से परेशान आक्रोशित लोगों ने बुद्धेश्वर चौराहे, मोहान रोड और रायबरेली रोड पर उतरकर मुख्य मार्गों को पूरी तरह जाम कर दिया। गुस्साई भीड़ ने उपकेंद्रों पर हंगामा किया।

यूपी में लखनऊ में भीषण बिजली संकट को लेकर हाहाकार मच गया है। अघोषित कटौती से परेशान आक्रोशित लोगों ने बुद्धेश्वर चौराहे, मोहान रोड और रायबरेली रोड पर उतरकर मुख्य मार्गों को पूरी तरह जाम कर दिया। गुस्साई भीड़ ने उपकेंद्रों पर हंगामा किया। वहीं सआदतगंज के ओल्ड नूरबाड़ी उपकेंद्र और राजाजीपुरम में भी बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप होने पर आधी रात को लोगों ने लेसा अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कई जगह पथराव भी हुए।
यूपी के लखनऊ में रायबरेली रोड पर भीषण बिजली संकट से त्रस्त लोगों का सब्र गुरुवार को आखिरकार टूट गया। उतरेठिया और अंबेडकर उपकेंद्र की बदहाल व्यवस्था के विरोध में बलदेव विहार, मवैया, देवीखेड़ा समेत आसपास के दर्जनों इलाकों के सैकड़ों आक्रोशित लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने रायबरेली रोड स्थित शहीद पथ अंडरपास के नीचे मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया।
सड़क जाम होने के कारण करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटा रहे इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह को पीछे धकेलने का भी प्रयास किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जैसे-तैसे रास्ता खाली कराया ।
60 कॉलोनियों में पांच दिनों से हाहाकार
प्रदर्शन कर रहे क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि उतरेठिया और अंबेडकर उपकेंद्र से जुड़े नीलमथा, तेलीबाग, बलदेव विहार और उतरेठिया सहित 60 कॉलोनियों में पिछले पांच दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उपभोक्ताओं ने बताया कि कहीं एबी केबल जल रही हैं, तो कहीं भारी लोड के कारण ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। कई मोहल्लों में पांच दिनों से नियमित आपूर्ति नहीं मिली है। कुछ देर के लिए बिजली आती है तो फिर आपूर्ति बंद हो जाती है।
अधिकारी नदारद, फोन भी बंद
जनता का गुस्सा इस बात को लेकर ज्यादा था कि बार-बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उपकेंद्रों पर कोई कर्मचारी नहीं मिलता । बुधवार की रात भी नाराज उपभोक्ताओं ने उतरेठिया और अंबेडकर उपकेंद्र के कई फीडर बंद करा दिए थे और रात भर उपकेंद्रों पर डटे रहे, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं निकला। गुरुवार को सड़क जाम हटने के बाद सैकड़ों लोग उतरेठिया पावर हाउस पहुंच गए। वहां जेई समेत कई कर्मचारी नदारद थे और फीडर बंद पड़े थे।
इसके बाद मौके पर पहुंचे एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव और पीजीआई इंस्पेक्टर ने बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता की और कर्मचारियों को बुलाकर सभी फीडर चालू कराए, तब जाकर स्थिति सामान्य हुई। हालांकि, कर्मचारियों का दावा था कि कुछ लोग जबरन बिजली बंद कराने का दबाव बना रहे थे, जबकि जनता का कहना था कि बिना फाल्ट के भी फीडर बंद रखे गए थे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
मोहनलालगंज में ट्रांसफार्मर फुंकने से अंधेरा
मोहनलालखेड़ा में गुरुवार भोर चार बजे ओवरलोड के कारण 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया, जिससे दो सौ कनेक्शनों की बत्ती गुल हो गई। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी शाम तक इसे बदला नहीं जा सका। इलाके में अंधेरा रहा। वहीं, बुधवार शाम कस्बे में जला ट्रांसफार्मर अगले दिन दोपहर बाद बदला गया।
इंदिरानगर सेक्टर 25 अंधेरे में डूबा
इंदिरानगर सेक्टर-25 उपकेंद्र पर रात नौ बजे से बिजली गुल हो गई। देर रात डेढ़ बजे तक बत्ती नहीं आई। लोग घरों के बाहर गाड़ियों में एसी चलाकर बैठे दिखे। परेशान लोगों ने इंदिरा नगर सेक्टर 25 पावर हाउस का घेराव किया। पूरे ट्रांस गोमती क्षेत्र का यही हाल रहा। जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-छह उपकेंद्र पर भी देर रात उग्र भीड़ ने धावा बोल दिया। नाराज उपभोक्ता सीधे कंट्रोल रूम के भीतर घुस गए और वहां मौजूद बिजली कर्मचारियों के साथ तीखी नोकझोंक शुरू कर दी। अपनी सुरक्षा को खतरा देख कर्मचारी उपकेंद्र छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए। बाद में पहुंची पुलिस टीम ने जनता को शांत कराया।
अपट्रॉन में हड़कंप, चिनहट में आधी रात कटौती
बिजली संकट से त्रस्त सैकड़ों लोगों ने गुरुवार की आधी रात को अपट्रॉन उपकेंद्र पर धावा बोल दिया। उपभोक्ताओं का गुस्सा देख ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। बवाल बढ़ता देख कर्मचारियों ने आनन-फानन में पावर हाउस के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। कर्मचारियों द्वारा गेट बंद किए जाने से भीड़ और अधिक भड़क गई और उसने उपकेंद्र पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। कर्मचारियों ने रात भर काम करके एबी केबल को दुरुस्त किया। वहीं चिनहट के ओमेगा उपकेंद्र बीती रात 12 बजे ठप हो गया। इससे ओमेगा अपार्टमेंट, जुग्गौर, स्प्रिंग गार्डेन सहित बड़े इलाके में अंधेरा छा गया।
नूरबाड़ी, राजाजीपुरम और आलमबाग में हंगामा
हंगामे का यह सिलसिला अन्य इलाकों में भी दिखाई दिया। सआदतगंज के ओल्ड नूरबाड़ी उपकेंद्र और राजाजीपुरम क्षेत्र में बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप होने से नाराज लोगों ने आधी रात को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। वहीं गुरुवार रात 11:30 बजे आलमबाग के प्रेम नगर ,विश्वेश्वर नगर ,जयप्रकाश नगर सुखलाल मार्ग अंधेरे में डूब गए। इलाके के लोग चंदर नगर उपकेंद्र पहुंचे और जमकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
लखनऊ सेंट्रल, मुख्य अभियंता, रवि अग्रवाल ने कहा कि राजाजीपुरम, आरडीएसओ सहित 10 संवेदनशील उपकेंद्रों पर टीजी-2 कर्मचारियों की रात में अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। जिससे किसी भी प्रकार का विद्युत व्यवधान होने पर तुरंत आपूर्ति बहाल की जा सके। साथ ही संबंधित थानों में इन कर्मचारियों की सूची भी दी गई है।




साइन इन