किडनी कांड: फरार डॉक्टरों के खिलाफ लुकआउट नोटिस, मेरठ के अस्पताल को भी नोटिस
यूपी के कानपुर में किडनी की खरीद-फरोख्त व अवैध ट्रांसप्लांट मामले में डॉक्टर दंपति समेत छह आरोपियों को जेल भेजने के बाद पुलिस अब फरार चार डॉक्टरों की तलाश में जुट गई है। सभी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है, ताकि वे देश छोड़कर भाग न सकें।

यूपी के कानपुर में किडनी की खरीद-फरोख्त व अवैध ट्रांसप्लांट मामले में डॉक्टर दंपति समेत छह आरोपियों को जेल भेजने के बाद पुलिस अब फरार चार डॉक्टरों की तलाश में जुट गई है। सभी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है, ताकि वे देश छोड़कर भाग न सकें। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें मेरठ, देहरादून और नोएडा में दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में मेरठ के अल्फा अस्पताल के संचालक डॉ. अफजल के साथ डॉ. रोहित, डॉ. वैभव और डॉ. अनुराग उर्फ अमित शामिल हैं।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि डोनर समस्तीपुर निवासी आयुष कुमार से पूछताछ में खुलासा हुआ कि नौ लाख रुपये में किडनी का सौदा तय हुआ था, लेकिन उसे केवल साढ़े तीन लाख रुपये ही मिले। डोनर आयुष ने बताया कि एमबीए की फीस की जरूरत के चलते वह ‘किडनी डोनर’ नाम के टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ा और वहीं से गैंग के संपर्क में आया। विभिन्न डॉक्टरों व एजेंट शिवम के जरिए उसकी मेडिकल रिपोर्ट नोएडा भेजी गई।
डॉ. रोहित के निर्देश पर आहूजा अस्पताल में ट्रांसप्लांट की योजना बनाई गई। पुलिस अब कॉल डिटेल और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जांच में जुटी है। पुलिस आयुक्त, रघुबीर लाल ने कहा कि फरार डॉक्टरों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है ताकि यह लोग देश छोड़कर भाग न सकें। इनकी तलाश में तीन टीमें लगी हैं। जल्द ही फरार डॉक्टरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मेरठ पहुंची आंच, अल्फा हॉस्पिटल को नोटिस
कानपुर में अवैध रूप से किडनी ट्रांसप्लांट के तार मेरठ के गढ़ रोड स्थित अल्फा हॉस्पिटल से जुड़ रहे हैं। इस हॉस्पिटल को मेरठ सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में पूछा है कि कानपुर के किडनी प्रकरण में दर्ज मुकदमे में नामजद आरोपियों का अल्फा अस्पताल से क्या कनेक्शन है। दूसरी ओर, जांच के लिए मेडिकल थाने की पुलिस ने बुधवार शाम अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। खुफिया विभाग की टीम भी छानबीन में लगी है। वहीं देर शाम कानपुर पुलिस ने भी पहुंचकर जांच पड़ताल की।
पुलिस ने अल्फा अस्पताल में जुटाई जानकारी
अल्फा हॉस्पिटल में जांच के लिए मेडिकल पुलिस बुधवार शाम को पहुंची। टीम ने यहां अस्पताल मालिक और मैनेजर का मोबाइल नंबर लिया। एफआईआर में नामजद लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। इस दौरान कानपुर पुलिस भी देर शाम अस्पताल पहुंची और पूछताछ की। दूसरी ओर, सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने इस मामले में मेरठ पुलिस से मदद मांगी है। पत्राचार करते हुए कहा है कि यदि केस के संबंध में कानपुर से कोई जानकारी आती है और मेरठ पुलिस कोई कार्रवाई करती है तो सीएमओ कार्यालय को भी सूचना दी जाए। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर पर भी छानबीन शुरू कर दी है।




साइन इन