First leg piece now a ruckus over churas 4 people injured after a scuffle at a wedding in amroha पहले लेग पीस, अब छुआरों पर बवाल; निकाह में छीनाझपटी में चले लाठी-डंडे, 4 लोग घायल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पहले लेग पीस, अब छुआरों पर बवाल; निकाह में छीनाझपटी में चले लाठी-डंडे, 4 लोग घायल

अमरोहा में एक शादी में निकाह के बाद छुआरे बांटने की रस्म अदा की जा रही थी। इसी दौरान छुआरा बांटते समय छीनाझपटी का माहौल बन गया। इसके बाद देखते ही देखते यह माहौल लाठी डंडों के साथ झगड़े में बदल गया। जिसमें बारात पक्ष के 4 लोग घायल हुए हैं। इससे पहले एक शादी में लेग पीस पर बवाल मचा था

Thu, 2 April 2026 12:47 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, अमरोहा
share
पहले लेग पीस, अब छुआरों पर बवाल; निकाह में छीनाझपटी में चले लाठी-डंडे, 4 लोग घायल

अमरोहा में कुछ दिन पहले एक बारात में लेग पीस नहीं मिलने पर बवाल हुआ था। और अब दूसरी घटना में बारात में छुआरों पर बवाल हो गया। दरअसल डिडौली क्षेत्र के गांव अशरफपुर फैजगंज में मंगलवार शाम निकाह के बाद छुआरे बांटने के दौरान हुई छीनाझपटी विवाद में बदल गई। झगड़े के बीच देखते ही देखते लाठी-डंडे चल पड़े। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने बिगड़ते हालात को संभाला। घायलों को जोया सीएचसी में भर्ती कराया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है। घटना डिडौली क्षेत्र के गांव अशरफपुर फैजगंज में मंगलवार शाम की है। संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के गांव धकतोड़ा निवासी नजरे आलम पुत्र सत्तार की बारात मंगलवार दोपहर गांव अशरफपुर फैजगंज आई थी। यहां रहने वाले मारूफ की बेटी के साथ निकाह हुआ।

निकाह में छुआरे बांटने पर बवाल

निकाह के बाद छुआरे बांटने की रस्म अदा की जा रही थी। इसी दौरान छुआरा बांटते समय छीनाझपटी का माहौल बन गया। इसके बाद देखते ही देखते यह माहौल लाठी डंडों के साथ झगड़े में बदल गया। जिसमें बारात पक्ष के फुरकान पुत्र अहमद हसन निवासी सुंदरनगरी थाना नंदनगरी दिल्ली, मोहम्मद हसन पुत्र अहमद हसन इरफान पुत्र इब्राहिम निवासी नूरपुर तुगलकाबाद थाना रजबपुर, शाहरुख पुत्र मोहम्मद हसन निवासी गांव नूरपुर तुगलकाबाद थाना रजबपुर गंभीर घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह बलियान ने बताया की निकाह के दौरान गांव अशरफपुर फैजगंज में छुआरे बांटने को लेकर झगड़ा हुआ है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिरयानी में लेग पीस न मिलने पर भड़के बाराती, घरातियों से झगड़ा; चलीं कुर्सियां
ये भी पढ़ें:बाराती का नाले में गिरा चमचमाता iPhone-17, शादी छोड़ लगा दी छलांग; वीडियो वायरल

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी है, जिससे दहशत का माहौल है। घटना के बाद पीड़ित ने थाना डिडौली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है। हालांकि, पीड़ितों का कहना है कि उन्हें गंभीर चोटें आईं हैं। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दुल्हन लाने डोली में निकले दूल्हे राजा, बैलगाड़ी से चले बाराती; अनोखी बारात

शादी में लेग पीस पर भी मचा था बवाल

अमरोहा में एक शादी समारोह के दौरान बवाल हो गया। बिरयानी में लेग पीस नहीं मिलने पर भड़के बारातियों का घरातियों से झगड़ा हो गया और देखते ही देखते बैंक्विट हॉल जंग के मैदान में बदल गया। फिर क्या था, चंद मिनटों पहले जहां शादी का जश्न था वहां जमकर कुर्सियां चलने लगीं। लोग एक-दूसरे से ऐसे भिड़े की वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग एक-दूसरे पर कुर्सियों के साथ लात-घूंसे भी चलाने लगे। शादी में मारपीट और बवाल का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। यूजर्स अपने-अपने ढंग से इस पर प्रतिक्रियाएं भी व्यक्त कर रहे हैं। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।