जौनपुर में एक और दूल्हे को जान से मारने की धमकी, दुल्हन के प्रेमी के डर से नहीं गई बारात
यूपी के जौनपुर में तेजी बाजार थाना क्षेत्र के चकदौदहां गांव निवासी एक युवक की शुक्रवार को बरात सुल्तानपुर जानी थी। शादी से एक दिन पहले यानी भत्तवान वाले दिन ही उसकी होने वाली दुल्हन के कथित प्रेमी ने उसे फोन करके शादी न करने के लिए कहा।

यूपी के जौनपुर में तेजी बाजार थाना क्षेत्र के चकदौदहां गांव निवासी एक युवक की शुक्रवार को बरात सुल्तानपुर जानी थी। शादी से एक दिन पहले यानी भत्तवान वाले दिन ही उसकी होने वाली दुल्हन के कथित प्रेमी ने उसे फोन करके शादी न करने के लिए कहा। आरोप है कि उसने धमकी दिया कि यदि शादी करने आए तो मार दिया जाएगा। इससे सहमे दूल्हे ने बरात ले जाने से इनकार कर दिया।
तेजी बाजार थाने में तहरीर देकर एक नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है परिजनों ने बताया कि गुरुवार की शाम को घर पर भत्तवान का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार, रिश्तेदार और गांव के लोग खुशी के माहौल में शामिल थे। दूसरी तरफ हल्दी रस्म की तैयारी हो रही थी। इसी दौरान दो बाइक से पहुंचे चार लोगों ने दूल्हे का मोबाइल नंबर मांगा और वहां से चले गए। कुछ देर बाद हल्दी रस्म शुरू होने वाली थी तभी दूल्हे के मोबाइल पर फोन आया।
कॉल करने वाले ने शादी न करने और बरात लेकर न ले जाने की धमकी देते हुए जान से मारने की बात कही। धमकी की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। हाल ही में जिले में हुई एक दूल्हे की हत्या की घटना से सहमे लोगों शादी से इनकार कर दिया। देर रात दूल्हा और उसके पिता तेजीबाजार थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर महाराजगंज थाना क्षेत्र के रामकोला घुसकुरी निवासी विनोद निषाद तथा चार अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है
चकदौदहां गांव में पिछले सात दिनों से शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में मटमंगरा, चौरा पूजन, डीह पूजन और पचरा जैसे पारंपरिक कार्यक्रम हो रहे थे। शुक्रवार को भी रिश्तेदारों और बरातियों को उम्मीद थी कि पुलिस सुरक्षा में शादी संपन्न हो जाएगी, लेकिन दूल्हे के पिता ने शादी कराने से साफ इनकार कर दिया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आजाद के परिवार की बढ़ाई गई सुरक्षा
जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा बादशाही बाजार के समीप एक मई को गोली मारकर दूल्हे की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में नामजद तीन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी शुक्रवार को घटना के आठवें दिन तक नहीं हो सकी। उधर, परिजनों का आक्रोश भी बढ़ रहा है। परिजनों को किसी की तरफ से कोई छति न पहुंचायी जा सके इसके लिए परिवार की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी मृत आजाद बिंद के घर के आसपास पुलिस तैनात की गई है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कुल पांच जिलों में पुलिस ने दबिश दी है।
एक मई की रात लगभग नौ बजे बरात लेकर जाते समय खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा बादशाही मोड़ के पास 22 वर्षीय दूल्हे आजाद बिंद की गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी गई थी। आजाद के पिता रामलखन की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।। घटना के बाद से गांव में तनाव है। एहतियातन पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है। मुख्य आरोपियों पर इनाम घोषित करने के साथ ही एसआइटी की टीम लगातार दबिश दे रही है। अब तक हत्यारोपितों के 12 सहयोगी व संरक्षण दाताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सरायख्वाजा थानाध्यक्ष अमरेंद्र पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी की तैनाती की गई है। घरवालों से मुलाकात कर जानकारी ली जा रही है। पुलिस की दबिश जारी है




साइन इन