यूपी के 74 जिलों में एक हजार से अधिक सेंटर पर होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा, CCTV से रखी जाएगी नजर
UP Home Guard recruitment: यूपी के 74 जिलों में एक हजार से अधिक सेंटर पर होमगार्ड भर्ती परीक्षा होगी। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे और कंट्रोल रूमों के माध्यम से अभ्यर्थियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
UP Home Guard recruitment: यूपी पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड श्रावस्ती को छोड़कर 74 जिलों में होमगार्ड जवानों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा कराएगा। भर्ती बोर्ड ने एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं, जहां कड़े सुरक्षा घेरे में 25, 26 व 27 अप्रैल को दो-दो पालियों में परीक्षा होगी। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे और कंट्रोल रूमों के माध्यम से अभ्यर्थियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
होमगार्ड जवानों के 41,424 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 25.32 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। रिक्तियों के अनुरूप महिला व पुरुष होमगार्ड जवानों की भर्ती जिलवार होगी। इसके लिए भर्ती जिलावार परीक्षा परिणाम घोषित करेगा। यह पहला मौका है जब सिपाही भर्ती की तर्ज पर होमगार्ड जवानों की भर्ती के लिए भी लिखित परीक्षा कराई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों की तरह होमगार्ड जवानों का प्रशिक्षण भी उच्च स्तरीय कराने का निर्देश दिया है।
श्रावस्ती के अभ्यर्थियों की परीक्षा पड़ोस के जिले में कराई जाएगी
शासन ने होमगार्ड भर्ती के लिए उप्र राज्य होमगार्ड्स एनरोलमेंट मार्गदर्शिका भी जारी की थी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की मेरिट के अनुरूप शारीरिक मानक परीक्षा व अभिलेखों की जांच तथा दौड़ होगी। भर्ती बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के सुरक्षा प्रबंधों को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक अधिकारी के अनुसार श्रावस्ती में केवल एक ही परीक्षा केंद्र था। लिहाजा श्रावस्ती के अभ्यर्थियों की परीक्षा पड़ोस के जिले के परीक्षा केंद्र में कराई जाएगी।
लखनऊ-कानपुर समेत इन जिलों में सर्वाधिक अभ्यर्थी
कानपुर नगर में होमगार्ड स्वयंसेवकों के सर्वाधिक 1947, लखनऊ में 1371, आगरा में 1232, प्रयागराज में 1219 हरदोई में 1072 व वाराणसी 1004 पद रिक्त हैं। इन जिलों में सर्वाधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इन जिलों में 30 से अधिक परीक्षा केंद्र होंगे। जबकि भदोही में सबसे कम 43 पद रिक्त हैं।
100 नंबर का होगा पेपर, 20 अंक लाना अनिवार्य
- होमगार्ड भर्ती के लिए हाईस्कूल के पाठ्यक्रम स्तर के सवाल पूछे जाएंगे।
-परीक्षा में सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
- बहुविकल्पीय उत्तर आधारित होगा प्रश्नपत्र
-100 अंकों का होगा प्रश्नपत्र, चयन के लिए 20 अंक लाना होगा अनिवार्य




साइन इन