गोरखपुर में मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण जल्द, सीएम योगी ने अफसरों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश के साथ ही गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश के साथ ही गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने दो तिहाई से अधिक भौतिक प्रगति वाली विकास परियोजनाओं में और तेजी लाते हुए उन्हें मानसून के पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
योगी ने ये निर्देश बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में पुलिस-प्रशासन के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने ये भी संकेत दिए कि वह अपने अगले दौरे पर घंटाघर के बंधु सिंह पार्क में बने मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण और पांडेयहाता क्षेत्र में प्रस्तावित कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन सभी प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हर परियोजना निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इसमें किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यह व्यावहारिक रूप से समझना होगा कि बारिश का मौसम शुरू होने पर खुले में होने वाला निर्माण कार्य प्रभावित होता है इसलिए विकास की जितनी भी परियोजनाओं पर काम चल रहा है, उनसे संबंधित अधिकाधिक निर्माण कार्य बरसात से पहले पूरे कर लिए जाएं।
बारिश में जलभराव न होने पाए
सीएम योगी ने कहा कि अभी बारिश का मौसम शुरू होने में समय है। ऐसे में मानसून से यह सुनिश्चित करना होगा कि बारिश में कहीं भी जलभराव न होने पाए। जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए पिछले कुछ वर्षों में अच्छा काम हुआ है, इसे लगातार उत्कृष्टता की ओर ले जाने की आवश्यकता है। समय रहते सभी नालों की सफाई का काम पूरा करने का निर्देश देने के साथ योगी ने कहा कि जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए गोड़धोइया नाला परियोजना को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
पटरी व्यवसायियों के व्यवस्थित पुनर्वास के निर्देश
मुख्यमंत्री ने विरासत गलियारा के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान घंटाघर स्थित बंधु सिंह पार्क में बने मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और पांडेयहाता में प्रस्तावित कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की कार्ययोजना के बारे में पूछा। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर पर लोकार्पण और शिलान्यास की पूरी तैयारी रखें। सीएम योगी ने पटरी कारोबारियों के व्यवस्थित पुनर्वास के लिए निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पटरी व्यापारियों को वेंडिंग जोन में सम्मानजनक जगह और पूरी सहूलियत दी जाए।




साइन इन