UP Former Additional Commissioner caught in vigilance probe, found earning 1700 times more than his income, FIR यूपी में विजिलेंस जांच में फंसे पूर्व अपर आयुक्त, आय से 1700 गुना अधिक मिली कमाई, FIR, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में विजिलेंस जांच में फंसे पूर्व अपर आयुक्त, आय से 1700 गुना अधिक मिली कमाई, FIR

यूपी में विजिलेंस जांच में पूर्व अपर आयुक्त केशवलाल फंस गए हैं। उनकी आय से 1700 गुना अधिक कमाई सामने आई है। उनकी कुल 25 करोड़ रुपये की संपत्तियों का पता चला है।

Thu, 9 April 2026 11:35 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी में विजिलेंस जांच में फंसे पूर्व अपर आयुक्त, आय से 1700 गुना अधिक मिली कमाई, FIR

UP News: उत्तर प्रदेश में पूर्व अपर आयुक्त केशवलाल सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की जांच में फंस गए हैं। विजिलेंस जांच में वाणिज्य कर विभाग, कानपुर के तत्कालीन अपर आयुक्त केशवलाल (अब सेवानिवृत्त) की उनकी आय से 1700 गुना अधिक कमाई सामने आई है। उनकी कुल 25 करोड़ रुपये की संपत्तियों का पता चला है। इनमें लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद व प्रयागराज स्थित मकान व भूखंड भी शामिल हैं। शासन की अनुमति पर विजिलेंस कानपुर सेक्टर में आरोपी पूर्व अपर आयुक्त केशवलाल के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है।

शासन ने सितंबर 2023 में विजिलेंस को आरोपी केशवलाल के विरुद्ध खुली जांच सौंपी थी। जांच के लिए निर्धारित अवधि में आरोपी की कुल आय एक करोड़ रुपये थी और इसी अवधि में संपत्तियों के अर्जन-भरण पोषण में किया गया खर्च 18.27 करोड़ रुपये पाया गया। एफआईआर के अनुसार आय से अधिक संपत्ति को लेकर वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। विजिलेंस के अनुसार वर्ष 2017 में आयकर विभाग ने आरोपी के कानपुर व नोएडा समेत अन्य ठिकानों पर छापेमारी की थी। छापेमारी में 11 करोड़ रुपये नकद, लगभग 3.5 करोड़ रुपये के जेवर व संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ज्ञानेश से बहस के बाद बंगाल से लौटे अनुराग, अब यूपी में लटकी कार्रवाई की तलवार
ये भी पढ़ें:इस ब्लॉक के बीडीओ पर तगड़ा ऐक्शन, डिप्टी सीएम केशव के निर्देश पर कार्रवाई
ये भी पढ़ें:यूपी में IPS के बाद अब 35 पीपीएस अफसरों के भी ट्रांसफर, ऐक्शन में योगी सरकार

देवरिया के बरहज की पूर्व अध्यक्ष रेनू जायसवाल के घर पहुंची विजिलेंस टीम

वहीं सतर्कता विभाग लखनऊ की टीम गुरुवार को नगर पालिका गौरा बरहज की पूर्व अध्यक्ष रेनू जायसवाल के घर पहुंची। टीम ने नपा और रजिस्ट्री कार्यालय में भी अभिलेखों का अवलोकन किया। रेनू जायसवाल 2001 से 2006 तक नगर पालिका गौरा बरहज की अध्यक्ष रही। 2002 में इनके खिलाफ प्रदेश के विभिन्न शहरों में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत की गई थी। शिकायत की जांच के सिलसिले में लखनऊ मुख्यालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी कमलेश यादव के नेतृत्व में विजिलेंस टीम गुरुवार को दोपहर में बरहज स्थित उनके आवास पर पहुंची। रेनू जायसवाल के घर पर न होने से जांच आगे नहीं बढ़ सकी। वहां से निकलने के बाद विजलेंस टीम के सदस्यों ने रजिस्ट्री कार्यालय में उनकी भूत संपत्ति से जुड़े अभिलेखों को खंगाला। टीम नगर पालिका कार्यालय में भी जांच करने गई। शाम तक टीम नगर में जमी रही। जांच को लेकर नगरपालिका में अफरा-तफरी मची रही। वर्तमान में रेनू जायसवाल की बहू बरहज की चेयरपर्सन हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।