ईद को लेकर यूपी में सुरक्षा सख्त! ड्रोन से निगरानी करेगा कंट्रोल रूम, ये काम किया तो जाएंगे जेल
ईद की नमाज को लेकर यूपी के शहरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को यूपी की राजधानी लखनऊ में टीले वाली मस्जिद, इमामबाड़ा आसिफी मस्जिद, ऐशबाग ईदगाह, संवेदनशील स्थलों की ड्रोन से निगरानी की जाएगी।

ईद की नमाज को लेकर यूपी के शहरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को यूपी की राजधानी लखनऊ में टीले वाली मस्जिद, इमामबाड़ा आसिफी मस्जिद, ऐशबाग ईदगाह, संवेदनशील स्थलों की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। अन्य सभी शहरों के भी प्रमुख नमाज स्थलों को जाने वाले मार्गों और आसपास सीसी कैमरे लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी। अर्धसैनिक बल समेत दो हजार से अधिक पुलिस कर्मी सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि लखनऊ में ईद की नमाज 94 ईदगाह और 1200 से अधिक मस्जिदों में पढ़ी जाएगी। इसको लेकर शहर को पांच जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है। इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे। उपायुक्त पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने पश्चिम क्षेत्र के संवेदनशील और नमाज स्थलों पर चेकिंग की। गलियों में अर्धसैनिक बल के साथ रूट मार्च किया, पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर, एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल, इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बाजार, मेट्रो स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया।
भड़काऊ पोस्ट डालने वाले जाएंगे जेल
सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जा रही है। लखनऊ पुलिस उपायुक्त पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि ईद के पर्व पर सोशल मीडिया प्लेट फार्म इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर कड़ी निगरानी की जाएगी। भड़काऊ पोस्ट डालकर माहौल बिगाड़ने की किसी ने कोशिश की तो सख्त कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा जाएगा। सोशल मीडिया पर निगरानी करने के लिए आठ टीमें गठित की गई हैं। तीन शिफ्ट में सक्रिय रहेंगी।
मुख्यमंत्री ने ईद की शुभकामनाएं दीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-फित्र के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईद-उल-फ़ित्र का त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का सन्देश लेकर आता है। खुशियों का यह त्योहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही,भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। ईद पर सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दी पर्व की बधाई
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी को ईद उल फितर की बधाई दी है और उनके सुख-समृद्धि की कामना की है। उन्होंने कहा कि ईद उल फितर का त्योहार मेल-मिलाप, खुशियां बांटने और सौहार्द का प्रतीक है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ईद के इस पावन पर्व पर हमें सामाजिक सद्भाव एवं एकता की मिसाल कायम करनी चाहिए। एक दूसरे को गले लगाना चाहिए ताकि सौहार्द बना रहे।




साइन इन