UP Weather: यूपी में बेमौसम बारिश-बिजली से दस की मौत, तीन दिन में 12 डिग्री पारा गिरा
शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ से प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश ने कहर बरपाया। हवा के साथ तेज बारिश ने तापमान गिराया। वहीं, आकाशीय बिजली की चपेट में आने और दीवार गिरने से अलग-अलग स्थानों पर दस लोगों की मौत हो गई जबकि कई गंभीर रूप से झुलस गए।

शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ से प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश ने कहर बरपाया। हवा के साथ तेज बारिश ने तापमान गिराया। वहीं, आकाशीय बिजली की चपेट में आने और दीवार गिरने से अलग-अलग स्थानों पर दस लोगों की मौत हो गई जबकि कई गंभीर रूप से झुलस गए। मुरादाबाद मंडल के अमरोहा में दो मौतें हुईं हैं। गजाना-बागड़पुर गांव में खेत में काम कर रहे चार मजदूरों पर बिजली गिरी। इसमें दो की मौत हो गई। मिर्जापुर,जौनपुर में एक-एक किसान की मौत हुई है।
प्रयागराज में भी बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई। झांसी में इंडो-गल्फ फैक्टरी पर बिजली गिरने से भीषण धमाका हुआ जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। एसएसपी ने बताया कि आसपास के मकानों में दरारें आ गईं। खिड़कियों से शीशे टूटकर दूर जा गिरे। बलरामपुर में आकाशीय बिजली से युवक की जान चली गई। बहराइच में खेत में काम कर रहे युवक और श्रावस्ती में बिजली गिरने से अधेड़ की मौत हो गई। सुलतानपुर में तीन झुलस गए।
25 तक सुधार के बाद 26 से फिर लौटेगा बारिश का दौर
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, विक्षोभ कमजोर पड़ने से 21 से 25 मार्च तक उत्तर-पश्चिम में मौसम सुधरेगा। 26 से 28 मार्च तक फिर बारिश-बर्फबारी होगी। देश में कई हिस्सों में आंधी-तूफान की संभावना है।
आज भी सक्रिय रहेंगे बादल बूंदाबांदी की भी संभावना
यूपी के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार को नौ से 10 बजे के बीच इलाकों में घने बादल छाए और बारिश हुई। बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी होती रही। ज्यादातर इलाके में हो रही बारिश के चलते हवा में नमी की मात्रा भी बढ़ी है। अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार शनिवार को भी बादलों की सक्रियता रहेगी। इस दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है।
गिरा पारा
इस बार आया पश्चिमी विक्षोभ काफी ताकतवर रहा। इसकी ट्रफ लाइन ही दो हजार किलोमीटर से ज्यादा लम्बी रही। ऐसे में यूपी में इसका असर सुबह दिखा जब अचानक घने बादलों की वजह से अंधेरा छा गया। तेज हवा के साथ बारिश का सिलसिला चला। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगह तो जलभराव हो गया। पेड़ और खंभे गिरने से बिजली गुल हो गई। वहीं बारिश के कारण पारा गिरने से घरों के पंखे कूलर बंद कराने पड़े।
सुबह हल्के बादल जरूर थे लेकिन बीच-बीच में धूप भी आ जा रही थी। पौने नौ बजे के आसपास आसमान में बादल गहराने लगे। इसके कुछ देर बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। रोशनी इतनी कम हो गई कि सड़कों पर वाहनों की लाइटें जलाने की नौबत आ गई। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। शहर के कुछ इलाकों में जाम की स्थिति भी बन गई। मौसम विभाग के अनुसार शाम साढ़े पांच बजे तक 18 मिमी वर्षा दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 10.3 डिग्री नीचे आ गया। वहीं, न्यूनतम20.3 डिग्री सेल्सियस रहा।




साइन इन