सिरफिरे प्रेमी ने चाकू से गोदकर युवती को उतारा मौत के घाट, खुद पर भी किए कई वार
यूपी के बिजनौर की कांशीराम कॉलोनी में मंगलवार शाम सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। शादीशुदा प्रेमी ने घर में घुसकर प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और खुद को भी कमरे में बंद कर लहूलुहान कर लिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

यूपी के बिजनौर की कांशीराम कॉलोनी में मंगलवार शाम सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। शादीशुदा प्रेमी ने घर में घुसकर प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और खुद को भी कमरे में बंद कर लहूलुहान कर लिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। मामला दो पक्षों से जुड़ा होने के कारण तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते अपनी पत्नी और बच्चों को भी छोड़ रखा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार शाम कांशीराम कॉलोनी, रामलीला के ब्लॉक स्थित फ्लैट में 18 वर्षीय कशिश पुत्री जाकिर अकेली थी। उसके परिजन छोटी बेटी को लेने के लिए अंबाला गए हुए थे। इसी दौरान गांव गोकुलपुर निवासी राहुल शाम करीब चार बजे कशिश के फ्लैट में घुस आया। किसी बात पर दोनों में कहासुनी हुई और राहुल ने कशिश पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल कशिश की चीख सुनकर कॉलोनी के लोग मौके पर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी ने खुद को फ्लैट के अंदर बंद कर लिया और धारदार हथियार से खुद को भी लहूलुहान कर लिया। सूचना पर सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल रामप्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी और कशिश को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कशिश को मृत घोषित कर दिया। राहुल के पास से धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। एसपी बिजनौर, अभिषेक झा ने कहा कि आरोपी का कहना है कि वह युवती के साथ चार साल से लिव-इन में था। युवक शादीशुदा है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लहूलुहान हालत में मिली कशिश, आरोपी ने खुद को भी कर लिया था घायल
कांशीराम कॉलोनी में हुई कशिश की हत्या ने पूरी कॉलोनी के लोगों को झकझोर कर रख दिया। आसपास के लोगों का कहना था कि राहुल ने कशिश पर धारदार हथियार से कई वार किए और खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। चीख पुकार सुनकर जब मौके पर लोग पहुंचे और दरवाजा खोला तो राहुल लहूलुहान कशिश को गले लगाए खड़ा था। कशिश के मामा उसे तुरंत ई रिक्शा में जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने कशिश को मृत घोषित कर दिया। लोगों ने बताया कि फ्लैट में हर तरफ खून ही खून बिखरा था। कशिश मौके पर दम तोड़ चुकी थी।
दिल दहला देने वाली यह वारदात ऐसे समय में हुई, जब परिवार छोटी बेटी के निकाह की तैयारियों में जुटा था। जून में उसकी शादी तय थी और उसी की खरीदारी के लिए परिजन अंबाला गए हुए थे। परिजनों के मुताबिक कशिश तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और इसी साल उसने इंटर की परीक्षा पास की थी। कशिश से छोटी बहन का रिश्ता कालोनी में ही तय किया गया है। जून में बकरा ईद के बाद उसका निकाह तय है। कशिश के पिता दिल्ली में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। छोटी बेटी अपनी मौसी के घर अंबाला गई हुई थी। मां, पुत्र को लेकर शादी की खरीदारी करने और छोटी बेटी को लेने अंबाला गई हुई थी। मंगलवार को कशिश फ्लैट पर अकेली थी। राहुल को इसका पता था। इसी दौरान आरोपी राहुल घर में घुसा और कशिश पर चाकू से हमला कर दिया। कशिश की मौके पर ही मौत हो गई।
शादी का दबाव बना रहा था राहुल
परिजनों के अनुसार राहुल काफी समय से कशिश पर शादी का दबाव बना रहा था। वह पहले भी कशिश को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। राहुल परिवार को धमकी देता था।
हमले के बाद खुद पर भी किया वार
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी राहुल ने खुद को भी चाकू मारकर जान देने की कोशिश की। उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ब्याज पर पैसे देने का करता है काम
आरोपी राहुल ब्याज पर पैसा देने का काम करता है। कालोनी में काफी लोगों को उसने ब्याज पर पैसा दे रखा है।
‘क्राइम ऑफ पैशन’ है यह घटना : डा. नितिन
मेडिकल अस्पताल के मानसिक रोग विशेषज्ञ डा. नितिन कुमार के मुताबिक जब कोई सामान्य व्यक्ति हिंसा या हत्या करता है तो वह वार कर या गोली मारकर हत्या कर चला जाता है, लेकिन कथित प्यार, कंट्रोल, जलन आदि भावों से जब हिंसा की जाती है तो इसे हम ‘क्राइम ऑफ पैशन’ कहते हैं। कई बार चाकुओं से वार करना इसी श्रेणी में आता है। अक्सर ब्रेकअप के मामलों में या कंट्रोल खत्म होता दिखता है तो कंट्रोल वापिस करने की कोशिशों में ऐसी हिंसक घटनाएं सामने आती हैं।
पॉक्सो में जेल जा चुका है आरोपी
राहुल 12 सितंबर 2024 को कशिश की मां शाहिन ने आरोपी राहुल के खिलाफ नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शहर कोतवाली पुलिस ने 19 अक्टूबर को पॉक्सो एक्ट में राहुल को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। दिसंबर में राहुल जेल से जमानत पर छूटकर आया था। उधर, कॉलोनी में सन्नाटा पसरा हुआ है। तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात है।
दो बच्चों का पिता है राहुल
आरोपी आरोपी राहुल दो बच्चों का पिता है। एक बेटा इसका खुद का और दूसरा इसके भाई का है। इसके बावजूद वह युवती पर शादी का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर कई वर्षों से विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
भाई की मौत के बाद भाभी से की थी शादी
कांशीराम कॉलोनी रामलीला में युवती कशिश की हत्या के मामले में आरोपी राहुल को लेकर नए तथ्य सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार राहुल की शादी उसके बड़े भाई की मौत के बाद अपनी ही भाभी से हुई थी। परिवार की जिम्मेदारी संभालने के चलते यह विवाह हुआ था। राहुल अपने परिवार में छह भाइयों में तीसरे नंबर पर है।
इन घटनाओं ने भी जिले को दहलाया
19 अप्रैल 2026 (नहटौर/मीमला मुस्तफाबाद): एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक फैजान ने निकाह से इनकार पर युवती के घर में घुसकर उस पर चाकू से 6 बार हमला किया। आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
अप्रैल 2025 (कोतवाली देहात/करौंदा चौधर): एकतरफा प्यार में शिवान त्यागी नामक युवक ने अपनी प्रेमिका (निशु शर्मा) की शादी दूसरी जगह तय होने से नाराज होकर, उसे दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।
10 मई 2025 (धामपुर): प्रेमी शिवम ने रुचिका नामक युवती की शादी से इनकार करने पर गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। बाद में पुलिस ने आरोपी और उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया।
फरवरी 2023 (बिजनौर): प्रेमी वसीम ने प्रेमिका के चेहरे पर ब्लेड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।




साइन इन