UP News Live: योगी सरकार ने बढ़ाया सीएम आवास योजना का दायरा, इन कर्मचारियों को मिलेगा सातवें वेतनमान का लाभ UP News Live Weather Crime Politics CM Yogi Adityanath Varanasi Akhilesh Yadav Latest Updates 22 April - uttar-pradesh news
More
Hindi Newsउत्तर प्रदेशUP News Live: योगी सरकार ने बढ़ाया सीएम आवास योजना का दायरा, इन कर्मचारियों को मिलेगा सातवें वेतनमान का लाभ

UP News Live: योगी सरकार ने बढ़ाया सीएम आवास योजना का दायरा, इन कर्मचारियों को मिलेगा सातवें वेतनमान का लाभ

UP News Live: यूपी में योगी आदित्यनाथ सरकार ने फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री आवास योजना का दायरा बढ़ा दिया है। अब अन्य जातियां को शामिल किया गया है। महिला आरक्षण पर घमासान के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीमा राजभर को समाजवादी महिला सभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है।

UP News Live: योगी सरकार ने बढ़ाया सीएम आवास योजना का दायरा, इन कर्मचारियों को मिलेगा सातवें वेतनमान का लाभ

Uttar Pradesh chief minister Yogi Adityanath (HT photo)

Srishti Kunj| लाइव हिन्दुस्तान,लखनऊ | Wed, 22 Apr 2026 10:55 PM
हमें फॉलो करें

UP News Live: योगी सरकार ने मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का दायरा बढ़ाते हुए भोटिया, जौनसारी और गोंड समेत सभी शेष अनुसूचित जनजातियों को पक्के घर देने का फैसला किया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसका ऐलान किया है। वहीं दूसरी ओर सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश बीज निगम विभाग कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का तोहफा देने का फैसला किया है। निगम की इस सुदृढ़ वित्तीय स्थिति और कर्मियों के समर्पण को देखते हुए ही सातवें वेतनमान की फाइल को स्वीकृति प्रदान की गई है।

22 Apr 2026, 10:55:29 PM IST

अग्निवीर पर दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज

बिजनौर केअफजलगढ़ क्षेत्र के गांव शेरगढ़ निवासी अग्निवीर पर एक युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

युवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती गांव शेरगढ़ निवासी अग्निवीर हिमांशु कुमार उर्फ विकास से हुई थी। 29 जनवरी को हिमांशु ने युवती को वीडियो कॉल कर दिल्ली बुलाया लेकिन वह नहीं गई। इसके बाद तीन फरवरी को हिमांशु अफजलगढ़ आया और वहां रेस्टोरेंट में कुछ देर रुकने के बाद युवती को कार से कालागढ़ ले गया। आरोप है कि मंदिर जाने के बहाने सुनसान जगह पर हिमांशु ने युवती को कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई।

आरोप है कि हिमांशु ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो भी खींचे और शिकायत करने पर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि आठ फरवरी को आरोपी उसे जसपुर ले गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी बार बार शादी की बात कहकर टाल देता। जब उसने, आरोपी से शादी की जिद की तो उसने शादी से इनकार कर दिया। बुधवार को एसपी अभिषेक झा के आदेश पर पुलिस ने अग्निवीर हिमांशु के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की।

22 Apr 2026, 10:54:50 PM IST

कांग्रेस-सपा की मानसिकता महिला विरोधी : केशव

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि कांग्रेस और सपा परिवारवादी दल हैं और इनकी मानसिकता महिला विरोधी है। बुधवार को प्रयागराज के दो दिनी दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा, कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके ने अच्छे काम में बाधा डालने का काम किया है और अक्सर ये दल ऐसा ही करते हैं। महिला आरक्षण विधेयक बिल पास न होने पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्ष ने इस बिल पर बैरियर का काम किया है। राहुल गांधी के घर में दो महिलाएं हैं एक उनकी मां व बहन दोनों सांसद हैं।

22 Apr 2026, 10:54:19 PM IST

मेरठ में प्रेमिका के परिजनों ने पीटा तो युवक ने किया सुसाइड

हापुड़ के युवक ने प्रेमिका के परिजनों द्वारा बंधक बनाकर मारपीट करने और बेइज्जत करने के कारण जहर खाकर जान दे दी। युवक यहां खरखौदा के धीरखेड़ा इलाके में एक ढाबे पर काम करता था। मृतक ने मरने से पहले एक वीडियो बनाया और प्रेमिका के परिजनों पर आरोप लगाया। बताया कि उसकी प्रेमिका को भी बंधक बनाकर रखा गया है और जान को खतरा है। पुलिस ने वीडियो कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।

22 Apr 2026, 09:14:18 PM IST

धधक उठा हनुमान धारा का जंगल, जान बचाकर भागे जानवर

चित्रकूट के देवांगना घाटी की सीमा से सटा हनुमान धारा का जंगल मंगलवार रात अचानक धधक उठा। बुधवार सुबह आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखी गईं। दिनभर वनकर्मी लाठी-डंडों के सहारे आग को बुझाते रहे।

गर्मी शुरू होते ही चित्रकूट के जंगल आग की चपेट में आने लगे हैं। यूपी और एमपी के जंगल आपस में मिले होने के चलते इनका क्षेत्रफल काफी बड़ा है। अधिकांश इलाका पहाड़ी होने से दमकल विभाग की गाड़ियां यहां नहीं पहुंच पाती हैं। इस कारण आग को तत्काल काबू करना काफी दिक्कतों भरा रहता है। ऐसी स्थिति में वन विभाग के कर्मचारी लाठी-डंडों के सहारे आग को काबू में करते हैं। पिछले हफ्ते मानिकपुर के जंगलों में भड़की आग ने करीब पांच सौ से अधिक पेड़ों को नुकसान पहुंचाया था। मंगलवार रात यूपी की देवांगना घाटी सीमा से जुड़े एमपी के देवांगना पहाड़ के जंगल में आग भड़क उठी। यहां पर देवांगना से हनुमान धारा का पूरा जंगल जुड़ा हुआ है। रात में तेज हवा के साथ आग धीरे-धीरे फैलती चली गई। बुधवार तड़के ग्रामीणों ने आग की लपटें देखी तो वनकर्मियों को सूचना दी। एमपी के वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और लाठी-डंडों के सहारे आग बुझाना शुरू किया।

22 Apr 2026, 07:50:49 PM IST

यूपी का 12वां व भारत का 99वां रामसर स्थल घोषित हुई शेखा झील

अलीगढ़ के लोगों के लिए अच्छी खबर है। जलाली-पनैठी रोड स्थित शेखा झील पक्षी अभयारण्य को रामसर स्थल घोषित किया गया है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसकी घोषणा करते हुए अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है कि शेखा झील मध्य एशियाई फ्लाईवे पर एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह सर्दियों में प्रवासी पक्षियों के लिए महत्वपूर्ण आवास है। इनमें बार-हेडेड गूज, पेंटेड स्टॉर्क और विभिन्न बतखें शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के पारिस्थितिकी तंत्र बहाली मिशन का नेतृत्व कर रहे हैं। भारत आर्द्रभूमि और पक्षियों सहित जानवरों के प्राकृतिक आवास के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

22 Apr 2026, 05:47:13 PM IST

यूपी के इन कर्मचारियों को मिलेगा सातवें वेतनमान का लाभ

सीएम योगी ने यूपी बीज निगम कार्मिकों को बड़ा तोहफा दिया है। यूपी सरकार ने इन कर्मचारियों को सातवें वेतनमान दिए जाने का निर्णय लिया है। एक निगम होने के कारण अभी तक इन कर्मियों को सरकारी विभागों की तरह वेतन का यह लाभ प्राप्त नहीं हो सका था। मुख्यमंत्री के इस फैसले से निगम के कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

यूपी के इन कर्मचारियों को मिलेगा सातवें वेतनमान का लाभ, सीएम योगी का बड़ा तोहफा

22 Apr 2026, 04:56:08 PM IST

विवाह समारोह में रोटी बनाते समय वायरल हुआ आपत्तिजनक वीडियो

यूपी के हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मुक्तेश्वर में एक गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें तंदूर पर रोटी बनाते समय एक युवक द्वारा आपत्तिजनक कृत्य किए जाने का दावा किया जा रहा है। इस वीडियो को लेकर आसपास के क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। हालांकि लाइव हिंदुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

विवाह समारोह में रोटी बनाते समय वायरल हुआ आपत्तिजनक वीडियो

22 Apr 2026, 02:05:35 PM IST

भाजपा ने जलाया विपक्षी पार्टियों का पुतला

श्रावस्ती के भिनगा में महिलाओं द्वारा संसद में महिलाओं को 33% आरक्षण के मुद्दे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। महिलाओं ने इंडियन नेशनल कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी द्वारा इस आरक्षण का विरोध किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने राहुल गाँधी और अखिलेश यादव सहित विपक्षी नेताओं के खिलाफ उग्र विरोध जताते हुए उनका पुतला दहन किया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने नरेंद्र मोदी के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु उठाया गया यह कदम ऐतिहासिक है और वे इसके समर्थन में पूरी मजबूती के साथ खड़ी हैं।

22 Apr 2026, 02:02:28 PM IST

69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, विधानभवन के सामने धरने पर बैठे; पुलिस से झड़प

अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों और सुप्रीम कोर्ट में कमजोर पैरवी के कारण उन्हें वर्षों से नियुक्ति नहीं मिल पा रही। अभ्यर्थियों ने लखनऊ विधान भवन पर धरना प्रदर्शन के दौरान ‘योगी जी हमें न्याय दो’, के नारे लगाए। बाद में पुलिस ने उन्हें जबरन बस में बिठाकर इको गार्डन भेज दिया।

पूरी खबर यहां पढ़ें: 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, विधानभवन के सामने धरने पर बैठे; पुलिस से झड़प

22 Apr 2026, 01:40:34 PM IST

विकलांग पति को मारने वाली पत्नी को प्रेमी संग उम्रकैद, 6 साल के बेटे ने खोला राज

यूपी के हापुड़ में बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छपकौली में 2024 में हुए इमरान हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार सिंह (प्रथम) ने मंगलवार को निर्णय सुनाया है। न्यायाधीश ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को हत्या करने का दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

पूरी खबर यहां पढ़ें: विकलांग पति को मारने वाली पत्नी को प्रेमी संग उम्रकैद, 6 साल के बेटे ने खोला राज

22 Apr 2026, 01:16:22 PM IST

पारस पट्टी मे मगंलवार की रात चार घरों में लाखों की चोरी।

मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के पारसपट्टी गाँव में चोरों ने मंगलवार की रात सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के भाई सहित 4 घरों को निशाना बनाया। चोर छत के रास्ते घरों में घुसे और बंद कमरों के ताले तोड़कर उसमें रखे बॉक्स, अलमारी आदि तोड़कर 1.63 लाख रुपए नगदी के अलावा करीब 15 लाख से अधिक के जेवरात उड़ा दिए।

जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात करीब 1 बजे चोरों ने गांव निवासी फिरोज उर्फ कल्लू के घर में घुसे और बरामदे वाले कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखे बॉक्स, अलमारी आदि के ताले तोड़ दिए। इसके बाद चोरों ने सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. राम सहाय यादव के भाई भरतलाल यादव के घर में छत के रास्ते घुसे और चोरी की। इसके बाद बगल के रामसुंदर यादव के घर को निशाना बनाया। चोरों ने सबसे ज्यादा नुकसान रामसुंदर यादव के बगल स्थित संदीप यादव का किया। नीचे और ऊपरी मंजिल के दो-दो कमरों का ताला काट कर उसमें रखे बॉक्स, अलमारी व अटैचियों के ताले तोड़कर लाखों का सामान उड़ा दिया।

22 Apr 2026, 01:00:50 PM IST

रेल ट्रैक पर बाइक दौड़ाते युवक का वीडियो वायरल

देवरिया में रेल ट्रैक पर बाइक दौड़ाते युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बैकग्राउंड में भोजपुरी गाना बच रहा है। वीडियो नोनापार रेलवे स्टेशन के पास का बताया जा रहा है। हालांकि, हिन्दुस्तान वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो में एक युवक रेलवे पटरी पर बाइक दौड़ाते हुए नजर आ रहा है। युवक खुद को “माफिया” बताते हुए यह रील सोशल मीडिया पर शेयर करता दिख रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो नोनापार रेलवे स्टेशन के पास का है, जहां युवक ने रेलवे ट्रैक पर ही बाइक चलाकर वीडियो बनाया। “हाईकोर्ट में यार हमार थाना पे पर्चा कट जाई” गाने के साथ जारी यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

22 Apr 2026, 12:44:52 PM IST

सड़क हादसे में महिला की दर्दनाक मौत

श्रावस्ती गिलौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा गिलौला के रहने वाली लक्ष्मी प्रसाद पटवा की पत्नी गीता देवी उम्र 50 वर्ष अपने घर के बाहर सड़क पर खड़ी थी। मंगलवार रात 9:00 बजे के आसपास गिलौला निवासी रजत उर्फ सूरज पुत्र शिव कुमार बहराइच की तरफ से गिलौला कस्बे मैं खूंटेहना चौराहा की तरफ तेज रफ्तार से जा रहा था। गीता देवी अपने घर के बाहर सड़क पर खड़ी थी अनियंत्रित बाइक ने जोरदार टक्कर मार दिया और मौके पर ही गीता लड़खड़ा कर गिर गई। उनके दो हाथ पैर टूट गए बाइक सवार भी चोटिल हो गया स्थानीय लोगों ने तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला में भर्ती करवाया। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्ट ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान गीता देवी की मौत हो गई।

22 Apr 2026, 12:28:39 PM IST

स्कूल बस की टक्कर से 4 वर्षीय मासूम की मौत, चालक फरार; पुरानी रंजिश की आशंका से गांव में तनाव

अमेठी में कोतवाली क्षेत्र के पूरे काजिम अली गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मोहम्मद उजैद (4)पुत्र मोहम्मद जमाल स्कूल जाने के लिए सड़क पर बस का इंतजार कर रहा था, तभी करपिया गांव स्थित एक पब्लिक स्कूल की बस ने उसे टक्कर मार दी।

गंभीर रूप से घायल उजैद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बस चालक मोहम्मद फैजान पुत्र मोहम्मद नौशाद मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। गांव वालों के मुताबिक चालक और मृतक के परिवार के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिससे घटना को लेकर संदेह और आक्रोश बढ़ गया।

22 Apr 2026, 12:14:01 PM IST

ट्रक से कुचलकर महिला की मौत, सड़क पर लगा जाम

बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव के पास बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में ट्रकसे कुचलकर महिला की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान मार्ग पर आधा घंटा जाम लगा रहा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।

अतरौरा गांव के पास बुधवार की सुबह ट्रक से कुचल कर सावित्री (45) पत्नी सहजराम गौतम निवासी ग्राम रसूलपुर किदवई की मौत हो गई। हादसे में उनके पति को चोट लगी है। सावित्री पति के साथ तिवारीगंज लखनऊ स्थित एक मेडिकल कॉलेज में काम के लिए जा रहीं थीं। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जा में ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

22 Apr 2026, 12:00:18 PM IST

अज्ञात कारणों से लगी आग में 12 घर जलकर राख हो गया

बलरामपुर में स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत भंगहा कला के मजरा भचकहिया में मंगलवार को देर शाम को अज्ञात कारणों से अब्दुल कलाम के घर में आग लग गई। देखते ही देखते तेज हवा के साथ गांव के चारों तरफ आग फैल गई। जिसकी की सूचना ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड और 112 नंबर पुलिस को टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम वा ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद देर शाम तक आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक 12 घर जलकर राख हो गए। जिसमें अब्दुल कलाम का पानी मशीन पूरा राशन जल गया, सालिक गौतम का 31000 रूपये व घर का सारा सामान जेवर जल कर राख हो गया।

22 Apr 2026, 11:45:18 AM IST

बुग्गी के नीचे दबकर श्रमिक की मौत, कोहराम

बाराबंकी में नगर के मौलवीगंज वार्ड निवासी एक किशोर की ईंट ढोने वाली बुग्गी के नीचे दब कर मौत हो गई।

कसगर शकील अहमद का पुत्र सुहैल (14) इसरौली स्थित एक भट्ठे पर बुग्गी से ईंट ढोने का काम करता था। बुधवार सुबह वह ईंट लेकर जाने की तैयारी रहा था। तभी अचानक बुग्गी में बंधी घोड़ी तेज रफ्तार से आगे बढ़ गई। उसके साथ दौड़ा सुहैल अचानक बुग्गी के नीचे आ गया।

घोड़ी समेत बुग्गी उसके ऊपर निकलती चली गई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सुहैल को अन्य मजदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। श्रमिक की मौत से परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।

22 Apr 2026, 11:32:24 AM IST

फंदे से लटक कर युवक ने की आत्महत्या

बाराबंकी में थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक युवक ने अपने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही घर के बाहर भीड़ जुट गई।

सतरिख थाने के जाटा बरौली गांव निवासी धर्मेंद्र (40) पुत्र राधेलाल ने अपने घर में पंखे के कुंडे से लटक कर जान दे दी। देर रात करीब 10 बजे मृतक का छोटा भाई विजय उसे खाना खाने के लिए बुलाने गया। तभी उसने धर्मेंद्र का शव पंखे से लटका हुआ देखा तो वह हतप्रभ रह गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र परिवार से अलग रहता था। उसकी पत्नी करीब दो माह पहले अपने मायके कोठी थाना अंतर्गत रामदीन पुरवा गांव चली गई थी। जिसके बाद वह घर में अकेला रह रहा था। वहीं उसका छोटा भाई विजय अपनी मां के साथ गांव में ही अलग मकान में रहता है।

22 Apr 2026, 11:20:45 AM IST

विवाहिता को घर से भगाया मुकदमा दर्ज

बाराबंकी में थाना क्षेत्र मसौली में दहेज उत्पीड़न के मामले में ससुराल पक्ष पर नवविवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकालने का आरोप है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रोशन चक निवासी राजेन्द्र पुत्र बदलू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी राखी की शादी 8 मार्च 2026 को थाना सतरिख क्षेत्र के मुन्नकीपुरवा निवासी राम सूरज पुत्र रामकिशोर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दामाद राम सूरज द्वारा सोने की चैन और एक लाख रुपये की लगातार मांग की जा रही थी।

पीड़ित पिता का कहना है कि 6 अप्रैल 2026 को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों सास, ननद, ससुर रामकिशोर और बहनोई ने मिलकर उनकी बेटी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर घर से बाहर निकाल दिया।

22 Apr 2026, 11:12:53 AM IST

नवागत जिलाधिकारी ने लोधेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा अर्चना

बाराबंकी में नवागत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन के दौरान उनके साथ एसडीएम आनंद तिवारी भी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में चल रहे कारीडोर निर्माण एवं व्यवस्थाओं की जानकारी एसडीएम से ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम प्रधान राजन तिवारी ने जिलाधिकारी को लोधेश्वर महादेव की तस्वीर भेंट कर उनका स्वागत किया।

मंदिर के पुजारी आदित्य जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। जिलाधिकारी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर सतीश कुमार, अखिल नाथ व स्थानीय श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।

22 Apr 2026, 11:00:02 AM IST

डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

अमेठी में गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत निमंत्रण में गए युवक की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू की है।

गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के मेदन मवई गांव निवासी 46 वर्षीय संतोष ओझा बीते मंगलवार की शाम माधवपुर गांव में आयोजित तिलक समारोह में निमंत्रण गए थे। रात लगभग 10:30 बजे जैसे ही वह निमंत्रण से निकलकर मुंशीगंज गौरीगंज रोड पर पहुंचे, तभी गौरीगंज की तरफ आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दिया। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वही डंपर चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।

22 Apr 2026, 10:41:03 AM IST

महिला आरक्षण पर घमासान के बीच अखिलेश का एक तीर से दो निशाना, सीमा राजभर के जरिए किसे संदेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीमा राजभर को समाजवादी महिला सभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त कर एक बड़ा राजनीतिक दांव चला है। अखिलेश ने इससे एक तीर से दो निशाना लगाने की कोशिश की है। प्रमुख जिम्मेदारी पीडीए के हाथों में सौंपी है और ओम प्रकाश राजभर के वोट बैंक में सेंधमारी की भी कोशिश की है।

पूरी खबर यहां पढ़ें: महिला आरक्षण पर घमासान के बीच अखिलेश का एक तीर से दो निशाना, सीमा राजभर के जरिए किसे संदेश

22 Apr 2026, 10:35:00 AM IST

एक माह पहले हुई लूट का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

श्रावस्ती थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र अंतर्गत सर्राफा व्यापारी के साथ लूट की घटना हुई थी।जिसमें व्यापारी ने बताया गया था कि उसकी गाड़ी रोक कर किसी धारदार हथियार से किसी तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके सिर पर वार किया गया था और वह बेहोश हो गया था जिस कारण उसके साथ लूट की घटना कारित की गई थी।

इसी क्रम में थाना कोतवाली भिनगा पुलिस टीम, एस ओ जी व सर्विलांस टीम द्वारा लागातर उन अभियुक्तों की पहचान व गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा था। मंगलवार की रात को जानकारी मिली कि घटना से संबंधित अभियुक्त की अंटा तिराहे के पास आवा-जाही देखी गई है । इस पर पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया गया और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से अभियुक्त ने फायर कर दिया। जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त के पैर में गोली लगी।

22 Apr 2026, 10:34:08 AM IST

मुख्यमंत्री आवास योजना का दायरा बढ़ा, इन जातियां को किया गया शामिल, योगी सरकार का फैसला

योगी सरकार ने मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का दायरा बढ़ाते हुए भोटिया, जौनसारी और गोंड समेत सभी शेष अनुसूचित जनजातियों को पक्के घर देने का फैसला किया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसका ऐलान किया है।

पूरी खबर यहां पढ़ें: मुख्यमंत्री आवास योजना का दायरा बढ़ा, इन जातियां को किया गया शामिल, योगी सरकार का फैसला

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।