भाजपा नेता के पिता की निर्मम हत्या, मुंह में कागज ठूंसकर आंखें भी फोड़ीं, फूटा लोगों का आक्रोश
अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल मंत्री के पिता और पेट्रोल पंप संचालक नरोत्तम राजपूत की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने नरोत्तम का गला रेतने के साथ ही उनके मुंह में कागज ठूंस दिया और आंखें भी फोड़ डालीं।

UP News: यूपी के अलीगढ़ में क्वार्सी थाना क्षेत्र के गांव चिल्कौरा नगरिया में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल मंत्री के पिता व पेट्रोल पंप संचालक की निर्मम तरीके से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने संचालक के मुंह में कागज भरकर आंखें तक फोड़ डाली। हत्या के बाद शव को निर्माणाधीन मकान में छोड़कर भाग गए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घर पर बुल्डोजर चलाने की मांग करते हुए करीब दो घंटे तक शव नहीं उठने दिया। पुलिस अधिकारियों ने बमुश्किल समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लिया। मामले में मुख्य आरोपी के दो भाइयों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार धौर्रा निवासी पंकज राजपूत भाजपा युवा मोर्चा महानगर के क्वार्सी मंडल मंत्री हैं। उनके पिता नरोत्तम (55) पुत्र स्व.भरत सिंह पंप संचालक थे। सिटी एनर्जी के नाम से उनका पेट्रोल पंप है। कौड़ियागंज में तीन ईंट भट्टे भी हैं। परिवार में बेटा पंकज और बेटी पिंकी,चांदनी हैं। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब दस बजे नरोत्तम अपनी पत्नी पूनम के साथ पशुओं के लिए खेत पर बरसीम काट रहे थे।
इसी बीच पड़ोसी परिचित आरोपी कन्हैया वहां पहुंच गया। कहा कि अपनी स्कूटी से चिल्कौरा तक छोड़ दो। निर्माणाधीन मकान पर पहुंचते ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच बाद विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी कन्हैया ने अपने साथियों की मदद से चाकू से गला रेतकर नरोत्तम की निर्मम हत्या कर दी। मुंह में कागज ठूंसते हुए आंखें तक फोड़ दी।
उधर दोपहर तक नरोत्तम के घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। शाम को आरोपियों से पूछा तो वह संतोष जनक जवाब नहीं दे सका। शक होने पर पत्नी व अन्य परिजनों ने निर्माणाधीन मकान का ताला खुलवाया तो खून से लथपथ शव कमरे में पड़ा हुआ था। यह देख परिजनों ने होश उड़ गए। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में खलबली मच गई। एसएसपी समेत पांच थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया।
आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर पर बुल्डोजर चलाने की मांग करते हुए शव नहीं उठाने दिया। घंटों हंगामा चलता रहा। पुलिस कर्मियों ने आनन-फानन में मुख्य आरोपी के दो भाइयों को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर परिजनों ने शव को उठाने दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी तक घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
एसएसपी नीरज जादौन के अनुसार क्वार्सी क्षेत्र के गांव चिलकौरा में निर्माणाधीन मकान में एक व्यक्ति का शव मिला है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। परिजनों से वार्ता की गई है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। मुख्यारोपी कन्हैया फरार है, जो मृतक का पूर्व से परिचित है। उसके दो भाइयों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।




साइन इन