सीएचसी से गंभीर मरीज को रेफर करते ही हटाई ऑक्सीजन, एंबुलेंस के इंतजार करते हुए जान गई
यूपी के बस्ती जिले के सीएचसी भानपुर में गुरुवार रात एक बुजुर्ग की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है मरीज की हालत गंभीर थी। लेकिन उन्हें रेफर किया गया था। अस्पताल में ऑक्सीजन हटाने से मरीज की मौत हुई है। शुक्रवार को मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

यूपी के बस्ती जिले के सीएचसी भानपुर में गुरुवार रात एक बुजुर्ग की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है मरीज की हालत गंभीर थी। लेकिन उन्हें रेफर किया गया था। अस्पताल में ऑक्सीजन हटाने से मरीज की मौत हुई है। शुक्रवार को मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। डीएम कृत्तिका ज्योत्सना ने सीएमओ से जवाब तलब किया है। सीएमओ का कहना है कि घटना की जांच कराई जाएगी। मामले में मृतक के परिवार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। साथ ही सीएचसी के स्टाफ से भी बात की जा रही है।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार सोनहा थानाक्षेत्र के जमोहना गांव निवासी 70 वर्षीय सीताराम पुत्र रामअधारे को लेकर उनके बेटे धर्मेंद्र गुरुवार की रात में करीब 11 बजे सीएचसी भानपुर पहुंचे थे। धर्मेंद्र का कहना है कि कोई चिकित्सक ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। एक स्टाफ ने मरीज को ऑक्सीजन फेस मास्क लगा दिया। उससे राहत मिली लेकिन थोड़ी देर बाद कर्मी ने ऑक्सीजन हटा दी और जिला अस्पताल रेफर करते हुए पिता से बाहर बैठने को कहा। इसके थोड़ी देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। इस पर उन्होंने स्टाफ से कहा कि जब तक एंबुलेंस नहीं आ जाती है, ऑक्सीजन लगा दें, लेकिन उसने कहा कि ऑक्सीजन समाप्त हो गई है। जब उनकी सांसें उखड़ने लगीं तो कर्मचारी ऑक्सीजन लगाने लगा लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए।
शुक्रवार सुबह इसकी शिकायत करने के लिए परिजन और ग्रामीण सीएचसी पर पहुंचे। आरोप है कि सीएचसी अधीक्षक ने कुछ सुने बिना ही पुलिस बुला ली। थानाध्यक्ष महेश सिंह पहुंचे और ग्रामीणों को वहां से हटा दिया। उन लोगों से कहा कि जो शिकायत करना है सीएमओ से करो। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सचिन का कहना है कि इलाज किया गया था। मरीज की मौत हो गई तो क्या किया जा सकता है। वहीं, सीएमओ डॉ. राजीव निगम का कहना है जांच कराई जाएगी।
वहीं, मृतक के परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर देखते हुए इलाज करवाने के लिए रेफर कर दिया गया था। रेफर करते ही उनको लगाई ऑक्सीजन हटा दी गई थी। परिवार ने कई बार कहा कि ऑक्सीजन लगा दी जाए लेकिन एंबुलेंस के इंतजार में बिना ऑक्सीजन के उनकी मौत ही हो गई। वहीं, अस्पताल इस मामले में अब जांच की बात कह रहा है। परिजनों ने मामले में शिकायत कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन