अयोध्या रामनवमी: रामलला का साज-श्रृंगार पूरा, महाआरती और सूर्य किरण से अभिषेक 12 बजे
रामनवमी का पावन पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर मध्याह्न ठीक 12 बजे अखिल ब्रह्माण्ड नायक के अवतरण की भावना के अनुरूप प्राकट्य की महाआरती उतारी जाएगी। इस पर्व पर आराध्य की झलक पाने के लिए लाखों देश-देशांतर से यहां पहुंच चुके हैं।

“सुर समूह बिनती करि पहुंचे निज निज धाम, जगनिवास प्रभु प्रगटे अखिल लोक बिश्राम..” श्रीराम चरित मानस में गोस्वामी तुलसीदास की भावना के अनुरूप नौमी तिथि मधु मास पुनीता.. के पावन पर्व पर अखिल कोटि ब्रह्माण्ड नायक का प्राकट्य होगा। त्रिभुवन के स्वामी के अवतरण बेला में चहुंओर वातावरण भक्तिमय है और जयघोष की प्रतिध्वनि रह-रह गुंजायमान हो रही है। हर्षोल्लास के इस वातावरण में शुक्रवार को मध्याह्न ठीक 12 बजे भगवान के अवतरण की बेला में उनकी महाआरती की जाएगी। 12 बजे सूर्य की किरण से उनका अभिषेक होगा।
पीताम्बरी में आज सुसज्जित रामलला
रामनवमी का पावन पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर मध्याह्न ठीक 12 बजे अखिल ब्रह्माण्ड नायक के अवतरण की भावना के अनुरूप प्राकट्य की महाआरती उतारी जाएगी। इस पर्व पर आराध्य की झलक पाने के लिए लाखों देश-देशांतर से यहां पहुंच चुके हैं। इस बीच राम मंदिर में रामलला के नवीन डिजाइनर परिधान मंगाए गए हैं। हालांकि रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से उनके परिधानों को डिजाइन कर सिलाई कराने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग के एम्बेसडर नियुक्त ड्रेस डिजाइनर मनीष त्रिपाठी संभाल रहे हैं। उनकी ओर से प्राकट्योत्सव के लिए रेशम के धागों से पारम्परिक हस्तशिल्प की कढ़ाई के साथ निर्मित खादी वस्त्रों की जरीदार पीताम्बरी यहां भेजी गयी है। रामलला इन्हीं नवीन परिधानों में सुसज्जित होकर भक्तों को दर्शन देंगे।
सुगंधित फूलों से होगा राम मंदिर का शृंगार
चैत्र रामनवमी मेला के उपलक्ष्य में यहां पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के कारण अयोध्या राम मंदिर में साज-सज्जाका काम देर रात में किया जाएगा। यहां लगातार हो रही भीड़ का आलम यह है कि पुलिस प्रशासन ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से अतिरिक्त समय में दर्शन कराने का निर्देश दिया है। रात्रि में राम मंदिर का विविध प्रकार के सुगंधित फूलों से श्रृंगार के साथ गर्भगृह में भी फूल बंगले का निर्माण किया जाएगा। उधर प्रतिदिन चल रही बधाई गान के क्रम में शुक्रवार के लिए विशिष्ट कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इन्हीं में पद्मश्री मालिनी अवस्थी व अन्य गायक शामिल हैं।
पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे से भगवान के अभिषेक का सजीव प्रसारण देख सकेंगे श्रद्धालु
प्राकट्योत्सव के लिए राम मंदिर में विराजित रामलला के लिए नये स्वर्णाभूषणों को भी मुम्बई के एक श्रद्धालु की ओर से भेजा गया है। यह वही श्रद्धालु हैं जिन्होंने राम मंदिर के शिखर को स्वर्ण मंडित कराया है। बताया गया कि रामनवमी के पर्व पर पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे से बालक राम के श्रीविग्रह का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा।




साइन इन