अयोध्या राम मंदिर में आज से रागोत्सव शुरू, एक घंटा ज्यादा होंगे रामलला के दर्शन
अयोध्या राम मंदिर में वर्ष प्रतिपदा से बालीवुड संगीतकार रामलला के समक्ष रागोत्सव के अन्तर्गत अपनी साधना का समर्पण करेंगे। हालांकि अधिकांश संगीतकार इन दिनों विदेशों में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गये।

अयोध्या राम मंदिर में वर्ष प्रतिपदा से बालीवुड संगीतकार रामलला के समक्ष रागोत्सव के अन्तर्गत अपनी साधना का समर्पण करेंगे। हालांकि अधिकांश संगीतकार इन दिनों विदेशों में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गये। फिलहाल जो कलाकार व संगीतज्ञ सुलभ है, उन्हें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से यहां आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मौजूदगी में आधा दर्जन कलाकारों के द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।
दर्शन अवधि में आज से एक घंटे की वृद्धि
वर्ष प्रतिपदा से शुरू हो रहे हिंदी नववर्ष एवं चैत्र रामनवमी मेला में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखकर रामलला के दर्शन अवधि में सुबह-शाम की दोनों पालियों को मिला कर एक घंटे की वृद्धि कर दी गई है, जो कि गुरुवार की सुबह से प्रभावी हो जाएगी। मंदिर निर्माण प्रभारी व ट्रस्ट के आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने बताया कि रामलला की नियमित समय-सारणी में हुए बदलाव के अनुसार सुबह चार बजे मंगला आरती होगी। पुनः पट बंद हो जाएगा। इसके उपरांत भगवान का अभिषेक -पूजन कर श्रृंगार होगा।
श्रीराम यन्त्र पूजन की पूर्णाहुति
बारह मार्च से चल रहे श्रीराम यन्त्र पूजन के सातवें दिन बुधवार को गतपत्यादि आवाह्नित देवताओं का पूजन, श्रीराम यन्त्रार्चन, प्रायश्चित आहुति एवं पूर्णाहुति दी गई। वर्ष प्रतिपदा पर गुरुवार को राष्ट्रपति राम जन्मभूमि मन्दिर के द्वितीय तल के गर्भगृह में श्रीराम यन्त्र का स्थापना पूजन करेंगी। पहले दिन बारह मार्च को प्रथम बेला में प्रायश्चित पूजन,दसविधि स्नान एवं जलयात्रा,द्वितीय बेला में पंचांग पूजन तथा मण्डप प्रवेश हुआ। तेरह मार्च को वास्तु पूजन, अग्निस्थापन, मण्डप पूजन, नवग्रहादि मण्डपस्थ देवताओं का पूजन एवं श्रीराम यन्त्र पूजन हुआ।
द्वितीय बेला में पुरुषसूक्त एवं श्री सूक्त से यज्ञाहुतियां उत्तर पूजन एवं आरती हुई। इसके बाद के दिनों में आह्वानित देवताओं का पूजन, श्रीराम यन्त्रार्चन,पुरुष एवं श्री सूक्त से यज्ञाहुतियां एवं उत्तर पूजन का क्रम चलता रहा। आज प्रायश्चित आहुति व पूर्णाहुति दी गई।
राष्ट्रपति मुर्मु आज अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगी
वासंतिक नवरात्र के साथ गुरुवार से शुरू होने वाले हिंदी नववर्ष के प्रथम दिन भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आगमन राम मंदिर में हो रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को अयोध्या के दौरे पर हैं। मुर्मु श्री राममंदिर के दूसरे तल पर श्रीराम यंत्र की स्थापना करेंगी। मुर्मु ही अनुष्ठानों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। राष्ट्रपति महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर गुरुवार की सुबह सेना के विमान से पहुंचेंगी। पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक लगभग 4 घंटे राष्ट्रपति अयोध्या में रहेंगी।




साइन इन