UP Weather: आंधी-बारिश से बदले मौसम में गिरा तापमान, 19 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
पश्चिमी यूपी में गुरुवार और पूर्वी यूपी में शुक्रवार-शनिवार को बारिश के साथ ही ओलावृष्टि की संभावना है। 19 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

अफगानिस्तान-बलूचिस्तान से 2100 किमी लंबा सफर तय कर पश्चिमी विक्षोभ देश के उत्तर पश्चिमी हिस्से में बुधवार को पहुंच गया। इसका प्रभाव अगले 72 घंटों तक देश के विभिन्न हिस्सों में बना रहेगा। पश्चिमी यूपी में गुरुवार और पूर्वी यूपी में शुक्रवार-शनिवार को बारिश के साथ ही ओलावृष्टि की संभावना है। 19 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
रात में आंधी-बारिश से पलटा मौसम, पारा गिरा
यूपी के कई जिलों में बुधवार रात मौसम अचानक पलट गया। रात करीब नौ बजे तेज रफ्तार हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। होर्डिंग्स, बैनर उड़ गए। सड़क पर कूड़ा-करकट जमा हो गया। लोग जहां के तहां ठहर गए। करीब आधा घंटे तक हवाओं के पांच तेज झटके आए। बदले मौसम से करीब पांच डिग्री पारा गिरा। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने बुधवार देर रात से बदलाव की शुरुआत के आसार जताए थे। यह सच साबित हो गए। पूरे यूपी में तेज हवाएं चलीं। अंधड़ के दौरान बाजार जल्द खाली हो गए। कुछ ही मिनटों में सड़कों पर वाहनों की तादाद कम हो गई। करीब आधा घंटे तक हवाओं के बाद हल्की बारिश देखी गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक भी यही मिजाज रहने वाला है। गुरुवार और शुक्रवार को तेज रफ्तार हवाएं चलेंगी। इनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की हो सकती है। यानि तूफानी रफ्तार हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है। आकाशीय बिजली गरजने और गिरने की आशंका जताई गई है। दो दिनों तक मौसम का मिजाज बेहद खतरनाक रहेगा।
36.2 डिग्री रहा दिन का तापमान
मौसम बदलने की आहट के बीच बुधवार को तापमान में बढ़ोतरी हुई है। आसमान साफ होने से दिन में अधिकतम तापमान मंगलवार की अपेक्षा दो डिग्री बढ़कर 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस कारण दोपहर में अच्छी-खासी गर्मी महसूस की गई। जबकि रात में बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 81 दर्ज किया गया।
गिरेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। बीच-बीच में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।




साइन इन