cm yogi adityanath noida jinx broken 9 years achievements up news कुर्सी आज चली जाए लेकिन..., सीएम योगी ने बताया, कैसे पुराने अपशकुन को उखाड़ फेंका, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

कुर्सी आज चली जाए लेकिन..., सीएम योगी ने बताया, कैसे पुराने अपशकुन को उखाड़ फेंका

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर विपक्ष के 'नोएडा अंधविश्वास' पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कुर्सी जाने के डर से नोएडा नहीं जाते थे, लेकिन हमने उस अपशकुन को उखाड़ फेंका, जिससे आज यूपी मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का हब बना है।

Thu, 19 March 2026 11:17 AMYogesh Yadav लखनऊ, विशेष संवाददाता
share
कुर्सी आज चली जाए लेकिन..., सीएम योगी ने बताया, कैसे पुराने अपशकुन को उखाड़ फेंका

Yogi Adityanath News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग हमारी आस्था को अंधविश्वास बोलते थे, वे नोएडा नहीं जाते थे। उन्हें लगता था नोएडा जाएंगे तो कुर्सी चली जाएगी। मुझे दायित्व मिला तो मैंने कहा कि नोएडा जाएंगे। लोगों ने कहा कि जो मुख्यमंत्री नोएडा जाते हैं, उनकी कुर्सी चली जाती है। मैंने कहा कि कुर्सी आज चली जाए, लेकिन प्रदेश का भला होगा तो नोएडा जाएंगे और विकास पर लगे बैरियर को हटाएंगे। नोएडा, ग्रेटर नोएडा आज देश के विकास में योगदान दे रहे हैं। यदि हम लोग नोएडा नहीं जाते तो देश में 55 फीसदी मोबाइल की मैन्युफेक्चरिंग और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 फीसदी निर्माण यूपी में नहीं हो पाता। नोएडा जाना यूपी के लिए अपशकुन बना दिया गया था, तब के मुख्यमंत्री उसका माध्यम बने थे। हमने कहा कि अपशकुन को उखाड़ फेकेंगे और इसे विकास में बाधा नहीं बनने देंगे।

सीएम योगी प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। पहले जहां त्योहारों के दौरान भय, तनाव, दंगे और कर्फ्यू का माहौल बन जाता था, वहीं अब नवरात्रि और रमजान जैसे महत्वपूर्ण पर्व एक साथ पूरी शालीनता और सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी पंचायत चुनाव की प्रक्रिया अब पकड़ेगी रफ्तार? HC की सख्ती को लेकर क्या उम्मीद

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जल्द ही प्रदेश कैबिनेट वृद्धा पेंशन में बढ़ोतरी करेगी। साथ ही संस्कृत छात्रों के लिए छात्रावास व भोजन की नई योजना शुरू की जाएगी। सरकार ने जातीय व क्षेत्रीय चश्मे से देखकर किसी को लाभ नहीं दिया। लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि अलविदा की नमाज और ईद जैसे अवसर भी पूरी शांति से संपन्न हो रहे हैं और कहीं कोई हलचल या अव्यवस्था देखने को नहीं मिलती। यही बदला उत्तर प्रदेश में हुआ है, जहां लोग निर्भय होकर अपने धार्मिक स्थलों पर जा रहे हैं और सुरक्षा का वास्तविक अहसास कर रहे हैं।

जल्द ही पेंशन में वृद्धि करेगी कैबिनेट

मुख्यमंत्री ने निराश्रित महिला, वृद्ध व दिव्यांगजन पेंशन की भी चर्चा करते हुए बताया कि 1.06 करोड़ से अधिक परिवारों को प्रदेश सरकार 12 हजार रुपये वार्षिक पेंशन उपलब्ध करा रही है। इनके कल्याण के लिए कैबिनेट जल्द ही इसमें वृद्धि का भी निर्णय लेगा। सरकार स्नातक व परास्नातक की मेधावी बेटियों को स्कूटी भी उपलब्ध कराएगी। बेटी की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति का कार्यक्रम भी चल रहा है। सरकार दो करोड़ से अधिक नौजवानों को टैबलेट देगी, इसमें से 50 लाख युवाओं को टैबलेट दिया जा चुका है, शेष को भी जल्द ही उपलब्ध होगा।

पीएम 28 को करेंगे जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री से 28 मार्च को जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण करने का अनुरोध किया है। जेवर एयरपोर्ट से अर्थव्यस्था में ग्रोथ होगी। उप्र सरकार को एक लाख करोड़ रुपये की आय होगी। उन्होंने कहा कि इसी महीने गंगा एक्सप्रेसवे का कार्य पूरा हो जाएगा। जापान, सिंगापुर व जर्मनी के मंत्री व निवेशक कहते हैं कि यूपी में जीरो टॉलरेंस व जीरो करप्शन की नीति है। इसीलिए वे निवेश करने आ रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अखिलेश और सपा की काट के लिए भाजपा का बड़ा दांव, पार्षद मनोनयन में PDA पर ही फोकस

विपक्ष पर मुख्यमंत्री का तीखा प्रहार

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पहले पहचान का संकट था। अब विकास और विश्वास का नया उत्तर प्रदेश सामने है। वर्ष 2017 के पहले प्रदेश में भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अव्यवस्था थी। मुख्यमंत्री ने कहा, 2017 के बाद डबल इंजन सरकार ने राज्य को ‘बॉटलनेक’ स्थिति से निकाल कर ‘ब्रेकथ्रू’ में बदला है। 2017 से पहले युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ होता। जाति और तुष्टिकरण की राजनीति ने प्रदेश को पीछे धकेला दिया था।

संस्कृत पढ़ने वाले बच्चों के लिए लॉजिंग-फूडिंग की नई स्कीम लागू होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गरीब का बच्चा भी वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर से युक्त विद्यालय में पढ़ सकता है। प्रदेश सरकार के प्रयासों से आज ड्रॉप आउट रेट जीरो पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि संस्कृत पढ़ने वाले बच्चों के लिए लाजिंग-फूडिंग की नई स्कीम लागू की जाएगी।

हमने जातीय और क्षेत्रीय चश्मे से प्रदेश को नहीं देखा: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जातीय और क्षेत्रीय चश्मे से प्रदेश को नहीं देखा। प्रदेश में गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन सुविधा का लाभ मिल रहा है। मुसहर, वनटांगिया, थारू, सहरिया, बुक्सा जनजातियों को बिजली, पानी और आवास सुविधाएं दी जा रहीं हैं। दलित, वंचित, गरीब और पिछड़ी जातियों से जुड़े लोगों तक सरकार ने सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। हमने किसी का चेहरा देखकर लाभ नहीं दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व उनकी विजनरी नेतृत्व क्षमता के तहत बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन हुआ है, वह डबल इंजन सरकार की नीतियों, पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, जनप्रतिनिधियों की सेवा भावना और जनता जनार्दन के सहयोग का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को इन नौ वर्षों की उपलब्धियों के लिए हृदय से बधाई देते हुए कहा कि यह परिवर्तन 25 करोड़ प्रदेशवासियों की सामूहिक शक्ति का प्रतीक है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जेवर एयरपोर्ट का इंतजार खत्म, 28 को उद्घाटन करेंगे PM मोदी, सीएम योगी का ऐलान

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में भर्तियां नहीं होती थीं, क्योंकि सरकार की नीयत साफ नहीं थी और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता था। लेकिन पिछले 9 वर्षों में सरकार ने 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं, जिनमें 2 लाख 19 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती शामिल है।

कांग्रेस, सपा-बसपा ने किसान को बनाया कर्जदार

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, सपा-बसपा ने किसानों को कर्जदार बना दिया था। हमारी सरकार ने उसे फिर उत्पादक श्रेणी में खड़ा किया है। सरकार ने पहला निर्णय ही किसानों के लिए लिया था। प्रदेश में कृषि क्षेत्र में यूपी की विकास दर 8.5 से बढ़कर 18 फीसदी पहुंच गई है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।