यूपी एटीएस ने 2 और संदिग्ध आतंकियों को किया गिरफ्तार, 3 के खिलाफ लुकआउट नोटिस
यूपी एटीएस ने 2 और संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया। इनमें मेरठ निवासी जलाल हैदर उर्फ समीर जाफरी व उवैद मलिक शामिल हैं। वहीं तीन संदिग्धों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी की गई है।

UP News: उत्तर प्रदेश में एटीएस व पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। दोनों टीमो ने बिजनौर से दो और संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मेरठ निवासी जलाल हैदर उर्फ समीर जाफरी व उवैद मलिक शामिल हैं। वहीं तीन संदिग्धों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी की गई है।
एटीएस के अनुसार दोनों संदिग्घ आतंकियों की तलाश बिजनौर में आग लगाकर दहशत फैलाने के मामले में की जा रही थी। बिजनौर पुलिस ने मामले में पिछले वर्ष नवंबर में मुकदमा दर्ज किया था। एटीएस ने बीते शुक्रवार को लखनऊ से चार आतंकियों साकिब, अरबाब, लोकेश व विकास को गिरफ्तार किया था। लोकेश, अरबाब व विकास ने पूछताछ में बताया था कि उनका सरगना मेरठ निवासी साकिब है। सरगना साकिब ने पूछताछ में स्वीकार किया था कि वह पिछले वर्ष गुजरात गया था, जहां उसकी मुलाकात जलाल हैदर उर्फ समीर जाफरी से हुई थी। समीर ने उसका संपर्क दुबई में रह रहे आकिब से कराया था। आकिब दुबई में आजाद के साथ रहता है और गाड़ी चलाने का काम करता है।
एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के अनुसार आकिब इंटरनेट मीडिया के जरिए युवाओं का गुमराह कर उन्हें कट्टरपंथ की विचारधारा अपनाने को उकसाता था। उसका एक वीडियो भी मिला है, जिसमें उसने एके-47 जैसी रायफल और हैंड ग्रेनेड हाथ में पकड़ रखा है। आकिब दक्षिण अफ्रीका में रह रहे मैजुल के भी संपर्क में है। मैजुल वहां नाई का काम करता है। एटीएस ने विदेश मंत्रालय से संपर्क कर मैजुल, आकिब व आजाद के विरुद्ध लुक आउट नोटिस जारी कराया है।




साइन इन